आम आदमी पार्टी ने भाजपा द्वारा भगत सिंह की प्रतिमा को लेकर फैलाए जा रहे झूठ का पर्दाफाश कर दिया। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि भाजपा ने पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यालय से शहीद भगत सिंह तश्वीरें हटाकर उनका अपमान किया और अब उनकी प्रतिमा को लेकर झूठ फैला रही है। जब भाजपा एमसीडी में थी, तब मालवीय नगर विधानसभा स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में लगी भगत सिंह की प्रतिमा खंडित कर दी गई। हमने भाजपा से नई मूर्ति लगाने की मांग की, लेकिन उसने नहीं लगाया। एमसीडी में आने के बाद आम आदमी पार्टी ने जनता के साथ मिलकर पिछले साल वहां नई प्रतिमा स्थापित की। लेकिन भाजपा के विधायक सतीश उपाध्याय ने सदन में झूठ बोला कि तीन साल पहले खंडित मूर्ति को भाजपा ने लगवाया। अगर भाजपा केे मन में शहीदों केे प्रति प्रेम होता तो मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यालय से भगत सिंह और बाबा साहब की तश्वीर नहीं हटाती।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर कहा कि पिछले दिनों विधानसभा का सत्र शुरू हुआ। भाजपा ने बाबा साहब डॉ. अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की प्रतिमा को मुख्यमंत्री व मंत्रियों के कार्यालय से हटा दिया। इसे लेकर दिल्ली समेत पूरा देश आहत है। आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे को विधानसभा के अंदर और बाहर पूरजोर तरीके से उठाया और पूरे देश को बताया कि भाजपा के मन में बाबा साहब और शहीद-ए-आजम भगत सिंह को लेकर कैसी गलत भावनाएं हैं। यह चोरी पकड़े जाने के बाद भाजपा को कहीं छिपने की जगह नहीं मिल रही थी। इस देश के अंदर बाबा साहब और शहीद भगत सिंह के अपमान को कोई भी देशवासी सहन नहीं करेगा।
सोमनाथ भारती ने कहा कि भाजपा को इस मुद्दे पर जब कहीं छिपने की जगह नहीं मिल रही थी तो मालवीय नगर से भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने जनता के सामने एक झूठ पेश करने की कोशिश की। दुख तब हुआ, जब उन्होंने विधानसभा पटल का भी इसके लिए दुरुपयोग किया। मालवीय नगर में शहीद भगत सिंह पार्क है। 27 सितंबर 2008 को पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित की गई। यह पार्क एमसीडी के अधीन है। जब एमसीडी में भाजपा की सत्ता थी, तब शहीद भगत सिंह की मूर्ति को बिखंडित की गई। इससे बहुत लोग आहत और परेशान हुए। एमसीडी की भाजपा सरकार से मांग की कि बिखंडित मूर्ति की मरम्मत की जाए या पुनर्स्थापना की जाए, लेकिन हमारे लाख प्रयासों के बावजूद भाजपा शासित नगर निगम ने बिल्कुल ध्यान नहीं दिया।
सोमनाथ भारती ने कहा कि आम आदमी पार्टी जब एमसीडी की सत्ता में आई तो हमने इस पर कार्य शुरू किया। बड़ी लंबी जद्दोजहद के बाद 23 मार्च 2024 को ‘‘आप’’ की सरकार ने पार्क में शहीद भगत सिंह की नई प्रतिमा स्थापित किया। भगत सिंह की नई प्रतिमा के अनावरण के दौरान सतीश उपाध्याय भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यालय से भगत की तश्वीर हटाने के कारण भाजपा का आज पूरे देश में थू-थू हो रहा है। इसके बचाव में भाजपा के विधायक सतीश उपाध्याय ने अपने ट्वीट और सदन में कहा कि भगत सिंह की मूर्ति तीन साल पहले खंडित हुई थी। जबकि इस नई प्रतिमा को लगे अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ है। सतीश उपाध्याय ने गलत बयानी करके जनता को गुमराह करने का प्रयत्न किया। भाजपा के शासनकाल में खंडित हुई शहीद भगत सिंह की मूर्ति को हमने आर्थिक देकर क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर नई शानदार मूर्ति की स्थापना की।
सोमनाथ भारती ने कहा कि भाजपा के मन में देश के शहीदों के लिए प्रेम नहीं है। भाजपा झूठ बोलने की आदि हो गई है। जिस पार्टी की मातृ संस्था राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मुख्यालय पर 50-52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया हो, वह देश के शहीदों को लेकर बात करे तो यह हास्यास्पद है। आम आदमी पार्टी ने बहुत सही तरीके से भाजपा को घेरा है। भाजपा के पास आम आदमी पार्टी के सवालों का जवाब नहीं है कि क्यों उन्होंने बाबा साहब और शहीद भगत सिंह की तश्वीरें हटाई? सतीश उपाध्याय ने जिस प्रकार से सदन में झूठ बोला, उसकी आम आदमी पार्टी कड़ी निंदा करती है। सदन पटल का दुरुपयोग किया गया है। मैं यह बात स्पीकर के संज्ञान में लाउंगा। मैं शहीद भगत सिंह के रास्ते पर चलने के लिए हमेशा उत्साहित रहता हूं। इसी का परिणाम रहा कि हमने पहली बार शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जी की प्रतिमा का अनावरण किया था। ताकि कोई विधायक इस रास्ते से गुजरे तो सदन के अंदर जाने से पहले यह देख पाए कि किन लोगों ने देश के लिए कुर्बानियां दी।
सोमनाथ भारती ने कहा कि भाजपा से पूछना चाहता हूं कि वह भाजपा का एक नाम बताए, जिसने देश के कुर्बानी दी। झूठ बोलकर जनता को गुमराह करना भाजपा को सोभा नहीं देता है। सतीश उपाध्याय जिस वीडियो में बोल रहे हैं, उसके पीछे ही भगत सिंह प्रतिमा लगी है और उसमे मूर्ति के अनावरण की तारीख साफ दिख रही है। भाजपा देश के शहीदों के प्रति तनिक भी प्रेम नहीं रखती और इसी कारण से उन्होंने बाबा साहब और शहीद भगत की तश्वीरें मुख्यमंत्री मंत्रियों के कार्यालय से हटा दी। इस अपराध को छिपाने के लिए अब भाजपा झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रही है। देश के सामने सवाल है कि क्या बाबा साहब से नरेंद्र मोदी बड़े हैं? भाजपा यह नहीं मानती है कि नरेंद्र मोदी से बाबा साहब बड़े हैं। इसलिए उसने बाबा साहब की तश्वीर हटा कर नरेंद्र मोदी की फोटा लगा दी।