Scrollup

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार सुबह आईपी बस स्टैंड और डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास ड्रेन नंबर-12 पर बने रेगुलेटर (आईएनएफसी रेगुलेटर) का दौरा कर जायजा लिया। यह रेगुलेटर गुरुवार शाम करीब 7 बजे पानी का भारी दबाव पड़ने पर क्षतिग्रस्त हो गया था। सीएम अरविंद केजरीवाल ने पूरी रात रेगुलेटर की मरम्मत कार्य में जुटे अफसरों और स्टाफ से बात कर जानकारी ली और उनके कार्य को सराहा। सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि यमुना में बढ़े जलस्तर से दिल्ली जल बोर्ड का इंद्रप्रस्थ रेगुलेटर क्षतिग्रस्त हो गया। दिल्ली सरकार, एनडीआरएफ और आर्मी की टीमें इसे ठीक कर रही हैं। हमारी कोशिश है कि शहर में पानी नहीं घुसना चाहिए। रेगुलेटर क्षतिग्रस्त होने पर राजनीति कर रही भाजपा को सीएम केजरीवाल ने करारा जवाब देते हुए कहा कि इस समय भाजपा को राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह एक-दूसरे को दोष देने का समय नहीं है, हम सभी मिलकर काम कर रहे हैं। इस दौरान राजस्व मंत्री आतिशी और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि यमुना में पानी का बहाव बहुत ज्यादा है। पानी के तेज बहाव के कारण डीजेबी का यह रेगुलेटर मुड़ गया है। इसकी वजह से यमुना का पानी शहर के अंदर घुसने लग गया। इसकी मरम्मत की जा रही है। पूरी रात इंजीनियरों और स्टाफ ने मिलकर इसकी मरम्मत करने की कोशिश की है। रेगुलेटर की मरम्मत में जुटे सभी स्टाफ को मैं धन्यवाद करता हूं। मुझे उम्मीद है कि शाम तक इसको दुरूस्त कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना का जलस्तर भी कम होना शुरू हो गया है। लेकिन कल फिर बारिश होने की संभावना है। फिर भी हम उम्मीद करते हैं कि यमुना का जलस्तर जो नीचे जा रहा है, वो नीचे ही जाता रहे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। कल शाम इस रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पूरी रात सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज मौके पर ही रहे। शुक्रवार को सुबह एनडीआरएफ भी आ गई है और सभी साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने पर भाजपा द्वारा की जा रही राजनीति पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कोई भी प्रतिक्रिया देने से साफ इन्कार कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को इस समय राजनीति नहीं करनी चाहिए। भाजपा जो भी कह रही है, मैं उस पर कोई जवाब नहीं देना चाहता। आईटीओ ब्रिज के कुछ फाटक बंद होने के सवाल का जवाब देते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ब्रिज पर 32 गेट हैं। इसमें से 5 गेट खुल नहीं पाए हैं। हरियाणा सरकार इसका रख-रखाव करती है। कल से उन गेटों को खोलने की कोशिश जारी हैं। यह एक-दूसरे को दोष देने का समय नहीं है। सभी मिलकर काम कर रहे हैं। अगर सभी गेट खुले हुए होते तो पानी के बाहर निकलने में तेजी आती।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि यमुना में जब से जलस्तर खतरे के निशान को पार किया है, तभी से बाढ़ संभावित इलाकों में लगातार मुनादी कर लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर हुए जलभराव को लेकर कहा कि दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग वजहों से पानी भरा है। मसलन, आईटीओ पर रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने की वजह से पानी आया है। राजघाट पर एक ड्रेन बैक मार गया है, उसकी वजह से यमुना का पानी आया है। दिल्ली के कई इलाकों में यमुना के ओवर फ्लो की वजह से पानी आया है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि धीरे-धीरे यमुना का जल स्तर नीचे जा रहा है। दिल्ली के लोगों को अब राहत मिलनी चालू हो जाएगी। गुरुवार को यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर पहुंच गया था। शुक्रवार को यह यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर से घट कर 208.38 मीटर पर आ गया है। जैसे-जैसे यमुना का जलस्तर नीचे जाएगा, वैसे-वैसे लोगों को राहत मिलती जाएगी। सीएम ने बंद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर कहा कि जैसे ही यमुना का जलस्तर नीचे जाएगा, वैसे की सभी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट काम करना शुरू कर देंगे।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘यमुना में बढ़े जलस्तर से डीजेबी का इंद्रप्रस्थ रेगुलेटर टूट गया था, जिसे ठीक करने का काम रात-भर चला। अभी मैंने भी वहां का दौरा किया। उम्मीद है कि अगले 4-5 घंटे में इसे ठीक कर लिया जाएगा। सरकार, एनडीआरएफ और आर्मी की टीमें पूरी मेहनत से काम कर रही है। हमारी कोशिश है कि पानी शहर के अंदर नहीं घुसना चाहिए।

रात भर चला मरम्मत कार्य, मंत्री सौरभ भारद्वाज भी रहे मौजूद

आईएनएफसी रेगुलेटर गुरुवार शाम करीब सात बजे क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज को मौके पर भेजा। वहीं, विभाग के अफसर और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे। रात में बड़ी संख्या में स्टाफ को लगाकर रेगुलेटर को दुरुस्त करने का प्रयास शुरू किया गया। पूरी रात इस पर काम चलता रहा है। मंत्री सौरभ भारद्वाज भी पूरी रात मौके पर ही रहे। सीएम अरविंद केजरीवाल भी मंत्री सौरभ भारद्वाज से फोन पर संपर्क कर बार-बार इसके हालात का जायजा लेते रहे। सीएम अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर कहा कि रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने के कारण आईटीओ और आसपास जलभराव हो गया है। हमारे इंजीनियर रातभर इसको ठीक करने के काम में लगे रहे। मैंने मुख्य सचिव को सेना और एनडीआरएफ की भी मदद लेने का निर्देश दिया है, ताकि इसे तत्काल ठीक किया जा सके।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia