आम आदमी पार्टी ने चार इंजन वाली भाजपा सरकार को एक बार फिर एक्पोज कर दिया। दरअसल, शुक्रवार को सुबह करीब 7 बजे आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कालिंदी कुंज के पास का यमुना के पानी में तैर रहे सफेद झाग का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया और कहा कि अब सरकार के अंदर खलबली मचेगी और झाग खत्म करने के लिए फिर केमिकल का छिड़काव किया जाए। सौरभ भारद्वाज की यह भविष्यवाणी कुछ देर बाद ही सच साबित हुई। भाजपा सरकार ने आनन-फानन में कई नावों को यमुना जी के अंदर उतार दिया और डिफोमिंग एजेंट केमिकल का छिड़काव शुरू कर दिया।
सौरभ भारद्वाज सुबह करीब 11 बजे यमुना में झाग को खत्म करने के लिए कई नावों के जरिए केमिकल का छिड़काव करने का दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया एक्स पर साझा किया और भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को सुबह हमारी झाग वाली यमुना जी की वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा सरकार ने केमिकल छिड़कना शुरू कर दिया। यमुना जी में कई नावों से केमिकल डाला जा रहा है। यह वही केमिकल है, जिसको भाजपा ज़हर कहती थी।
इससे पहले सौरभ भारद्वाज ने कालिंदी कुंज का यमुना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर भाजपा सरकार द्वारा यमुना को साफ कर देने के किए जा रहे दावों की पोल खोली। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को सुबह करीब 7 बजे भी यमुना जी में प्रदूषण और झाग पहले जैसे ही है। उन्होंने भाजपा से कहा कि झूठ और प्रचार के सहारे यमुना जी साफ नहीं होंगी। साथ ही, ये भी कहा कि अब इस वीडियो से खलबली मचेगी और नाव से केमिकल डाला जाएगा, ताकि झाग कम हो जाए। मगर झाग हटाने से यमुना का प्रदूषण नहीं हटेगा। लेकिन सच खुली आंखों से देखा जाता है और खुली आंखों से सिर्फ झाग ही झाग दिख रहा है। उन्होंने सीएम रेखा और भाजपा सरकार के मंत्रियों से अपील की कि वे खुद यमुना का एक लीटर कालिंदी कुंज पर पानी पीकर दिखाएं।