Scrollup

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहीद दिवस पर गुरुवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में शहीद-ए- आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको याद किया। इस अवसर पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें मिलकर अपने अमर शहीदों के सपनों का भारत बनाना है। भारत को एक समृद्ध और शक्तिशाली देश बनाना हैं। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का सपना था कि एक दिन अपना देश आजाद होगा और सबको अच्छी शिक्षा व इलाज मिलेगा। इनके सपनों को पूरा करने के लिए हम जो कुछ कर सकते हैं, वो सब करेंगे। हमें आपस में लड़ना-झगड़ना नहीं है। इस अवसर दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल समेत विधायक मौजूद रहे।

विधानसभा परिसर में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के उपरांत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज (23 मार्च) शहादत दिवस है। आज ही के दिन शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा था। हम समझ सकते हैं कि फांसी पर चढ़ना कितना मुश्किल होता होगा। इन स्वतंत्रता सेनानियों के दिल में भारत को लेकर सपना था कि हमारा भारत देश एक दिन आजाद होगा और भारत में सबको अच्छी शिक्षा और इलाज मिलेगा।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज हमें यह देखना चाहिए कि क्या उन स्वतंत्रता सेनानियों का सपना पूरा हो रहा है? उनके सपने को पूरा करने के लिए हम सब मिलकर जो कर सकते हैं, वो सब हमें करना है। हमें आपस में लड़ना-झगड़ना नहीं है और नफरत नहीं करनी है। हम सभी देश के 130 करोड़ लोगों को आपस में प्यार-मोहब्बत से रहना है। भारत के लोग बहुत ही मेहनती और समझदार हैं, मगर नेताओं और राजनीतिक पार्टियों ने सारे देश का बेड़ा गर्क कर रखा है। अगर हम 130 करोड़ लोग मिलकर एक साथ काम करें तो शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के सपनों का भारत बना सकते हैं।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम शहीद-ए-आजम भगत सिंह और डॉ. बाबा साहब अंबेडकर को अपना आदर्श मानते हैं। आज शहीद-ए-आजम भगत सिंह की शहादत दिवस है। इस अवसर पर हम लोगों ने जंतर-मंतर पर एक सभा रख रही है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीटर कर कहा, ‘‘शहादत दिवस पर आज दिल्ली विधानसभा परिसर में अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरू जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर क्रांतिकारियों की अमर शहादत को याद किया। हमें अपने इन अमर शहीदों के सपनों का भारत बनाना है। भारत को समृद्ध और शक्तिशाली देश बनाना हैं।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia