आम आदमी पार्टी को गाली देने के बजाय भारतीय जनता पार्टी 8 मार्च तक दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए देने का अपना वादा पूरा करे। अब दिल्ली की महिलाएं पूछ रही हैं कि आखिर उनके खाते में 2500 रुपए कब आएंगे? इस पर भाजपा को अपनी जवाबदेही तय करनी पड़ेगी। विधानसभा के सदन से बाहर आने के बाद दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि पिछले चार दिन से दिल्ली विधानसभा का सदन चल रहा है और भाजपा के विधायकों व मंत्रियों ने आम आदमी पार्टी को गाली देने के अलावा कोई काम नहीं किया। दिल्ली के लोगों ने भाजपा को काम करने के लिए वोट दिया है, आम आदमी पार्टी को गाली देने के लिए नहीं दिया है।
आतिशी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि चार दिन से सदन चल रहा है। इन चार दिनों में भाजपा के 55 विधायकों ने अपनी बात रखी। सदन जनता के टैक्स के पैसों से चलता है। सदन को चलाने में हर दिन लाखों रुपए खर्च होते हैं। लेकिन भाजपा के सारे विधायकों और मंत्रियों की बात का एक ही सार है कि उनको सिर्फ आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को गाली देनी है। इसके अलावा उनको और कुछ नहीं करना है। अरविंद केजरीवाल झूठा है, चोर है, आम आदमी पार्टी नालायक है, घमंडी है, गुंडे हैं, सदन में इन्होंने क्या नहीं कहा।
आतिशी ने कहा कि मैं भाजपा से कहना चाहती हूं कि हमें जितनी गाली देनी है, दे ले, लेकिन दिलली की जनता ने भाजपा को गाली देने के लिए नहीं चुना है। दिल्ली की जनता ने भाजपा को काम करने के लिए चुना है। चार दिन के सदन में दिल्ली की टैक्स देने वाली जनता का लाखों रुपए खर्च हो गया, लेकिन भाजपा ने काम से जुड़ी एक भी बात नहीं की है। भाजपा और मोदी जी ने यह वादा किया था कि पहली कैबिनेट की बैठक में महिलाओं के लिए 2500 रुपए की स्कीम पास होगी। मोदी जी ने गारंटी दी थी कि 8 मार्च को दिल्ली की हर महिला के खाते में 2500 हजार रुपए की पहली किस्त आ जाएगी। आज तीन मार्च हो गए और अब 8 मार्च में सिर्फ 5 दिन और बाकी हैं। क्या भाजपा अगले पांच दिन में दिल्ली की हर महिला को 2500 रुपए देने वाली है? हमने जैसे ही सदन में 2500 रुपए का मुद्दा उठाया, तुरंत भाजपा के विधायक और विधानसभा अध्यक्ष तिलमिला उठा। उन्होंने हमारे माइक बंद कर दिए।
आतिशी ने कहा कि भाजपा की यह तिलमिलाहट यह दिखा रहा है कि भाजपा का दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए देने का कोई इरादा नहीं है। मोदी जी एक गारंटी झूठी साबित हो चुकी है कि पहली ही कैबिनेट की बैठक में 2500 रुपए की स्कीम पास होगी। अब यह भी साफ हो गया है कि 8 मार्च को महिलाओं को 2500 रुपए देने का भाजपा का कोई इरादा नहीं है। बहाने नहीं, काम चाहिए। दिल्ली के लोगों ने भाजपा को काम करने के लिए वोट किया है। भाजपा ने जो वादे किए थे, अब उस वादे को पूरा करे। क्या भाजपा पांच साल आम आदमी पार्टी को गाली देने में निकाल देगी? भाजपा ने गाली देने में ही सदन के चार दिन निकाल दिए और टैक्स देने वाली जनता के लाखों रुपए खर्च कर दिए। अब भाजपा से हमारी हाथ जोड़कर विनती है कि भाजपा 8 मार्च तक दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए देने का वादा पूरा करे। हमारे कार्यालय में दिल्ली की महिलाएं आ रही हैं और पूछ रही हैं कि 2500 हजार रुपए कब आएंगे? भाजपा को अपनी जवाबदेही तय करनी पड़ेगी।