आम आदमी पार्टी ने भारतीय सेना में अफसर सोफिया कुरैशी को पाकिस्तानी आतंकवादियों की बहन कहने वाले मध्यप्रदेश सरकार में भाजपा के मंत्री विजय शाह को तत्काल बर्खास्त करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता व सांसद संजय सिंह ने कहा कि मंत्री ने भारतीय सेना का अपमान कर भाजपा की देशविरोधी मानसिकता देश के सामने उजागर कर दी है। भाजपा सिर्फ देश को तोड़ सकती है, कभी जोड़ नहीं सकती। यही उसका असली चरित्र है। तभी इनका मंत्री देश की बहादुर बेटी सोफिया कुरैशी को आतंकियों की बहन कह रहा है। ऐसे मंत्री को तत्काल बर्खास्त कर गिरफ्तार किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री सेना के अपमान के मुद्दे पर चुप्पी नहीं साध सकते, उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।
बुधवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता कर संजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार में भाजपा के मंत्री विजय शाह ने भारतीय सेना का अपमान कर बता दिया कि भाजपा की यही असली मानसिकता है। पीएम नरेंद्र मोदी की पार्टी भाजपा सिर्फ देश को तोड़ सकती है, कभी देश को जोड़ नहीं सकती। भाजपा का मंत्री विजय शाह भारतीय सेना में अफसर देश की बहादुर बेटी सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन कह रहा है। भारतीय सेना का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता। आश्चर्य की बात है कि भारतीय सेना के इतने बड़े अपमान पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खामोश हैं। मंत्री के बयान पर न कुछ बोल रहे हैं और ना तो उसके खिलाफ कोई कार्रवाई कर रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि भारतीय सेना को अपमानित करने वाला मंत्री विजय शाह का ट्रैक रिकॉर्ड पहले से ही खराब है। इससे पहले विजय शाह मध्यप्रदेश के एक पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी के बारे में भी आपत्ति जनक टिप्पणी कर चुका है। महिलाओं पर अपमान जनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को भाजपा ने मंत्री बना रखा है। इसके लिए प्रधानमंत्री को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए और विजय शाह को मंत्री मंडल से बर्खास्त कर उसको गिरफ्तार किया जाना चाहिए। यह देश भारतीय सेना, उसके अधिकारियों और भारतीय सेना के बहादुर बेटी का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रधानमंत्री को आगे आकर देश से माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा यह देश कभी माफ नहीं करेगा।
संजय सिंह ने कहा कि इस युद्ध के दौरान भाजपा ने कई बार भारतीय सेना का अपमान किया। भाजपा ने भारतीय सेना का अपमान पूरा योजनाबद्ध तरीके से किया। भाजपा से जुड़े ट्रोल सेना के अधिकारी की पत्नी हिमांशी नरवाल के बारे में बहुत गंदी, भद्दी और शर्मनाक टिप्पणी कर रहे हैं। ये लोग सेना के अधिकारी की विधवा पत्नी हिमांशी नरवाल को गालियां दे रहे हैं, अपमानित कर रहे हैं। लेकिन प्रधानमंत्री और भाजपा कुछ नहीं बोलती है। भाजपा का ट्रोल गैंग यहीं नहीं रूका है। भाजपा के लोग सीजफायर के लिए विदेश सचिव बिक्रम मिश्री को जिम्मेदार बता कर उनको गालियां दे रहे हैं। जबकि सीजफायर का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया। इस में बिक्रम मिश्री की कोई भूमिका नहीं है, उनका कोई अपराध नहीं है। भाजपा के लोग बिक्रम मिश्री की बेटी समेत पूरे परिवार को निशाना बना रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा के लोगों ने देश में गुंडागर्दी मचा रखा है। भारतीय सेना की बहादुर बेटी, विदेश सचिव व उनकी बेटी, सेना के अधिकारी विधवा पत्नी को गालियां देना और भारतीय सेना को अपमानित करना ही भाजपा के लोगों का असली चरित्र व मानसिकता है। भाजपा के मंत्री द्वारा भारतीय सेना की बहादुर बेटी का अपमान करने के लिए प्रधानमंत्री को देश से माफी मांगनी चाहिए। यह अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा। इस मसले पर प्रधामंत्री न छिप सकते हैं और ना ही चुप रह सकते हैं।