िल्ली विधानसभा चुनाव से चंद रोज पहले बुधवार को भाजपा को एक और बड़ा झटका लगा है। राजेंद्र नगर विधानसभा में रहने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता और दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य संजीव अरोड़ा अपनी पूरी टीम के साथ आम आदमी पार्टी पार्टी में शामिल हो गए। वह अरविंद केजरीवाल की काम की राजनीति से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं। पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने पटका और टोपी पहनाकर सभी को सदस्यता दिलाई। इस मौके पर वरिष्ठ नेता और राजेंद्र नगर से प्रत्याशी दुर्गेश पाठक ने संजीव अरोड़ समेत उनकी पूरी टीम का आम आदमी पार्टी परिवार में स्वागत किया।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह और विधायक दुर्गेश पाठक ने पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता की। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य संजीव अरोड़ा अपनी पूरी टीम के साथ भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। संजीव अरोड़ा पिछले 25 वर्षों से भाजपा से जुड़े रहे हैं और इस दौरान उन्होंने वहां अलग-अलग पदों पर रहकर काम किया है। वह भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और मीडिया प्रभारी, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, भाजपा जिला करोल बाग के कोषाध्यक्ष व उपाध्यक्ष और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रहे हैं। संजीव अरोड़ा करीब 30 साल सामाजिक क्षेत्र में जनसेवा के लिए कार्य कर रहे है। अपनी संस्था ‘इंद्रप्रस्थ संजीवनी’ के तहत करीब 50 हजार लोगों की टीम के साथ पूरी दिल्ली में समाज सेवा का काम कर रहे हैं। संजीव अरोड़ा केपीएस गिल फाउंडेशन और नारायण विहार, सोशल वेलफेयर सोसाइटी के भी अध्यक्ष हैं। इसके अलावा यह अनेकों महामंडलेश्वर संतों के आशीर्वाद से गंगा पुत्र की उपाधि से सम्मानित हैं। मैं इनका आम आदमी पार्टी में स्वागत करता हूं।
वहीं, “आप” विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि संजीव अरोड़ा राजेंद्र नगर और करोल बाग के इलाके में अपने एनजीओ के माध्यम से पिछले कई सालों से सक्रीय हैं और लोगों की काफी मदद की है। चाहें उन्हें व्हील चेयर देना हो, कोरोना काल के दौरान खाना और दवाइयां बांटना हो। संजीव अरोड़ा पिछले 30-35 सालों से समाज सेवा के लिए काम कर रहे हैं। समाज में इनका काफी नाम है। मैं आम आदमी पार्टी परिवार में इनका स्वागत करता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि इनके आने से दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की इस मुहिम को और ताकत मिलेगी।
इस दौरान संजीव अरोड़ा ने कहा कि मैं पिछले 25 सालों से भाजपा से जुड़ा हूं, लेकिन आज उसकी वह विचारधारा नहीं रही जो 25 साल पहले थी। इतने वर्षों से पार्टी की सेवा करने के बाद जिस आधार पर टिकट बांटे गए, जिसमें न सिर्फ मुझे, बल्कि मुझसे भी कई वरिष्ठ लोगों को एक तरफ करके ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया गया जो अभी हाल ही में पार्टी से जुड़ा। उस उम्मीदवार के बारे में सभी जानते हैं कि वह रात 8 बजे से अगले दिन दोपहर 12 बजे तक किसी से मिलता नहीं है। किसी का फोन नहीं उठाता है। ऐसे व्यक्ति को भाजपा ने पता नहीं क्या सोचकर टिकट दिया है इससे राजेंद्र नगर का हर कार्यकर्ता आहत है। आज दिल्ली में अरविंद केजरीवाल पंडित दीन दयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलकर पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति के लिए काम कर रहे हैं। वह दिल्ली के झुग्गीवालों के बारे में सोच रहे हैं। उनके लिए भी योजनाएं बना रहे हैं। कुछ दिन पहले तक भाजपा कहती थी कि केजरीवाल रेवड़ी बांट रहे हैं, लेकिन आज भाजपा क्या कर रही है? हमने पुजारियों के लिए प्रकोष्ठ बनाया और उनके लिए कई काम करने की बात कही थी। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने आगे बढ़कर पुजारियों और ग्रंथियों के लिए 18 हजार रुपए की तनख्वाह घोषित की है। मै विश्वास दिलाता हूं कि आम आदमी पार्टी आने वाले समय में फिर सरकार बनाएगी। हम पूरी मजबूती से आम आदमी पार्टी के साथ खड़े हैं।