आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सोमवार को सदर बाजार, उत्तम नगर, विकासपुरी और नजफगढ़ में ताबड़तोड़ रोड शो और जनसभाएं की। इस दौरान उन्होंने जनता से आम आदमी पार्टी के लिए समर्थन मांगा। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता की जी-जान से सेवा की है। दिल्ली की जनता अपने बेटे को इस बार फिर से सीएम बनाएगी। उन्होंने अपील की कि जब आप वोट देने जाएं तो बिजली-पानी के जीरो बिल, अच्छे स्कूल-अस्पताल, मोहल्ला क्लीनिक और महिलाओं की फ्री बस यात्रा को याद करके जाएं। सीएम बनने के बाद अरविंद केजरीवाल महिला सम्मान, संजीवनी योजना लागू करेंगे। ऑटो, टैक्सी, ई-रिक्शा वालों की बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपए देने समेत सभी 15 गारंटियों को पूरा करके दिखाएंगे। केजरीवाल की गारंटी पर पूरी दिल्ली को भरोसा है। इसलिए दिल्लीवाले अपना एक भी वोट बर्बाद नहीं करेंगे।
आम आदमी पार्टी के परिष्ठ नेता संजय सिंह ने सदर बाजार से सोम दत्त, उत्तम नगर से पूजा नरेश बाल्यान, विकासपुरी से महेंद्रयादव और नजफगढ़ विधानसभा से प्रत्याशी तरुण यादव के समर्थन में रोड शो और जनसभा की। सदर बाजार विधानसभा में रोड शो के दौरान संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सोमदत्त इस बार फिर भारी मतों से चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कांग्रेस नेता अजय माकन को भी बुरी तरह से हराया था। इस पूरे इलाके में आम आदमी पार्टी के प्रति सकारात्मक नजरिया है। लोग अरविंद केजरीवाल के कामों से खुश हैं। दिल्ली में प्रचंड बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। हमारी 60 से ज्यादा सीटें आएंगी। हमने जो गारंटियां दी हैं, उन्हें पूरा करेंगे। महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए महिला सम्मान राशि और संजीवनी स्कीम लागू की जाएगी। साथ ही, पहले की जो हमारी योजनाएं हैं, वो भी चालू रहेंगी।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि जब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बन रहे हैं और सरकार आम आदमी पार्टी की बन रही है, तो आप अपना एक भी वोट बर्बाद मत करना। इस देश में एक तानाशाह है, जिसे लगता है कि उसके लाठी-डंडे, मुकदमों और जेल से आम आदमी पार्टी वाले डर जाएंगे। लेकिन हम इनसे डरने वाले नहीं हैं। मोदी जी ने 6 महीने तक मुझे जेल में रखा, लेकिन मैंने कहा कि अगर पूरी जिंदगी भी जेल में रखोगे तब भी तुमसे लड़ता रहूंगा। हम लड़कर इन्हें हराएंगे।
संजय सिंह ने दिल्लीवासियों से कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल ने आप लोगों के लिए काम किया है, जी-जान से आपकी सेवा की है तो 5 फरवरी को झाड़ू का बटन दबाकर उसका कर्ज उतार देना। कच्ची कॉलोनियों में सड़कों की हालत खराब रहती थी, जिसे आम आदमी पार्टी ने ठीक किया। जब वोट करने जाना, तो अपने बच्चों के चेहरे देखकर जाना, जिनके लिए अरविंद केजरीवाल ने अच्छे स्कूल बनवाए। अपने घर का जीरो बिजली का बिल और मोहल्ला क्लीनिक देखकर जाना। याद करके जाना कि महिलाओं के लिए बसों में यात्रा मुफ्त है। यह भी याद करके जाना कि जब फिर अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे, तो माताओं-बहनों के लिए 2100 रुपए की सम्मान राशि योजना लागू करेंगे। यह केजरीवाल की गारंटी है।
संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने गारंटी दी है कि 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना लागू की जाएगी, जिसके तहत बुजुर्गों का सरकारी से लेकर प्राइवेट अस्पताल तक के सारे इलाज का खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। ऑटो, टैक्सी, ई-रिक्शा चालकों की बेटियों की शादी में एक लाख रुपए का शगुन दिया जाएगा। यह हमारी गारंटी है। केजरीवाल जो कहते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं। एक केजरीवाल को रोकने के लिए आज दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव आ गए, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, सारे मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, सारे गुंडे-अपराधी और पैसे वाले आ गए। अब केवल अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को बुलाना बाकी है। ये किसी को भी बुला लें लेकिन इनकी जमानत जब्त होगी। आम आदमी पार्टी की 60 से ज्यादा सीटें आएंगी और अरविंद केजरीवाल फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे।
संजय सिंह ने कहा कि ये लोग हमें जेल में डाल सकते हैं, लेकिन जनता के दिलों से कैसे निकालेंगे? मैंने तो भाजपा का नाम बदलकर भारतीय झूठा पार्टी रख दिया है। मोदी जी ने नौजवानों से हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन आज नौकरी मांगने पर नौजवानों को लाठियां और जेल मिल रही हैं। मोदी जी ने कहा था कि इतना काला धन लाएंगे कि हर व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपए आएंगे, लेकिन किसी के खाते में 15 पैसे भी नहीं आए। हमारी माताओं-बहनों ने मुश्किल समय के लिए जो पैसे बचाए थे, उसे मोदी जी ने नोटबंदी करके कहा कि यही काला धन है और लाइन में लगकर जमा करा दो। वो पैसे भी ले लिए गए।
संजय सिंह ने कहा कि एक तरफ अरविंद केजरीवाल हैं, जो महिलाओं के खाते में हर महीने 2100 रुपए देंगे, और दूसरी तरफ मोदी जी हैं, जो जनता के पैसे लूटते हैं। अब आपको तय करना है कि किसे जिताना है। यह झाड़ू बहुत काम की चीज है। चाहे दुकान, मकान, मोहल्ले की सफाई हो या दिल्ली की सफाई करनी हो, सबके लिए झाड़ू चाहिए। इसी झाड़ू से हमें भाजपा वालों के दिमाग पर सवार भूत को भी उतारना है। झाड़ू का बटन दबाकर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को जिताना है।