आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने जनकपुरी इलाके में सड़क में खोदे गए गड्ढे में गिरकर हुई बाइक सवार की मौत मामले में दिल्ली पुलिस कमिश्नर को तत्काल सस्पेंड करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि युवक की मौत के लिए भाजपा की सरकार और उसकी दिल्ली पुलिस की लापरवाही सबसे बड़ा कारण है। भाजपा की पुलिस पूरी तरह युवक की मौत के लिए दोषी है। लिहाजा सरकार को तत्काल पुलिस कमिश्नर को हटा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के पास युवक की सही लोकेशन थी, अगर लोकेशन परिजनों को दे देती तो उसे मरने से बचाया जा सकता था। लेकिन पुलिस ने भाजपा सरकार को बचाने के लिए मृतक युवक पर ही उसकी मौत का दोष डालने की कोशिश की।
शनिवार को सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली पुलिस और दिल्ली की भाजपा सरकार ने शुक्रवार को पूरी कोशिश की कि 25 साल के कमल ध्यानी, जिसकी गड्ढे में गिरकर मौत हो गई, उसकी मौत का दोष उसी पर डाल दिया जाए। यह दिखाने की कोशिश की गई कि सब जगह बैरिकेडिंग थी और वह खुद ही बाइक समेत गड्ढे में कूद गया। पुलिस ने यह जताने का प्रयास किया कि उन्होंने अपना पूरा काम किया था।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस मामले में कुछ सवाल हैं, जिनका जवाब न तो दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने दिया है और न ही दिल्ली सरकार की ओर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिया है। रात को कमल के घरवाले और मित्र छह अलग-अलग थानों में गए, लेकिन किसी भी थाने ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। अभी तक एसएचओ के ऊपर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पुलिस के पास कमल के फोन की सटीक लोकेशन थी। अगर पुलिस रात को वह लोकेशन दे देती, तो उस लड़के को बचाया जा सकता था, लेकिन पुलिस ने उसे मरने के लिए छोड़ दिया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा से पूछा कि पुलिस ने लोकेशन शेयर की और फिर उसे डिलीट क्यों कर दिया?
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब प्रत्यक्षदर्शी सुबह वहां पहुंचे, तो उन्होंने बताया कि वहां कोई बैरिकेडिंग नहीं थी। लेकिन भाजपा मंत्री आशीष सूद मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर पूरे क्राइम सीन को ड्रेस-अप किया। वहां बाद में बैरिकेड लगा दिए गए ताकि लोगों को बेवकूफ बनाया जा सके कि सुरक्षा के सारे इंतजाम थे, पता नहीं वह लड़का कैसे मर गया?
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने अभी तक सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक नहीं की है। मैं शुक्रवार को उस सड़क पर गया था, वहां कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। दिल्ली पुलिस को उनकी फुटेज जारी करनी चाहिए ताकि पता चल सके कि वह लड़का उस गड्ढे तक कैसे पहुंचा।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस मामले में पूरी तरह से लीपापोती की जा रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की तरफ से मांग की कि पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया जाना चाहिए। यह कार्रवाई केवल उस बच्चे की मौत के लिए नहीं, बल्कि उसके बाद की गई लीपापोती, सीसीटीवी फुटेज न देने, लोकेशन छिपाने और रिपोर्ट दर्ज न करने के लिए की जानी चाहिए