Scrollup

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को मध्यप्रदेश के चाचौड़ा स्थित बीनागंज में ‘‘आप’’ प्रत्याशी ममता मीणा के पक्ष में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार मध्यप्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को मौका दे, हम दिल्ली और पंजाब की तरह ही यहां भी शानदार काम करके दिखाएंगे। दिल्ली में सारे सरकारी स्कूल-अस्पताल शानदार बना दिए, अब पंजाब में भी कर रहे हैं। दिल्ली-पंजाब में मुफ्त और 24 घंटे बिजली आती है। ये सब मध्यप्रदेश में भी हो सकता है और इसकी चाभी आपके हाथ में है। उन्होंने आगे कहा कि हमने दिल्ली में पांच साल में जो काम कर दिए, ये दोनों पार्टियां 75 साल में भी नहीं कर पाईं, क्योकि इनकी नीयत खराब थी। हमारी सरकार बनती है तो मध्यप्रदेश में धनिया क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए उद्योग खोलेंगे और लंबित पार्वती सिंचाई योजना को पूरा करेंगे। इस दौरान पंजाब के सीएम सरदार भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव डॉ. संदीप पाठक भी मौजूद रहे।

मध्यप्रदेश के चाचौला में रोड शो को संबोधित करते हुए ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में तमाम समस्याएं हैं। लेकिन यह समस्याएं केवल मध्य प्रदेश की नहीं है, बल्कि पूरे देश की है। देश को आजाद हुए 75 साल हो चुके हैं। इन 75 सालों में मोटे तौर पर ये दो ही पार्टियां थीं। इन दोनों पार्टियों और नेताओं ने मिलकर अपना घर भरने के सिवाय कोई काम नहीं किया। अगर ये लोग कुछ काम कर देते तो हमें आम आदमी पार्टी बनाने की जरूरत ही क्यों पड़ती?

उन्होंने कहा कि 10-12 साल पहले हमें कोई नहीं जानता था। दिल्ली रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना आंदोलन हुआ। यह आजाद भारत का भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ा आंदोलन हुआ था। उस आंदोलन से आम आदमी पार्टी निकली है। आज हमारे कट्टर विरोधी भी मानते हैं कि आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार और देशभक्तों की पार्टी है। हम लोग मर जाएंगे, कट जाएंगे, लेकिन अपने देश के साथ गद्दारी और बेइमानी नहीं कर सकते।

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आजादी के 75 साल में जो काम नहीं हुए, वो काम आज दिल्ली और पंजाब में हो रहे हैं। पहले दिल्ली के सरकारी स्कूलों गरीबों के बच्चे जाते थे और आज अमीरों के भी बच्चे जाते हैं। लोगों ने बड़े-बड़े प्राइवेट स्कूलों से अपने बच्चों के नाम कटवा कर दिल्ली के सरकारी स्कूलों में भेजना चालू कर दिया। सरकारी स्कूलों में गरीबों, मजदूरों और किसान का बेटा पड़ता है। पहले उसका कोई भविष्य नहीं था। मजदूर का बच्चा मजदूर, रिक्शेवाले का बच्चा रिक्शेवाला बनता था। लेकिन आज किसान, मजदूर का बच्चा बड़ा होकर कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर बन रहा है। मैंने देश में प्रसिद्ध आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इस कॉलेज में एडमिशन लेना बड़ा कठिन है। आज मुझे बड़ी खुशी है कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेरे बच्चे आईआईटी खड़गपुर जा रहे हैं। मुझे जो शिक्षा मिली, आज वो शिक्षा दिल्ली में मेरे गरीबों के बच्चों को मिल रही है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने जो काम 5 साल में कर दिया, क्या 75 साल में ये पार्टियां नहीं कर सकती थीं। ये भी कर सकती थीं, लेकिन इनकी नीयत खराब थी। हमारी नीयत सही है। हमने दिल्ली के सारे सरकारी स्कूल और अस्पताल अच्छे कर दिए। दिल्ली की गली-गली में मोहल्ला क्लीनिक खोल दिए और सबका इलाज मुफ्त कर दिया। चाहे अमीर हो या गरीब हो। अस्पताल में चाहे पांच रुपए की गोली हो या 50 लाख रुपए ऑपरेशन हो, सारा मुफ्त कर दिया। बिजली मुफ्त कर दी। पहले दिल्ली में 8-8 घंटे के पावर कट लगते थे। अब 24 घंटे और मुफ्त बिजली आती है। दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी बिजली मुफ्त हो गई है और 24 घंटे आने लगी है। पंजाब में भी शानदार सरकारी स्कूल बन रहे हैं। इतने कम समय में ही वहां 650 से अधिक मोहल्ला क्लीनिक बन गए हैं। दिल्ली और पंजाब में जो काम हो रहे हैं, वही काम मध्यप्रदेश में भी हो सकते हैं। इसकी चाभी आप जनता के हाथ में हैं।

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ममता मीणा जब अपनी पार्टी को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुई तो मैंने इनके बारे में पता किया। ममता मीणा 2013 से 2018 तक विधायक रहीं, तब इन्होंने ढेरों सड़कें बनवाई। कई स्कूल-कॉलेज और छात्रावास बनवाए। बिजली के कई सब स्टेशन बनवाए। इनके काम को देखकर मुझे लगा कि ये अभी तक गलत पार्टी में थीं, अब सही पार्टी में आ गई हैं। काम करने वाली पार्टी तो आम आदमी पार्टी ही है, बाकी दोनों पार्टियां लूट खसोट करने वाली हैं।

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बताया जाता है कि मध्यप्रदेश की धनिया की मंडी एशिया की सबसे बड़ी मंडी है। आम आदमी पार्टी को मध्यप्रदेश की जनता मौका देती है तो यहां पर धनिया के क्षेत्र में उद्योग खोले जाएंगे ताकि यहीं पर प्रोसेसिंग भी हो सके। इससे युवाओं को रोजगार भी मिलेगा और किसानों को धनिया की अच्छी कीमत भी मिलेगी। मध्य प्रदेश में पार्वती सिंचाई योजना कई साल से लंबित पड़ी है। उसको पूरा किया जाएगा। उन्होंने मध्य प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के लोग ईमानदार हैं और हमारी नीयत साफ है। जितनी भी समस्याएं आएंगी, उन सारी समस्याओं का निवारण करेंगे। मेरी अपील है कि 17 नवंबर को हर वोट झाड़ू पर पड़े। उसके बाद की जिम्मेदारी हमारी है।

इन्होंने आपको बेरोजगार रखा, आप हराकर इनको बेरोजगार कर दो, बेरोजगारी का बदला बेरोजगारी से लो- भगवंत मान

वहीं, पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी को लेकर मध्यप्रदेश की जनता में जो जोश और जूूनून है, पौने दो साल पहले पंजाब में देखी थी। मध्य प्रदेश के लोगों के अंदर सिस्टम के खिलाफ भारी गुस्सा है। अंग्रेजों ने 200 साल इकट्ठे देश को लूटा और ये पांच-पांच की किश्तों में लूट रहे हैं। अंग्रेजों और इनमें कोई फर्क नहीं है। इस बार इनकी पांच-पांच साल की बारियों को तोड़ दो। दिल्ली और पंजाब की जनता ने इनकी पांच-पांच साल की बारियां तोड़ दी है और अब ये तड़प रहे हैं। इन दोनों पार्टियों के नेता और उनके बच्चे कोई काम नहीं करते हैं, सिर्फ राजनीति करते हैं। नेताओं के बच्चों को कुछ नहीं आता है। अगर ये हार जाते हैं तो बेरोजगार हो जाते हैं। इसलिए बेरोजगारी का बदला बेरोजगारी से लो। इन्होंने आपको बेरोजगार रखा है, आप इनको बेरोजगार कर दो। ये हर बात पर झूठ और जुमला बोलते है। अब इनके जुमलो में मत आना। भाजपा वाले साढ़े चार साल लूटते हैं और छह महीने में सिलेंडर पर 200 रुपए कम करके शगुन दे देते हैं और हम इनकी बातों में आ जाते हैं। इस बार इनके झांसे में मत आना। झाड़ू का काम सफाई करना है। इससे मध्य प्रदेश की राजनीतिक गंदगी की सफाई करो।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia