दिल्ली में पानी की किल्लत के साथ गंदे पानी की आपूर्ति से दिल्लीवालों के सब्र का बांध टूटता जा रहा है। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी की दिल्ली महिला विंग की अध्यक्ष सारिका चौधरी के नेतृत्व में तिमारपुर विधानसभा में महिलाओं ने दिल्ली की चार इंजन वाली भाजपा सरकार के खिलाफ मटका फोड़ कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने सीएम रेखा गुप्ता से पर्याप्त और स्वच्छ पानी देने की मांग की। सारिका चौधरी का कहना है कि पूरी दिल्ली में कहीं पानी की किल्लत है तो कहीं गंदा पानी आ रहा है। केजरीवाल सरकार के समय हर घर में साफ़ पानी आता था और कभी पानी की इतनी किल्लत नहीं होती थी, लेकिन भाजपा सरकार में पानी की किल्लत तो है ही, लोगों के घरों में सीवर का इतना गंदा पानी आ रहा है कि लोग पीकर बीमार पड़ रहे हैं।
मटका फोड़ प्रदर्शन के दौरान सारिका चौधरी ने कहा कि रेखा गुप्ता की सरकार में बहुत गंदा पानी आ रहा है। पहले कभी इतना गंदा पानी नहीं आया। यह पानी जहरीला है। कोई इसे पी ले, चाहे छान कर ही पी ले, फिर भी बीमार पड़ेगा। इस पानी को छू भी नहीं सकते। इसकी बदबू इतनी तेज है कि कोई पास खड़ा नहीं हो सकता। भाजपा सरकार बहुत गंदा पानी दे रही है। लोग जिएंगे या मरेंगे? कहां जाएंगे? ऐसा गंदा पानी कैसे आ सकता है? लगता है, नाले से भरकर लाए हैं। हर घर गंदा पानी आ रहा है। केजरीवाल के समय साफ पानी आता था।
उधर, मटका फोड़ प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि तिमारपुर विधानसभा में स्थित मलकागंज में पानी का बहुत बुरा हाल है। टंकी का पानी बेकार है। इसे पीने से लोग बीमार हो सकते हैं। गलियों में कूड़ा पड़ा है। पानी के लिए लोग परेशान हैं। लोग “आप” की सरकार और केजरीवाल को याद करते हैं। रेखा गुप्ता की 100 दिन की सरकार बहुत खराब है। यह लोगों की जरूरतें पूरी नहीं कर रही। लोग कहते हैं, हमें केजरीवाल की सरकार चाहिए।
महिलाओं ने कहा कि पानी इतना गंदा है कि पीने लायक नहीं। लोग पानी कहां से लाएं? लोग बीमार हो रहे हैं। गंदा पानी पीने से पेट में इंफेक्शन हो रहा है। डॉक्टर कहते हैं, इलाज कराओ। लोग परेशान हैं। जब से रेखा गुप्ता सरकार आई है हाल खराब है। केजरीवाल बहुत अच्छे थे। आधी रात को भी तैयार रहते थे। वो हमारा साथ देते थे। बच्चे स्कूल में पढ़ते थे। अब सरकारी स्कूलों का हाल बुरा है। डिस्पेंसरी में दवा लेने जाओ, तो धक्का मुक्की होती है। डिस्पेंसरी भी बंद कर दी गई।
महिलाओं ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान घर-घर जाकर वोट मांगे। लेकिन अब तीन महीने में किसी से नहीं पूछा कि पानी सही आ रहा है? बिजली ठीक है? मलकागंज का रोड बना? कुछ नहीं हुआ। भाजपा ने चुनाव से पहले वादा किया था कि महिलाओं को 2,500 रुपये मिलेंगे। एक पैसा नहीं आया। आम आदमी पार्टी की सरकार भाजपा से लाख गुना बेहतर थी। पानी साफ था। स्कूल अच्छे थे। मोहल्लों में काम होता था।
महिलाओं ने कहा कि कोई घर जाकर नहीं पूछता कि लोग कैसे रह रहे हैं। दूध का दाम बढ़ा रहे हैं। गरीब क्या खाएगा? राशन नहीं दे रहे। गरीबों का गला घोट रहे हैं। ऐसी सरकार नहीं चाहिए। गंदा पानी आ रहा है। लोग बीमार होंगे। विधायक और निगम पार्षद कोई काम नहीं करते।