आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने महज आठ महीने में यमुना और दिल्ली की हवा साफ करने के किए जा रहे दावे पर सीएम रेखा गुप्ता को नसीहत दी है। उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता से कहा कि बिना काम करे, यमुना और हवा साफ़ करने की डींगे मत हांकिए और यमुना साफ करने का झूठ बोलोगे तो कालिंदी कुंज से यमुना का एक लीटर पानी पीकर दिखाओ। उन्होंने सीएम से कहा कि आपके पास समय है। यमुना और हवा साफ़ करने के लिए काम करिए, फिर झूठा प्रचार करने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कह रही हैं कि इनकी सरकार ने महज आठ महीनों में यमुना साफ कर दी। मैं तो मुख्यमंत्री के दावे को मानने के लिए तैयार हूं। लेकिन ये दोनों लोग कालिंदी कुंज आ जाएं और एक-एक लीटर यमुना का पानी भरकर पी लें। मैं मान लूंगा कि इन्होंने यमुना साफ कर दी। आखिर वीरेंद्र सचदेवा और सीएम रेखा गुप्ता किसे बेवकूफ बना रहे हैं?
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब एंटी-फोमिंग केमिकल आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान यमुना में झाग रोकने के लिए डाला जाता था, तब भाजपा नेता और मौजूदा जल मंत्री प्रवेश वर्मा शोर मचाते थे कि यमुना में जहर मिला दिया, आम आदमी पार्टी की सरकार सबको मार डालेगी। लेकिन अब वही भाजपा सरकार उसी केमिकल का टेंडर कर रही है और उसी से झाग हटा रही है। ये लोग झाग कम कर सकते हैं, लेकिन प्रदूषण कम नहीं कर सकते। अगर प्रदूषण कम किया है, तो सीएम रेखा गुप्ता साबित करें। वीरेंद्र सचदेवा और रेखा गुप्ता आज दिवाली के मौके पर कालिंदी कुंज आएं, एक-एक लीटर पानी पी लें। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) माने या न माने, मैं मान लूंगा कि यमुना साफ हो गई।