बाढ़ से जूझ रहे पंजाब के लोगों की सेवा में जुटे आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के प्रति दिखाई जा रही उदासीनता पर पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की और कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार, सीएम भगवंत मान, मंत्री और विधायक बाढ़ पीड़ित पंजाब के लोगों की सेवा में दिन-रात जुटे हैं। लेकिन अफसोस ऐसे बुरे वक्त में भी मोदी सरकार पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। पंजाब भीषण बाढ़ के हालात से जूझ रहा है। इस मुसीबत के वक्त पूरे देश और दुनिया में लंगर चलाने वाले पंजाबी भाई-बहन जोखिम भरे रास्तों से होकर लोगों की मदद के लिए पहुंच रहे हैं। अरविंद केजरीवाल की अपील पर “आप” कार्यकर्ता लोगों की सहायता में लगे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि गुरुवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब आए थे और कह रहे हैं कि रिपोर्ट देंगे। इतने दिनों के बाद भी भाजपा सिर्फ़ रिपोर्ट तैयार कर रही है। जो बाढ़ पूरी दुनिया को दिख रही है, वो मोदी जी को नहीं दिख रही है। मोदी जी रिपोर्ट खूब ले लेना, पहले पंजाब को राहत पैकेज दो।
पंजाब के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा कर संजय सिंह ने कहा कि पूरे रास्ते हर जगह पानी और बाढ़ की स्थिति है। लोग अपने घरों की छतों पर रहने को मजबूर हैं। उनके सामान, मकान, खेती, मवेशियों और पशुओं का नुकसान हुआ है। पंजाब सरकार पूरी तरह से इनकी मदद कर रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान व उनके मंत्री-विधायक और पूरी सरकार दिन-रात काम कर रही है। आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता लोगों की मदद के लिए जुटा हुआ है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अपील पर बाहर से भी हमारे कार्यकर्ता आकर राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
संजय सिंह ने कहा कि पंजाब वो राज्य है, जिसने पूरी दुनिया में लोगों की मदद की है। दुनिया में कहीं भी राष्ट्रीय आपदा आती है, भूकंप हो या अकाल की स्थिति, पंजाब की ओर से लंगर चलता रहा है। आज पंजाब को जरूरत है, तो सभी लोगों को यहां आकर सहयोग करना चाहिए। हमारी मांग है कि मोदी सरकार मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से पंजाब के लिए मांगे गए राहत पैकेज को जल्द से जल्द उपलब्ध कराए।
संजय सिंह ने कहा कि गुरुवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आए थे। उन्होंने दौरा किया और चले गए, लेकिन अभी तक कोई ऐलान नहीं हुआ। देरी करने से कोई फायदा नहीं है। मोदी सरकार को अब पंजाब के लिए राहत पैकेज की घोषणा कर देनी चाहिए।
संजय सिंह ने बार-बार बाढ़ की रिपोर्ट की बात किए जाने को लेकर कहा कि अब इसमें क्या रिपोर्ट देनी है? कितने दिन में देंगे? हमारे विधायक इतने दिनों से यहां डटे हैं। गांव वालों की हालत बहुत बुरी है। लोगों को बहुत तकलीफ हो रही है। आजकल इतनी तकनीक है। हर जगह पंजाब में बाढ़ की खबरें चल रही हैं। क्या ये सब मोदी जी, उनके मंत्रियों या राज्यपाल को दिखाई नहीं दे रहा है? खुली आंखों और तकनीक के इस्तेमाल से सब कुछ साफ दिख रहा है। अब तो बस मदद की घोषणा करनी है।