आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार द्वारा यमुना को साफ करने के लिए जा रहे प्रयासों को एक्पोज कर दिया है। “आप” के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने हरियाणा के हथिनी कुंड से निकलने वाली उत्तर प्रदेश की ईस्टर्न कैनाल का एक वीडियो साझा कर भाजपा को आईना दिखाया है। यह कैनाल पूरी तरह सुखी पड़ी है, क्योंकि भाजपा की दिल्ली और हरियाणा सरकार ने दिल्ली में छठ महापर्व के दौरान यमुना का पानी साफ रखने के लिए यूपी कैनाल का पूरा पानी रोक कर यमुना में डायवर्ट कर दिया है। ताकि यमुना के प्रदूषण की नाराजगी का खमियाजा बिहार चुनाव में न भुगतना पड़े।
सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि भाजपा का झूठ पकड़ा गया। भाजपा ने छठ पर यमुना के प्रदूषण को कम करने के लिए यूपी कैनाल का पानी बंद करा दिया है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने हथिनी कुंड से यूपी के किसानों का सारा पानी डायवर्ट कर यमुना में डाल दिया। छठ पर्व को लेकर भाजपा की सरकारें इतना डर गई हैं कि कैसे भी सिर्फ 3 से 4 दिन छठ के समय तक यमुना के प्रदूषण को कम करना चाहती हैं। ईस्टर्न कैनाल का पानी रोकने से समझा जा सकता है कि भाजपा की सरकारें झूठे प्रचार के लिए कहां तक जा सकती हैं?
सौरभ भारद्वाज का कहना है कि भाजपा ने पिछले 10-11 साल से पूर्वांचलियों के साथ बेईमानी की। भाजपा इतनी निम्न स्तर की राजनीति करती है कि कोई सोच भी नहीं सकता। पिछले कई वर्षों तक भाजपा ने एक षड्यंत्र के तहत पूर्वांचलियों को यमुना के किनारे छठ मनाने के लिए तरसाया। हर साल छठ से पहले हरियाणा के हथिनीकुंड बांध से यमुना में अतिरिक्त पानी छोड़ा जाता था। इससे नजफगढ़ नाले का प्रदूषित पानी डाइल्यूट हो जाता था और झाग कम होने से पानी छठ मनाने लायक हो जाता।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हरियाणा के हथिनीकुंड बांध पर तय होता है कि कितना पानी उत्तर प्रदेश जाने वाले कैनाल में जाएगा और कितना यमुना में जाएगा। मंगलवार से भाजपा की सरकार ने ईस्टर्न कैनाल का फ्लो जीरो कर दिया है। इससे उत्तर प्रदेश के किसानों को पानी न फसल की सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। लेकिन भाजपा ने अपने प्रोपगैंडा के लिए सारा पानी यमुना में डाइवर्ट कर दिया है। यमुना में पानी का बहाव पूरा है, जबकि ईस्टर्न कैनाल सुख गई है। यमुना में कैनाल का अतिरिक्त पानी आने से यमुना का पानी थोड़ा साफ हो जाएगा। फिर ये लोग यमुना पर डिफोमिंग एजेंट स्प्रे करेंगे और झाग खत्म हो जाएगा। यही भाजपा का षड्यंत्र है।