आम आदमी पार्टी ने फरीदाबाद में गौ रक्षा के नाम पर 12वीें के छात्र आर्यन मिश्रा की हत्या में भाजपा और हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह ने कहा कि तथाकथित गौ रक्षकों ने गौ रक्षा के नाम पर आर्यन को 30 किलोमीटर दौड़ाया और पीट-पीट कर मार डाला। भाजपा की नफ़रत की राजनीति की वजह से हिन्दुओं की जान जा रही है। पिछले 10 साल में गौ रक्षा के नाम पर 49 घटनाएं हुईं, जिसमें 55 लोगों की हत्या हुई और 94 लोग घायल हुए हैं, जबकि 2014-2022 के बीच 172 मॉब लिंचिंग की हुई घटनाओं में 21 हिन्दू मारे गए। उन्होंने कहा कि इन हत्याओं पर प्रधानमंत्री और भाजपा के मुंह से एक शब्द नहीं निकलता है। इसका मतलब, इनके संरक्षण में ये घटनाएं हो रही हैं। हरियाणा में भाजपा का डबल इंजन अब फेल हो गया है और इस बार प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेगी।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि हरियाणा के फरीदाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना घटित हुई, जिसमें गौरक्षा के नाम पर मानवता की हत्या की जा रही है। गौरक्षा के नाम पर आतंक फैलाया जा रहा है। ये कौन लोग हैं जो गायों की रक्षा और हिंदु धर्म के ठेकेदार बने हुए हैं? इन्हें किसने ये जिम्मेदारी दी है? देश के प्रधानमंत्री ऐसे सभी मामलों पर एक शब्द नहीं बोलते हैं। भाजपा ऐसी हत्याओं पर खामोश रहती है। हरियाणा की भाजपा सरकार भी ऐसी हत्याओं पर खामोशा रहती है। इसका मतलब साफ है कि हरियाणा की भाजपा सरकार खुद ऐसी हत्याओं को प्रायोजित कर रही है और इन्हें संरक्षण दे रही है। इन हिंसक कार्रवाईयों के पीछे हरियाणा सरकार है, जिसके संरक्षण में यह सब कुछ हो रहा है। 12वीं मे पढ़ने वाले छात्र आर्यन मिश्रा जिसे 30 किलोमीटर तक दौड़ाया गया। इसके बाद उसे पीट- पीटकर मार डाला गया।
संजय सिंह ने कहा कि अपने आप को तथाकथित गौ रक्षक कहने वाले ये लोग भाजपा और हरियाणा सरकार के संरक्षण में काम कर रहे हैं। ये कोई पहला मामला नहीं है। कुछ दिनों पहले इसी तरह बंगाल के एक गरीब मजदूर को गुरुग्राम में पीट-पीटकर मार डाला गया। भाजपा की पूरी राजनीति केवल हिन्दू और मुसलमान पर निर्भर है। इन लोगों के मन में केवल नफरत भरी हुई है। पहले मुसलमानों को मारो, उनके घर तोड़ो, फिर हिंदुओं को मारो, उनके घर तोड़ो फिर दलितों और आदिवासियों को मारों, उनके घर तोड़ों। क्या ये इस देश के लिए कोई अच्छे काम भी करेंगे? हरियाणा की सरकार और भाजपा इस हत्या के पीछे शामिल है। आर्यन मिश्रा के पिता ने कितनी पीड़ा से बोला है कि मोदी सरकार इस तरह की हत्याओं को बढ़ावा और संरक्षण दे रही है।
संजय सिंह ने आगे कहा कि भाजपा देश ने देश में बुलडोजर की संस्कृति शुरु कर दी है। जबकि देश के 144 करोड़ लोग सरकार बना रहे हैं। बाबा साहब डॉ. भीम राव अंबेडकर संविधान लिखकर गए। अपराधों के लिए देश में कानून और न्यायपालिका बनी है। लेकिन अपराधियों को सजा देने के लिए के लिए आज लोकतंत्र की जगह बुलडोजर चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने अभी बुजडोजर राजनीति पर बड़ी सख्त टिप्पणी की है। अपराध के लिए अलग-अलग धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके सजा दिलाने के प्रावधान है। लेकिन आप इस तरह किसी के घर बुलडोजर कैसे चला सकते हैं? मैं बार-बार कहता हूं कि बुलडोजर किसी का सगा नहीं है। ये बुलडोजर बहुत बेवफा होती है। जब मध्य प्रदेश के छतरपुर में किसी मुसलमान के घर पर चलता है तो भाजपाई खुशी मनाते हैं, लड्डू बांटते हैं। फिर यही बुलडोजर काशी में पुरातन मंदिरों पर चले और 300 से लोगों के घर तोड़े गए। इसके बाद अयोध्या में भी 4 हजार से ज्यादा लोगों के घर तोड़े गए। कई मंदिरों को तोड़ो गया। ये लोग क्या देश का विकास करेंगे?
संजय सिंह ने कहा कि भाजपाई इतने छद्म राष्ट्रवादी है कि एक तरफ ये भारत माता की जय के नारे लगाते हैं और दूसरी तरफ काशी और अयोध्या में भारत माता के मंदिरों पर बुलडोजर चलाते हैं। नोएडा में एक त्यागी परिवार के घर बुलडोजर चलाया, इसके बाद जिन लोगों ने आरोप लगाया था उनके घर पर बुलडोजर चलाया गया। क्या बुलडोजर से इस देश के लोगों को भला होने वाला है? क्या गौ रक्षा के नाम हत्या से इस देश की तरक्की होगी? क्या इस हिंसा और नफरत की राजनीति से लोगों को रोजनार मिलेगा और महंगाई कम होगी? लेकिन सुनियोजित तरह से इस तरह की नफरत फैलाई जा रही है। अभी महाराष्ट्र से घटना सामने आई जहां चलती ट्रेन में एक बूढ़े मुसलमान आदमी को कई लोग मार रहे हैं। ऐसा हिंदू धर्म में कहां लिखा है? एक बूढ़ा शख्स अपनी बेटी से मिलने जा रहा था और उसे पकड़ कर पीटा गया। क्या प्रधानमंत्री मोदी, सीएम नायब सिंह सैनी, हरियाणा सरकार या भाजपा आर्यन मिश्रा के परिवार के इस नुकसान और दुख की भरवाई करेंगे?
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, मुसलमानों या हिंदुओं के साथ किसी भी तरह के अन्याय का विरोध करती है। पिछले 10 साल में गौ रक्षा के नाम पर 49 घटनाएं हुईं, जिसमें 55 लोगों की हत्या हुई और 94 लोग घायल हुए। इसमें से अधिकतर घटनाएं भाजपा शासित राज्यों में हुईं हैं। 2014 से 2022 के बीच 172 मॉब लिंचिंग की घटनाएं हुईं, जिसमें 21 हिंदुओं की मौत हुई और 21 घायल हुए। 6 दलितों की मौत हुई और 42 घायल हुए। कई मुसलमान मारे गए। ये मॉब लिंचिंग की सच्चाई है। इसी तरह कश्मीर में कश्मीरी पंडित या बैंक में काम करने वाले या बिहार से काम करने गए मजदूरों की हत्या हो रही है। ये सभी घटनाएं भाजपा के पिछले 10 साल के शासन में हुईं।
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा का बुलडोजर उत्तर प्रदेश के अकबर नगर इलाके में भी चला, जहां करीब 1800 घर और मकान तोड़े गए, जिसमें करीब 101 दुकानें भी शामिल थीं। इसके तहत ज्यादातर हिंदुओं के घर टूटे। भाजपाई इस देश को नफरत की आग में झोंकना बंद करें। उसे इस तरह धर्म और जाति के नाम पर घर टूटने पर जश्न मनाना अब बंद कर देना चाहिए। क्योंकि ये तुम्हारे घर भी चलेगा, तुम भी इससे नहीं बचोगे। हिंदू धर्म का कोई ग्रंथ ऐसी बात नहीं कहता। अपने आपको तथाकथित गौ रक्षक कहने वाले इन ठेकेदारों को कोई अधिकार नहीं है कि ये किसी की भी हत्या कर दें। आर्यन मिश्रा एक ब्राह्मण था, उसे भी गौ हत्या के नाम पर मार दिया गया। कल को ये लोग अपने पड़ोस में और घर में भी हत्या करेंगे। इन घटनाओं के लिए भाजपा और उसकी सरकार जिम्मेदार है। प्रधानमंत्री मोदी जो बार-बार हरियाणा में डबल इंजन सरकार चलाने की बात करते हैं, उन्हें इसका जवाब देना होगा। भाजपा का ये डबल इंजन फेल हो चुका है। हरियाणा की जनता इस सड़े-गले इंजन को हटाएगी।