Scrollup

नई दिल्ली, 05 अक्टूबर 2023

‘‘आप’’ सांसद संजय सिंह की बेवजह गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को देश भर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल, तेलंगाना, तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु समेत अन्य राज्यों में जबरदस्त प्रदर्शन कर भाजपा और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने सांसद संजय सिंह को रिहा करने की जोरदार मांग की और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ लड़ाई को जारी रखने का संकल्प लिया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस के बल प्रयोग का भी सामना करना पड़ा। देश भर में आम आदमी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कई घंटे तक हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया।

उधर, दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता भाजपा मुख्यालय पर जाकर प्रदर्शन करना चाह रहे थें, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। फिर पार्टी नेता बैरिकेटिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने ईडी-सीबीआइ भाजपा के भाई के नारे लगाए। पुलिस ने बल प्रयोग कर कई घंटे से चल रहे विरोध प्रदर्शन को खत्म कराया। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि यह परीक्षा की घड़ी है। आम आदमी पार्टी इससे मजबूत होकर ही उभरेगी। भाजपा को ये पता चल गया है कि ईमानदारी और कानूनी तरीके से आम आदमी पार्टी को हराना असंभव है। इसलिए वो गैर कानूनी हथकंडे अपना रही है। ‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि भाजपा 2024 में हार की डर से इतनी बौखला गई है कि वो किसी को भी गिरफ्तार करा सकती है।

इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मोदी जब-जब डरता है-ईडी को आगे करता है, मोदी तेरी तानाशाही, नहीं चलेगी-नहीं चलेगी, हाथ उठाकर उंचा बोल-हल्ला बोल-हल्ला बोल, संजय सिंह शेर है, संजय सिंह को रिहा करो, भाजपा मुर्दाबाद, ईडी-सीबीआई मुर्दाबाद, 2024 में मोदी को जाना होगा, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो, ‘ईडी-सीबीआई भाजपा के भाई, रुके ना जो-झुके ना जो, हम वो इंकलाब हैं, संजय सिंह को रिहा करो समेत अन्य नारे लगाए गए। वहीं, दिल्ली पुलिस ने जबरन ‘‘आप’’ नेताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके कारण कुछ देर बाद प्रदर्शन को समाप्त करना पड़ा।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि यह परीक्षा की घड़ी है। आम आदमी पार्टी इससे मजबूत होकर ही उभरेगी। पिछले 15 महीने से जांच चल रही है। एक हजार से अधिक रेड की जा चुकी है। अनगिनत लोगों को इन्होंने प्रताड़ित कर लिया, लेकिन कुछ नहीं निकला और आगे भी कुछ नहीं निकलेगा। ये लोग एक ऐसी पॉलिस पर आम आदमी पार्टी के नेताओं को अरेस्ट कर रहे हैं, जिससे सरकार को फायदा हुआ है। पहले की आबकारी पॉलिसी की तुलना में अब की पॉलिसी में बहुत ज्यादा फायदा हुआ है। देश में पहली बार मोदी जी ये कर रहे हैं। यहां प्रश्न ये है कि मोदी जी ये सब क्यों कर रहे हैं? दरअसल आम आदमी पार्टी के गठन से पहले दिल्ली और फिर पंजाब भाजपा के हाथ से निकल गया। इसके बाद आम आदमी पार्टी गुजरात और दूसरे राज्य में प्रवेश की। इनको ये पता चल गया है कि ईमानदारी और कानूनी तरीके से आम आदमी पार्टी को हराना असंभव है। इसलिए गैर कानूनी तरीके से आम आदमी पार्टी को तोड़ने और चुनाव में हराने की ये प्रक्रिया है। लेकिन हमें पूरा यकीन है कि अंत में हमें न्याय मिलेगा। सभी लोग बरी होकर बाहर आएंगे। देश भर की जनता भी देख रही है। हमें भगवान, जनता और कोर्ट पर पूरा भरोसा है। सब अच्छा होगा।

उधर, आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि बुधवार को ईडी ने राज्यसभा सांसद संजय सिंह के घर का कोना-कोना छान लिया गया लेकिन कुछ नहीं मिला। जब कुछ नहीं मिला तो शाम को बिना सबूत के गिरफ्तारी क्यों हुई? भाजपा वाले कह रहे हैं कि शराब घोटाला के कारण गिरफ्तारी हुई है। बुधवार को अकेले संजय सिंह की गिरफ्तारी नहीं हुई है, बल्कि पिछले चार दिनों से तानाशाही का तांडव चल रहा है। पूरे देश ने देखा कि जो पत्रकार मोदी सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठाते हैं, जो बेरोजगारी और मंहगाई पर सवाल पूछते हैं, उनको गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद टीएमसी की सांसद को घसीट-घसीट कर कृषि भवन से बाहर निकाल दिया गया।

गोपाल राय ने कहा कि आज इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टी डीएमके के नेताओं के घर पर छापे चल रहे हैं। भाजपा के नेता कह रहे हैं कि यह तो सिर्फ शुरुआत है, यह आगे तक जाएगा। मैं प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के नेताओं से कहना चाहता हूं कि हमें भी भरोसा है कि लोकसभा चुनाव भाजपा हार रही है। जबतक हार की गारंटी नहीं हो जाएगी, 2024 के चुनाव तक यह सिलसिला चालू रहेगा। भाजपा वाले कह रहे हैं कि हम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे। ये सब दिखाता है कि भाजपा हार की डर से इतना बौखला गई है कि वो किसी को गिरफ्तार करा सकती है।

वहीं, ‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा कि बुधवार को संजय सिंह के घर पर छापा मारा गया, लेकिन भ्रष्टाचार का एक पैसा नहीं मिला। इसके बावजूद उनको गिफ्तार किया गया। यह 2024 के चुनाव में भाजपा की हार की बौखलाहट को दिखाता है। उन्होंने कहा कि देश में एक अघोषित आपातकाल शुरू हो गया है। दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकारों के घर पर छापे मारे गए और उनको हिरासत में रखा गया। उनके फोन व लैपटॉप सीज़ किए गए। टीएमसी के नेताओं और सांसदों को कृषि भवन से घसीट-घसीट कर बाहर निकाला गया, उन्हें डीटेन किया गया। भाजपा अपनी तानाशाही से विपक्ष की आवाज़ को शांत करने की कोशिश कर रही है।

दिल्ली पुलिस ने विधायक समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री गोपाल राय के नेतृत्व में सुबह 11 बजे सभी कार्यकर्ता और समर्थन भाजपा मुख्यालय के लिए पैदल ही नारेबाजी करते हुए कूच किए। इस दौरान पुलिस ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे ‘‘आप’’ कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों को जबरदस्ती रोकने की कोशिश की। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान विधायक जनरैल सिंह, कई पार्षद समेत 15 से 20 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने करीब दो-तीन घंटे तक हिरासत में लेकर आईपी थाने में रखा गया। इसके बाद पुलिस ने छोड़ दिया।

पंजाब-चंडीगढ़ में जोरदार प्रदर्शन, मंत्री समेत कई को हिरासत में लेकर छोड़ा

सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ पंजाब और चंडीगढ़ का सेक्टर 37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर संयुक्त विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष बुद्धराम ने किया। इस दौरान पंजाब सरकार मंत्री हरपाल चीमा, डॉ. बलवीर सिद्धू समेत अन्य पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या मे ंसमर्थन मौजूद थे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शन को खत्म कराया। इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े और पानी की बौछारें की। पुलिस ने कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह, बुद्धराम, हरभजन सिंह, एमएलए देवेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया और एक घंटे बाद सभी को छोड़ दिया। शुक्रवार को पंजाब के हर जिले में आम आदमी पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी।

मुम्बई में ईडी दफ्तर के बाहर किया प्रदर्शन, कई हिरासत में

सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर महाराष्ट्र के मुम्बई में भी जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ईडी दफ्तार के बाहर मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि सांसद संजय सिंह को फर्जी तरीके से गिरफ्तार किया गया है, जो अन्यायपूर्ण है। संजय सिंह को एक साजिश के तहत गिरफ्तार किया गया है। मोदी सरकार को 2024 में जाने का डर है। इसलिए ये कार्रवाई की गई है। इस दौरान मुम्बई पुलिस ने प्रीति मेनन के साथ काफी पार्टी नेताओं को हिरासत में ले लिया और कुछ देर बाद छोड़ दिया। इससे पहले मुम्बई पुलिस ने पार्टी के कुछ नेताओं को घर से ही हिरासत में ले लिया था।

तेलंगाना में भी ‘‘आप’’ कार्यकर्ता हिरासत में

सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ तेलंगाना में भी आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे आगे बढ़ने लगे। इस पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया।

भाजपा अब गंदी राजनीति पर उतर आई है- पंकज सिंह

सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में मध्यप्रदेश के भोपाल में रोशनपुरा चौराहे पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथ में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंकज सिंह को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया। पंकज सिंह ने कहा कि करीब 15 महीने से जांच चल रही है। एक हजार से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी की गई। कई लोगों की गिरफ्तारियां हुईं और उन्हें कस्टडी में प्रताड़ित किया गया लेकिन अबतक एक पैसे की भी गड़बड़ी नहीं मिली है। संजय सिंह के यहां भी कुछ नहीं मिला। भाजपा अब गंदी राजनीति पर उतर आई है। विकास काम के मामले में भाजपा की राज्य सरकारें मुकाबला नहीं कर पाईं तो अब ये साजिश के जरिए आम आदमी पार्टी के मनोबल को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

पश्चिम बंगाल में भी ‘‘आप’’ का हल्ला बोल

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथ में पार्टी का झंडा और स्लोग लिखी तख्तियां लेकर अपना विरोध जताया और पुलिस ने जबरन प्रदर्शन को खत्म करा दिया।

राजस्थान में ‘‘आप’’ कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

वहीं, राजस्थान के जयपुर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बीजेपी कार्यालय की तरफ कूच किए तो पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई तो पुलिस 22 लोगों को हिरासत में लेकर विद्याधर नगर थाने ले गई। जहां से थोड़ी देर बाद उनको छोड़ दिया गया। प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदेश के संयुक्त सचिव प्रशांत जायसवाल, रमेश बिश्नोई, प्रदेश सचिव सौरभ चौधरी, संयुक्त देवेंद्र यादव, लोकसभा इंचार्ज अर्चित गुप्ता, तैयब महराब खान, जिलाध्यक्ष कमल भार्गव, गिरधारी, ऋतु सांवरिया, राजपाल फोगावत, रमेश बिश्नोई, पवन देव, अमित दधीच, आदि लोग थे।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia