दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी ऐतिहासिक हार करीब देखकर भाजपा बौखला गई है और वह अपनी हरियाणा सरकार से डीडी-8 नाले के जरिए अमोनिया युक्त जहरीला पानी यमुना नदी में छुड़वा रही है। सोमवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने यह खुलासा करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इतनी गंदी राजनीति देश ने आज तक नहीं देखी थी। अगर दिल्ली की जनता भाजपा को वोट नहीं दे रही, तो क्या दिल्ली की जनता को ज़हर मिला पानी पिलाकर मार दोगे? हरियाणा से आने वाले पानी में वहां की भाजपा सरकार ज़हर मिलाकर भेज रही है। अगर ये पानी दिल्लीवालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएंगे। मैं दिल्ली की जनता से कहना चाहता हूं कि जब तक केजरीवाल है, दिल्लीवालों को कोई नुकसान नहीं होने दूंगा। भाजपा वालों से अनुरोध है कि इतना भी मत गिरो।
लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता। अपनी गंदी राजनीति के लिए भाजपा दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है। हरियाणा से भाजपा वाले पानी में ज़हर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर ये पानी दिल्ली वालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएंगे। क्या इस से घिनौना काम कोई हो सकता है? जो ज़हर पानी में मिलाकर भेजा जा रहा है, वो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में साफ़ भी नहीं हो सकता। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए कई इलाक़ों में पानी बंद करना पड़ रहा है। हमारी कोशिश है कि लोगों को कम से कम तकलीफ हो। भाजपा वाले दिल्ली वालों का सामूहिक हत्या करना चाहते हैं। हम ये बिल्कुल नहीं होने देंगे।
पानी में इतना जहर है कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में भी उसकी सफाई नहीं हो सकती- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के आने वाले चुनाव में भाजपा ने ऐसी हरकत की है जो शायद दुनिया के इतिहास में कभी नहीं की गई होगी। दिल्ली के लोगों को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पीने का पानी मिलता है। हरियाणा से यमुना के रास्ते पीने का पानी आता है। हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली में यमुना से आने वाले पानी में ज़हर मिलाकर भेज रही है। यह तो भला हो हमारे दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियर्स का कि उन्होंने इसे पकड़ लिया। उन्होंने दिल्ली के बॉर्डर पर ही उस पानी को रोक दिया और उस पानी को दिल्ली के अंदर नहीं आने दिया। अगर वह पानी दिल्ली के अंदर आ जाता और पीने के पानी में मिल जाता, तो दिल्ली के अंदर न जाने कितने लोगों की मौत हो जाती। दिल्ली में एक मास जेनोसाइड (सामूहिक नरसंहार) हो जाता। इस पानी के अंदर उन्होंने ऐसा ज़हर मिलाकर भेजा है कि दिल्ली के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में भी उसकी सफाई नहीं हो सकती है। इसकी वजह से दिल्ली में लगभग एक तिहाई पीने के पानी की कमी हो गई है।
भाजपा चाहती है कि दिल्ली में अफरा-तफरी मच जाए और उसका आरोप ‘‘आप’’ पर आ जाए- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों से कहा कि इस किस्म की राजनीति बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। यह बहुत गंदी राजनीति है। ऐसा दुश्मन देश एक-दूसरे के साथ करते हैं, जैसे जब अमेरिका ने जापान के नागासाकी और हिरोशिमा में न्यूक्लियर बम फेंका था। कहीं दो देशों के युद्ध में बायोलॉजिकल हथियार का इस्तेमाल किया जाता है, तो कहीं दूसरे देश में जाने वाली नदी के पानी में ज़हर मिला दिया जाता है। इस तरह की चीज़ें हमने दो देशों के युद्ध के दौरान देखी हैं। लेकिन आज भाजपा ने दिल्ली आने वाले पानी में ज़हर मिलाकर भेज दिया है ताकि दिल्ली में अफरा-तफरी मच जाए, दिल्ली के लोग मर जाएं और उसका इल्ज़ाम आम आदमी पार्टी पर आ जाए। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि वो इतनी हद तक न गिरे। ऐसा न करें। भाजपा के लोग दिल्लीवालों को पराया समझते होंगे, लेकिन हम दिल्लीवालों को अपना समझते हैं। दिल्ली हमारे परिवार का हिस्सा है।
चुनाव आयोग हस्तक्षेप कर दिल्ली को इतनी बड़ी त्रासदी से तुरंत मुक्ति दिलाए- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली के लोगों को कहना चाहता हूं कि मैं आपके साथ खड़ा हूं। मैं आपके ऊपर किसी भी तरह की अड़चन नहीं आने दूंगा। दिल्ली के लोग निश्चिंत रहें। दिल्ली की सीएम आतिशी और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इस मामले में चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है और उनसे तत्काल मिलने का समय मांगा है। मैं उम्मीद करता हूं कि चुनाव आयोग इसमें तुरंत हस्तक्षेप करेगा और दिल्ली की जनता को इतनी बड़ी त्रासदी से तुरंत मुक्ति दिलाएगा।
भाजपा अपनी ऐतिहासिक हार की बौखलाहट से नीच हरकतों पर उतर आई है- सीएम आतिशी
उधर, आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की सीएम आतिशी ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कहा कि भाजपा दिल्ली का चुनाव बुरी तरह से हार रही है। भाजपा एक ऐतिहासिक हार की तरफ बढ़ रही है। इस बार उसकी हार 2015 और 2020 से भी ज्यादा बदतर होने वाली है। अपनी इस एतिहासिक हार की बौखलाहट से भाजपा कितनी नीच हरकतों पर उतर आई है, यह दिल्ली की जनता को भी पता चलना चाहिए। आतिशी ने कहा कि दिल्ली के लोग जो पानी पीते हैं वो सारा पानी यमुना नदी से आता है। दिल्ली के आठ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में यमुना नदी से पानी आता है। इसमें से वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट है, यमुना नदी का वजीराबाद बैराज में आए पानी से चलते हैं। हरियाणा की भाजपा की सरकार ने दिल्लीवालों की पानी की सप्लाई को डिस्टर्ब करने के लिए हरियाणा से अपनी फैक्ट्रियों का सारा प्रदूषण यमुना नदी में छोड़ना शुरु कर दिया है।
दिल्ली के इन इलाकों में पानी की सप्लाई हो रही प्रभावित
सीएम आतिशी ने कहा कि पिछले 10 दिन से लगातार भाजपा की हरियाणा सरकार डीडी-8 नामक नाले से प्याउ मनिहारी नाम की जगह से अमोनिया वाला प्रदूषित पानी यमुना नदी में छोड़ रही है। इससे यमुना नदी में प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है कि आज दिल्ली के वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पानी का ट्रीटमेंट बंद होने की कगार पर आ गया है। इससे दिल्ली के बड़े हिस्से पर इसका असर पड़ेगा। इससे सिविल लाइंस, हिंदू राव, करोल बाग, पहाड़गंज, झंडेवालान, मोतिया खान, राजेंद्र नगर, पटेल नगर, शादीपुर, वजीरपुर, पंजाबी बाग, जहांगीर पुरी, आदर्श नगर, मॉडल टाउन, शकूर बस्ती, किंग्सवे कैंप, आजादपुर, कालकाजी, बाटला हाउस, सुखदेव विहार और कालिंदी कुंज का क्षेत्र प्रभावित होगा। साथ ही दिल्ली का एनडीएमसी जहां कई देशों को एंबेसी हैं, एमपी के आवास, राष्ट्रपति निवास है। इन इलाकों में भी पानी की सप्लाई बंद होनी की कगार पर है।
समान्य दिनों में वजीराबाद बैराज पर अमोनिया का स्तर 1-2 पीपीएम होता है, जो बढ़कर 7.2 हो गया है- सीएम आतिशी
सीएम आतिशी ने कहा कि सामान्य दिनों में वजीराबाद बैराज पर अमोनिया का स्तर 1 से 2 पीपीएम (प्रति मिलियन भाग) के आस-पास रहता है। लेकिन 14 जनवरी से जैसे ही हम चुनाव के करीब आ रहे हैं, पानी में अमोनिया का स्तर अचानक बढ़ रहा है। 14 जनवरी को अमोनिया का स्तर 3.3 पीपीएम, 18 जनवरी को 4.6 पीपीएम, 22 जनवरी को 5.6, 24 जनवरी को 6.4 पीपीएम, 25 जनवरी को 6.8 पीपीएम, 26 जनवरी को 7.2 पीपीएम और 27 जनवरी को भी यह 7.2 पीपीएम पर बना हुआ है। यह जहरीला पानी है जो भाजपा की हरियाणा सरकार दिल्लीवालों के लिए छोड़ रही है। हिंदू धर्म में पानी पिलाना पुण्य का काम होता है। हिंदू धर्म में किसी का पानी रोकने से बड़ा पाप कोई और नहीं होता है। आज भाजपा चुनाव के हार की बौखलाहट से दिल्लीवालों के पानी रोकने जैसा इतना नीच और गंदा काम कर सकती है, ये हम सोच भी नहीं सकते थे। भाजपा क्या चाहती है? क्या वो दिल्ली के 30 फीसद लोगों को प्यासा मारना चाहती है?
हम घर-घर जाकर दिल्लीवालों को भाजपा की नीच हरकत के बारे में बताएंगे- सीएम आतिशी
सीएम आतिशी ने कहा कि अगर यमुना में जहरीला पानी आएगा, तो दिल्ली के 30 फीसद लोगों को पीने का पानी नहीं मिलेगा। यह वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद हो जाएंगे। दिल्ली के लोग प्यासे मर जाएंगे। उनके पास पीने के लिए, खाना बनाने के लिए या घर चलाने के लिए भी पानी नहीं होगा। अब हार के डर से भाजपा दिल्लीवालों को मारना चाहती है। भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा जो यह नीच हरकत कर रही है और दिल्लीवालों को जहरीला पानी देने की कोशिश कर रही है, हम एक-एक दिल्लीवालों के घर जाकर तुम्हारे इस पाप और नीच हरकत के बारे में बताएंगे। दिल्लीवाले इसका बदला 5 फरवरी को भाजपा से लेकर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि मैंने दिल्ली की मुख्यमंत्री होने के नाते और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव आयोग को यह चिट्ठी लिखी है और उससे आज ही मिलने के लिए समय की मांग की है। इस मामले में चुनाव आयोग का हस्तक्षेप बहुत जरूरी है। क्योंकि जहरीला पानी छोड़कर दिल्लीवालों का पानी रोककर भाजपा चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली के लोग भाजपा से इस नीच हरकत का बदला लेकर रहेंगे- सीएम आतिशी
सीएम आतिशी ने दिल्लीवालों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने हमेशा आपके हक की लड़ाई लड़ी है। चाहे हरियाणा की सरकार जहरीला पानी छोड़ रही हो या पानी रोक रही है। इसके लिए भले ही हमें चुनाव आयोग जाना पड़े, सड़कों पर उतरना पड़े या सुप्रीम कोर्ट जाना पड़े लेकिन हम दिल्लीवालों को उनके हक का पानी दिलवा कर रहेंगे और दिल्ली के लोग भाजपा से उसकी इस नीच हरकत और पाप का बदला लेकर रहेंगे।
दिल्ली के इतिहास में कभी भी यमुना में अमोनिया का स्तर इतना नहीं बढ़ा- सीएम आतिशी
सीएम आतिशी ने कहा कि दिल्ली के इतिहास में कभी भी यमुना में अमोनिया का स्तर इतना नहीं बढ़ा है। सामान्य तौर पर यह 1 से 2 पीपीएम रहता है। दिसंबर के समय में कभी कभी दो चार दिन के लिए यह 3 से 4 पीपीएम तक भी चला जाता है। लेकिन पिछले 15 दिन से अमोनिया का स्तर लगातार बढ़ रहा है और अब 7.2 मिलीग्राम प्रति लीटर अमोनिया आ रहा है। यह पानी नहीं जहर है। हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली के लोगों के लिए जहरीला पानी छोड़ रही है। दिल्ली के इतिहास में कभी इतना अमोनिया यमुना नदी में नहीं आया होगा जो आज भाजपा यमुना नदी में छोड़ रही है।
सीएम आतिशी ने कहा कि चुनाव तक सारी प्रशासनिक शक्ति चुनाव आयोग के पास होती है। पंजाब के मुख्यमंत्री और मैंने आज चुनाव आयोग से अर्जेंट समय मांगा है। चुनाव आयोग के हम मांग करेगे कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इमरजेंसी कदम उठाए और हरियाणा सरकार को इमरजेंसी निर्देश दे। डीडी 8 ड्रेन पर भाजपा की सरकार जो जहरीला पानी छोड़ रही है, चुनाव आयोग उसे तुरंत रोकने का आदेश दे।