पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को दिल्ली की अलग-अलग विधानसभाओं में ताबड़तोड़ जनसभा व रोड शो कर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता एक बार फिर काम की राजनीति करने वाले केजरीवाल की सरकार बनाएंगे। आम आदमी पार्टी बच्चों के हाथों में पेन और कॉपी पकड़ाने का काम करती है, जबकि भाजपा लाठी, डंडे और तलवार पकड़ाती है। भाजपा चुनाव हार रही है। इस बौखलाहट में भाजपा लोगों को खरीदने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता का प्यार और विश्वास खरीदा नहीं जा सकता। दिल्ली के लोगों में ‘‘आप’’ को लेकर भारी उत्साह है। झाड़ू का बटन दबाकर दिल्ली से भाजपा की गंदी राजनीति का सफाया करेंगे।
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने रविवार को संगम विहार में दिनेश मोहनिया के लिए जनसभा, जंगपुरा में मनीष सिसोदिया, मालवीय नगर में सोमनाथ भारती और राजेंद्र नगर में दुर्गेश पाठक के समर्थन में रोड शो की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लोगों के दिलों में बसते हैं। लोगों का जोश बता रहा है कि उन्होंने एक बार फिर आम आदमी पार्टी की सरकार चुनकर अरविंद केजरीवाल को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है। 5 फरवरी को झाडू का बटन दबाकर आपकी जिम्मेदारी खत्म और अगले पांच साल के लिए हमारी जिम्मेदारी फिर से शुरु हो जाएगी।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि भाजपा वालों के पास बहुत पैसे हैं। वो लोगों को पैसे, साड़ी, चादर और जूते बांट रहे हैं। हो सकता है आपके पास भी जल्द लेकर आएं। लेकिन जब ये आपके पास आएं तो मेरी विनती है कि इन्हें मना मत करना क्योंकि ये पैसे जनता के ही हैं। केवल 5 फरवरी को पोलिंग बूथ पर जाकर झाडू का बटन दबा देना। अब ये लोग गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। अरविंद केजरीवाल की विधानसभा नई दिल्ली में गुंडागर्दी कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को पीट रहे हैं। उन्हें उठाकर थाने ले जाते हैं। क्योंकि ये लोग हार रहे हैं। वहीं, कांग्रेस की हालत उस मरीज की तरह है जिसे डॉक्टर भी जवाब दे चुके हैं कि अब इसमें कोई उम्मीद बाकी नहीं है। कांग्रेस जीरो पर है। दिल्ली के लोग 5 फरवरी को झाडू का बटन दबाकर सबका सफाया कर देंगे।
इस दौरान भगवंत मान ने कहा कि जब मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों का कायाकल्प किया तो पूरी दुनिया में उसकी चर्चा हुई। दिल्ली में लोगों के पास दो विकल्प हैं। एक तरफ लड़ाई वाले हैं तो दूसरी तरफ पढ़ाई वाले हैं। किसको चुनना है, यह जनता के हाथ में है। एक आपके हाथ में पेन, पेंसिल और कॉपी देगा और दूसरा अपके बच्चों के हाथ में लाठी, चाकू और तलवार उन्हें लड़ाने के लिए देंगे। दिल्ली के लोग पेन और कॉपी को चुनेंगे। आप शिक्षा, इलाज और इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात करने वाले लोगों को चुनिए।