आम आदमी पार्टी ने स्वतंत्रता दिवस पर गुरुवार को ‘देश आज़ाद-लोकतंत्र जेल में’ नाम से एक कैंपेन की शुरूआत की। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार चुने हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को अलोकतांत्रिक तरीके से बिना किसी अपराध और सबूत के केंद्र की तानाशाह सरकार ने एक झूठे केस में जेल की सलाखों के पीछे रखा है। इस वजह से मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर अपने सरकारी आवास पर तिरंगा नहीं फहरा सके। ‘‘आप’’ ने ‘देश-आज़ाद-लोकतंत्र-जेल-में’ कैंपेन लॉच कर कहा कि आज़ादी के क्रांतिवीरों ने कभी नहीं सोचा होगा कि एक चुने हुए मुख्यमंत्री को झूठे केस में जेल में रखा जाएगा। इसलिए आइए, इस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हम सभी तानाशाही के खिलाफ लड़ने का प्रण लें। सीएम अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल ने आवास पर तिरंगा न फहराए जाने पर ट्वीट कर कहा कि आज सीएम आवास पर तिरंगा नहीं फहराया गया, इसका बहुत अफ़सोस रहा। यह तानाशाही एक चुने हुए मुख्यमंत्री को जेल में रख सकती है, लेकिन दिल में देशप्रेम को कैसे रोक पाएगी?
उधर, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी इसे लेकर देश की तानाशाह सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘‘अंग्रेजों से आज़ादी’’ की वर्षगांठ पर सलाम उस जज्बे को, जो “आज़ादी को तानाशाही से बचाए रखने के लिए” आज तानाशाह की जेल में बंद है।
‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारत में शिक्षा-स्वास्थ का स्तर बेहतर हो, बिजली पानी, माताओं-बहनों की बस यात्रा फ्री हो, ये सपना दिल्ली में सच करने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल स्वतंत्रता दिवस के दिन जेल में हैं। देश को खुशहाल बनाने का अभियान जारी रहेगा। जेल हमारे संकल्प को तोड़ नही सकती।
पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि यह बहुत दुखद है। एक लंबी लड़ाई के बाद यह देश आजाद हुआ, लेकिन आजादी के बाद भारत में पहली बार ऐसा हो रहा है कि प्रचंड बहुमत से चुना हुआ एक मुख्यमंत्री आज केवल केंद्र सरकार की तानाशाही और जिद के कारण तिरंगा नहीं फहरा पाया और वो जेल के अंदर हैं। अरविंद केजरीवाल को ट्रायल कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी थी। सीएम अरविंद केजरीवाल किसी भी तरह जेल से बाहर न निकलें, इसके लिए भाजपा ने षड़यंत्र के तहत सीबीआई का फंदा डाला। ये लोग चाहे जितना मर्जी परेशान कर लें, दिल्ली की चुनी हुई सरकार दिल्ली के लोगों के लिए काम कर रही थी, काम कर रही है और आगे भी काम करती रहेगी। दिल्ली सरकार की तरफ से गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने झंडा फहराया है और सरकार का संदेश जनता के सामने रखा है।
‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता एवं शिक्षा मंत्री आतिशी ने ट्वीट कर कहा कि आज स्वतंत्रता दिवस है। जब 1947 में भारत को अंग्रेजों की तानाशाही से आज़ादी मिली। हमें यह आज़ादी दिलवाने के लिए सैंकड़ों स्वतंत्रता सेनानियों ने लाठियां खाई, जेल गए और अपनी जान की क़ुर्बानी दी। उनके सपनों में भी ऐसा विचार नहीं आया होगा कि एक दिन, आज़ाद भारत में एक चुने हुए मुख्यमंत्री को झूठे मुक़द्दमे में फंसा कर महीनों तक जेल में रखा जाएगा। आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम यह प्रण लेते हैं कि आखिरी सांस तक तानाशाही के खिलाफ लड़ते रहेंगे।