Scrollup

सीएम अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर एमसीडी ने छठ महापर्व को यादगार बनाने के लिए दस सूत्रीय प्लान तैयार किया है। इस प्लान को अंतिम रूप देने पर एमसीडी ने काम तेज कर दिया है। छठ महापर्व की तैयारियों के बारे में एमसीडी के प्रभारी एवं विधायक दुर्गेश पाठक ने बताया कि “आप” की सरकार आने से पहले दिल्ली में करीब 70 छठ घाट ही सरकारी मदद से बनते थे, लेकिन अब एक हजार से भी ज्यादा अच्छे व शानदार घाट बनाये जा रहे हैं। इन घाटों पर सभी जरूरी सुविधाएँ मुहैया कराने के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल ने दस सूत्रीय प्रोग्राम बनवाया है। इसके मुताबिक सभी घाटों पर टेंट, लाइट, टॉयलेट, एम्बुलेंस, डॉक्टर, सांस्कृतिक कार्यक्रम की व्यवस्था की जा रही है। छठ पूजा करने के लिए व्रतियों को घर से ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा। उनकी समस्याओं को देखते हुए घर के पास ही छठ घाट बनाए जा रहे हैं। साथ ही, छठ घाटों पर आम आदमी पार्टी के सभी विधायक, पार्षद, विधानसभा अध्यक्ष समेत पार्टी के वालेंटियर्स लोगों की सेवा में 24 घंटे मौजूद रहेंगे।

आम आदमी पार्टी के विधायक एवं एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कहा कि दिल्ली में छठ पूजा की शानदार तैयारी चल रही है। 2015 में जब हमारी सरकार बनी थी, उससे पहले तक पूरी दिल्ली में मात्र 70 ऐसे घाट थे जो दिल्ली सरकार की मदद से बनते थे। हमारी सरकार बनने के बाद पूरी दिल्ली में जहां भी पूर्वांचल, बिहार और झारखंड के लोग रहते हैं, उनके लिए छठ पूजा की शानदार व्यवस्था की गई। इस बार पूरी दिल्ली में हजार से ज्यादा घाट बनाए जा रहे हैं। इन घाटों को शानदार बनाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने एक 10 सूत्रीय प्रोग्राम की घोषणा की है।

पहला, अच्छे और शानदार घाट बनाए जाएं। दूसरा, वहां पर टेंट की व्यवस्था की जाए। तीसरा, वहां पर लाइट की व्यवस्था की जाए क्योंकि लोग सुबह और रात में छठ पूजन के लिए आते हैं। चौथा, टॉयलेट का इंतजाम हर घाट पर किया जा रहा है। पांचवा, पानी की व्यवस्था की जा रही है। छठां, एंबुलेंस की व्यवस्था की जा रही है ताकि किसी को मेडिकल की जरूरत पड़ने पर कोई तकलीफ ना हो। सातवां, डॉक्टर भी बुलाए जा रहे हैं।
आठवां, हर जगह पर लोगों की डिमांड के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी कराए जा रहे हैं। जहां पर देश भर के जाने-माने सांस्कृतिक कार्यक्रम करने वालों को आमंत्रित किया जा रहा है। नौवां, घर के नजदीक में घाट बनाए जा रहे हैं। दसवां, सीएम अरविंद केजरीवाल ने सभी विधायकों, पार्षदों, विधानसभा अध्यक्ष, संगठन मंत्री, वार्ड अध्यक्ष, संगठन मंत्रियों को और सभी वॉलिंटियर्स को यह आदेश दिया है कि हर घाट पर 24 घंटे वहां पर मौजूद रहना है और लोगों की सेवा करना है और सुनिश्चित करना है कि वहां किसी प्रकार की कोई रुकावट ना हो। इसके अलावा एमसीडी के इतिहास में पहली बार हर एक वार्ड में 40 हजार दिए गए हैं। जिससे घाटों के निर्माण और व्यवस्था में कोई दिक्कत ना आए।

प्रेस वार्ता में मौजूद आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने कहा कि चार दिनों के लिए छठ पर्व की शुरुआत हो रही है। कल नहाए खाए है, परसो खरना है, उसके अगले दिन सांझ का अर्ग और 20 तारीख को सुबह का आयोजन है। मैं सभी को छठ पर्व की शुभकामनाएं देता हूं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दिल्ली सरकार छठ पर्व की तैयारी में लगी हुई है। घाटों पर कोई कमी ना रह जाए, उसका मुआयना भी कर रहे हैं। लेकिन छठ पर्व की आड़ में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भाजपा एक गंदी राजनीति और गंदा खेल-खेल रही है। मैंने दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद की प्रेसवार्ता देखी। वह रोज झूठ परोसने की कोशिश कर रहे हैं। आप जनता को गुमराह करने की कोशिश कर लोगे लेकिन पूर्वांचल में छठ पर्व की बहुत आस्था है, छठी मैया की पूजा को लोग बहुत ही पवित्रता से मनाते हैं, कम से कम छठी मैया के इस पर्व पर ऐसी राजनीति मत करो कि इस पर्व को मानने वाले लोगों की आस्था को किसी प्रकार की ठेस पहुंचे।

उन्होंने कहा कि ग्रेटर कैलाश में छठ पूजा के दौरान भाजपा के एक पार्षद ने पूजा को रोकने की कोशिश की थी। जिसके बाद हमने वहां बड़ा आंदोलन किया था। इसी तरह से द्वारका में वहां के डिप्टी मेयर ने चुनौती दी थी कि वह वहां पूजा नहीं होने देंगे लेकिन बाद में उन्हें नत्मस्तक होना पड़ा। गुजरात के सूरत में बड़ी संख्या में पूर्वांचल और बिहार के लोग रहते हैं। चूंकि वहां पूजा का आयोजन नहीं होता है इसलिए 5 दिन पहले लोग अपने-अपने घर जा रहे थे। जिसके कारण सूरत रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची और वहां पर बहुत सारे लोग घायल हुए और कुछ लोगों की मृत्यु भी हुई।

अगर आपको वास्तव में छठी मैया के प्रति आस्था होती तो आप वहां पर व्यवस्था करते। महाराष्ट्र और हरियाणा में आपकी सरकार है आपने वहां क्या व्यवस्था की? लेकिन दिल्ली के लोगों को आप गुमराह कर रहे हैं। छठी मैया आपको माफ नही करेगी। पूर्वांचल वासियों की भावनाओं के साथ खेलना बंद करें। जिस तरह से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने सभी कार्यकर्ताओं को कहा है कि घाट पर 24 घंटे लोगों की सेवा करना है। मेरा भाजपा से निवेदन है कि इस प्रकार से आप भी इसमें शामिल हों और इस तरह की गंदी राजनीति करना बंद करें। मुझे पूरा विश्वास है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी छठी मैया की पूजा आराधना बड़ी धूमधाम से होगी।

उधर आम आदमी पार्टी के विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को धन्यवाद कहना चाहता हूं कि उन्होंने दिल्ली में न केवल शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली के क्षेत्र में नायाब काम किया है बल्कि उन्होंने छठ पूजा का भी बहुत बड़ा आयोजन किया। छठ पूजा को एक ऐसे स्तर पर पहुंचने का काम किया है, जो आज तक कोई सरकार नहीं कर पाई। भाजपा, जिसकी कथनी और करनी में हमेशा फर्क रहता है, छठ पूजा में सहयोग करने की बजाय सबसे बड़ा आयोजन करने वाली दिल्ली सरकार के खिलाफ छीटाकसी करनी का काम कर रही है। मैं उत्तर प्रदेश से आता हूं, वहां पर भाजपा की सरकार है। मैं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से पूछना चाहता हूं कि कितने घाटों पर सरकारी स्तर पर छठ महापर्व का आयोजन आपकी सरकार कर रही है? 15 सालों तक एमसीडी में रहे लेकिन उन्होंने छठ पर्व के लिए कोई घाट बनाने का काम नहीं किया। वहीं एमसीडी में आम आदमी पार्टी की सरकार ने छठ पर्व को लेकर जो कदम उठाया है वह बहुत ही सराहनीय है।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia