Scrollup

नई दिल्ली, 07 अप्रैल 2024

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आशीर्वाद अभियान के दूसरे चरण के तहत रविवार को दिल्लीवालों ने जंतर मंतर पर सामूहिक उपवास किया। दिल्ली के कोने-कोने से कार्यकर्ता और समर्थक जंतर मंतर पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपवास किया और जूस पीकर सबने उपवास तोड़ा। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह, डॉ. संदीप पाठक व अन्य सांसद, गोपाल राय, आतिशी, सौरभ भारद्वाज समेत अन्य मंत्रियों के साथ विधायक, प्रत्याशी सोमनाथ भारती, कुलदीप कुमार, मेयर डॉ. शौली ओबेरॉय व पार्षद समेत हजारों लोग उपवास में शामिल शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने रघुपति राघव राजा राम समेत कई भजन गीतों के जरिए लोकतंत्र को बचाने और तानाशाही के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालों की खुशी के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया, अब उनके एहसानों और कामों का कर्ज चुकाने की बारी है। हम सच्चाई के साथ हैं। भाजपा में अगर हिम्मत है तो दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाकर दिखाए। अगर वो राष्ट्रपति शासन लगाती है तो उसे दिल्ली में नेस्तनाबूद कर देंगे।

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के हर परिवार को एक अच्छे बेटे और भाई की तरह ध्यान रखा है- डॉ. संदीप पाठक

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के एक-एक परिवार का ध्यान रखा है। उन्होंने परिवार में एक अच्छे बेटे और भाई की जिम्मेदारी निभाते हुए आपके बच्चों को अच्छी शिक्षा और आपके अच्छे इलाज की व्यवस्था की। उन्होंने आपके परिवार को सुखी रखने के लिए हर कोशिश की और अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया। आज आपके नेता अरविंद केजरीवाल को इन्होंने जेल में रखा है। आज उनके सारे अहसानों और कामों को कर्ज चुकाने की बारी है। हम सब मिलकर लड़ेंगे और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी के साथ निभाएंगे।

डॉ. संदीप पाठक ने रामायण का जिक्र करते हुए कहा कि रामायण में एक प्रसंग आता है कि जब भगवान राम रावण के सामने युद्ध करने जाते हैं। तो विभीषण भगवान राम और रावण को देखते हैं, और उन्हें संदेह होता है कि भगवान राम के पास तो कुछ भी नहीं हैं। रावण के पास बड़े रथ हैं, जबकि भगवान राम पैदल हैं। वो कैसे लड़ेंगे और कैसे जीतेंगे? रामायाण में लिखा है, ‘‘रावनु रथी बिरथ रघुबीरा, देखि बिभीषन भयउ अधीरा। नाथ न रथ नहि तन पद त्राना। केहि बिधि जितब बीर बलवाना।’’ विभीषण भगवान राम से पूछते हैं कि हे प्रभु! आप रावण से कैसे जीतोगे? इसके पास तो दुनिया के सारे संसाधन हैं, जिसपर भगवान राम मुस्कुराते हुए कहते हैं कि सौरज धीरज तेहि रथ चाका, सत्य सील दृढ़ ध्वजा पताका। बल बिबेक दम परहित घोरे, छमा कृपा समता रजु जोरे। यानि जिसके पास सत्य, शीलता और दृढ़ता है उसको किसी से डरने की जरूरत नहीं है। आज की परिस्थिति इस संदर्भ को जीवंत करती है। एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी और उनके सारे संसाधन हैं, तो दूसरी तरफ साधारण से कपड़ों और चप्पल पहनें हमारे नेता अरविंद केजरीवाल हैं। हमें किसी संसाधन की जरूरत नहीं है। हम सच्चाई के साथ हैं। हम इस संघर्ष को आगे भी जारी रखेंगे। सोमवार से चुनाव की प्रक्रिया शुरु होगी। अगर हिम्मत है तो दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाकर दिखाओ, तुम्हें दिल्ली में नेस्तनाबूद कर देंगे।

‘‘आप’’ के मंत्री-विधायक राष्ट्रपति, केंद्र सरकार और एलजी से भाजपा के 55 करोड़ रिश्वत लेने की जांच कराने की मांग करें- संजय सिंह

10 नवंबर से लेकर 25 अप्रैल 2023 तक सरथ रेड्डी के 12 बयान लिए गए। 10 बयानों में उसने अरविंद केजरीवाल का नाम नहीं लिया। अंतिम दो बयानों में जब उसने अरविंद केजरीवाल का नाम लिया तो ईडी ने कमर दर्द का बहाना बनाकर उसको जमानत दे दी। उसने गिरफ्तारी से लेकर रिहाई तक बीजेपी को 55 करोड़ रुपए दिए। ईडी और आईटी वाले बार-बार शराब घोटाला कह रहे हैं। अब सारा मामला सामने आ गया है, तुम्हारे माई-बाप बीजेपी वालों ने ही शराब घोटाला किया है। अगर एलजी साहब में अपने पद की जरा सी भी नैतिकता और भारत के संविधान में भरोसा है तो भाजपा द्वारा ली गई 55 करोड़ रुपए की रिश्वत की ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स से जांच कराएं और बीजेपी नेताओं को जेल में डालें, क्योंकि भाजपा ने शराब घोटाला किया है। 55 करोड़ रुपए की रिश्वत लेने के मामले में एलजी साहब जांच को लेकर चिट्ठी क्यों नहीं लिखते हैं। उन्होंने कहा कि ‘‘आप’’ के सभी मंत्री व विधायकों से कहा कि भाजपा के खाते में मिली 55 करोड़ रुपए की मनी ट्रेल में जांच की मांग करें। साथ ही, भाजपा के नेताओं से पूछताछ और उनकी गिरफ्तारी की मांग राष्ट्रपति केंद्र सरकार और एलजी से करें। भाजपाई चोरी भी कर रहे हैं और सीनाजोरी भी कर रहे हैं। भाजपा देश के सारे भ्रष्टाचारियों को माला पहनाकर, उनके पैर छूकर अपनी पार्टी मे शामिल कर लिया। ऐसी भ्रष्टाचारी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलती है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण थे। बंगारू लक्ष्मण ने देश रक्षा सौदे में रिश्वत लेते हुए कैमरे के सामने पकड़े गए और 4 साल की सजा हुई थी।

‘‘आप’’ के सभी कार्यकर्ताओं से अपील, इन आंसुओं का बदला हमें वोट से लेना है- संजय सिंह

उन्होंने कहा कि जेल से छूटने के बाद मैं सीएम अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल से मिलने गया था। पहली बार मैंने उनकी आंखों में आंसू देखा। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को उन आंसुओं का बदला लेना है। आपको देश और दिल्ली के लोगों के बीच जाकर इन आसुंओं का हिसाब लेना है। भाजपा के 400 पार के नारों की नौटंकी के चक्कर में मत पड़ो, इसमें कोई सच्चाई नहीं है। भाजपा वालों का बस चले तो 600 पार का भी नारा दे सकते हैं। इनकी कुछ सीटें पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से आएंगी। भाजप ने दिल्ली में 45 पार का नारा दिया था और केवल 8 सीट आई। पश्चिम बंगाल में 200 पार का नारा दिया था और एक चौथाई सीटें मिली। हरियाणा में 75 पार का नारा दिया था, लेकिन 40 सीट आई। अब भाजपा 400 पार का नारा दे रही है, लेकिन उसकी 100 से ज्यादा सीट नहीं आएगी। सवाल यह उठता है कि बीजेपी को विश्वास है कि उसकी 400 पार सीटें आएंगी तो वो एक सिटिंग मुख्यमंत्री को गिरफ्तार नहीं करती, कांग्रेंस का खाता सीज नहीं करती या झारखंड के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार नहीं करती। अगर भाजपा को 400 से अधिक सीटें आने पर यकीन होता तो वो ऐसे हथकंडे नहीं अपनाती। मोदी जी हार रहे हैं और 2024 में वापस गुजरात जा रहे हैं।

देश के एक-एक भ्रष्टाचारी को भाजपा में शामिल करना ही मोदी जी की गारंटी है- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि ये मोदी की गारंटी है, देश में एक भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोडूंगा, बल्कि पूरे देश से एक-एक भ्रष्टाचारी को भाजपा में शामिल करूंगा। ये मोदीजी की गारंटी है। मोदी जी की गारंटी है कि 70 हजार करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोपी अजीत पवार को भाजपा में शामिल करूंगा। भ्रष्टाचारी छगन भुजबल, प्रफुल्ल पटेल, हसन मुसरिफ, शिंदे, नवीन जिंदल, नारायण राणे, हिमंता बिस्वा सरमा, मुकुल राय, सुभेंदु अधिकारी, जनार्दन रेड्डी, मधु कोड़ा, गीता कोड़ा, सीता सोरेन, तपस राय, अशोक चौव्हान के भ्रष्टाचार को पहले उठाएंगे और फिर भाजपा में शामिल करेंगे। देश के एक-एक भ्रष्टाचारी को भाजपा में शामिल करने की मोदी जी की गारंटी है। जब बीजेपी भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलती है तो ऐसा लगता है कि ओसामा बिन लादेन और गब्बर सिंह अहिंसा पर उपदेश दे रहे हों। ये कहते हैं कि नैतिकता के आधार पर केजरीवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए। नैतिकता के अधार पर पहले हेमंत सोरेन, फिर केजरीवाल, भगवंत मान, विजयन, रेवंत रेड्डी, सीता रमैया, ममता बनर्जी का इस्तीफा लेकर पूरे विपक्ष को खत्म कर देना चाहिए और भाजपा वाले पूरे देश में माल लूटें। हम भाजपा को दिल्ली को लूटने नहीं देंगे। इन्होंने 15 साल एमसीडी को लूटा, फिर दिल्लीवालों इन्हें कॉलर पकड़कर झाड़ू से कूड़ेदान में पहुंचा दिया। इन भ्रष्टाचारियों को सत्ता से हटाकर कूड़ेदान में डालना है। इन्हें देश को लूटने नहीं देना है। दिल्लीवालों ने कह दिया, अरविंद केजरीवाल ही मुख्यमंत्री रहेंगे, दिल्ली विधानसभा ने प्रस्ताव पास कह दिया कि केजरीवाल ही मुख्यमंत्री रहेंगे। देश के लोगों ने कह दिया कि अरविंद केजरीवाल को ही मुख्यमंत्री रहना चाहिए। इसलिए केजरीवाल मुख्यमंत्री हैं और रहेंगे। भारत का संविधान प्रधानमंत्री मोदी या एलजी वीके सक्सेना ने नहीं, अंबेडकर साहब ने लिखा है। अगर किसी मुख्यमंत्री को झूठे मुकदमे मे जेल में डालोगे तो वो इस्तीफा नहीं देगा।

सभी कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और उनको बताएं कि भाजपा ने किस तरह अरविंद केजरीवाल को झूठे केस में फंसाया- संजय सिंह

उन्होंने कहा कि देश की महाभ्रष्ट पार्टी भाजपा का शराब घोटाला पूरे देश के सामने उजागर हो चुका है। 60 करोड़ रुपए का भाजपा का भ्रष्टाचार का देश के सामने आ चुका है। देश के सारे भ्रष्टाचारियों को चुन-चुन का भाजपा में शामिल करने का मामला पूरे देश के सामने आ चुका है। अग्नि वीर जैसी योजना, महंगाई, पूंजीपतियों का 15 लाख करोड़ माफ करना या 750 किसानों की शहादत हो या फिर हिन्दुस्तान के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का मामला हो, एक-एक चीज का इनसे बदला और हिसाब लेना है। अगर हमें भाजपा से एक-एक चीज का हिसाब लेना है तो हमें अब चार गुना अधिक मेहनत से काम करना होगा। लोगों के बीच जाकर सच्चाई बताना होगा और 2024 में भाजपा की सरकार को उखाड़ फंेंकने के संकल्प को मजबूत करना है। सभी कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएं और लोगों को बताएं कि किस तरह अरविंद केजरीवाल को फंसाया गया। कैसे झूठे मुकदमें लगाए गए हैं। ईडी ने अरविंद केजरीवाल के बेगुनाही के 20 हजार पन्ने छिपा कर रखे हैं। उस 20 हजार पन्ने की सच्चाई आने वाले दिनों में कोर्ट के सामने आएगी और दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। जेल के ताले टूटेंगे और अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल से छूटेंगे।

भाजपा गुंडों की तरह एक-एक कर सरकारों को गिराने का काम करती है, लेकिन दिल्ली-पंजाब में ये चालबाजी चलने नहीं देंगे- संजय सिंह

उन्होंने कहा कि हमने इस देश के लिए खून- पसीना बहाना है। हम इस्तीफा नहीं देंगे, तुमसे लड़ाई लड़ने का काम करेंगे। मुख्य न्यायाधीश का धन्यवाद देते हुए कहा कि चंडीगढ़ में हम जीत रहे थे, लेकिन भाजपा ने बेइमानी करके हमें हरा दिया। लेकिन कैमरे में बेइमानी पकड़ी गई। जब 36 वोट में ये 25 फीसद वोट की बेइमानी कर सकते हैं देश के चुनाव में क्या करेगी। भाजपा ने अरुणांचल, उत्तराखंड, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार में भाजपा ने सरकार गिराई और अपनी बना ली। भाजपा की नैतिकता यह है कि गुंडों और अपराधियों की तरह एक-एक कर सरकारों को गिराने का काम करती है, लेकिन दिल्ली और पंजाब में यह चालबाजी चलने नहीं देंगे। पूरे देश में भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दिल्ली की चार लोकसभा सीटों पर ‘‘आप’’ प्रत्याशियों महाबल मिश्रा, कुलदीप कुमार, सोमनाथ भारती, सहीराम पहलवान का परिचय कराते हुए कहा कि जिन सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ रह रही है, वहां दिन-रात मेहनत करें। पूरे देश में जहां भी इंडिया गठबंधन चुनाव लड़ रहा है, वहां उसके घटक दलों के प्रत्याशियों को जीताने का काम करें। दिल्ली की सभी सातों सीटें इंडिया गठबंधन को जीतानी है। इंडिया गठबंधन की सरकार 2024 में बनाना है और इन बेइमानों को सत्ता से बाहर करना है। इंडिया गठबंधन जीतेगा तो आपके बच्चों को अच्छे स्कूल, अस्पताल, सड़कें बनेंगे, माताओं-बहनों को राहत मिलेगी और अगर भाजपाई जीत गए तो गांव-गांव में श्मशान बनाएंगे। मोदी जी यूपी में जाकर कहे थे कि अगर गांव-गांव में कब्रिस्तान होता है तो गांव-गांव में श्मशान भी होना चाहिए। ये इतने अपशगुनी हैं कि उसी के बाद कोरोना महामारी आ गई और गांव-गांव में श्मशान बन गया।

मोदी जी को विदेशों में भीड़ जुटाने के लिए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की मदद लेनी पड़ती है, केजरीवाल को इसकी जरूरत नहीं- गोपाल राय

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि जब जंतर-मंतर से पार्टी का आंदोलन शुरू हुआ था, पूरे देश और दुनिया के लोगों से यहां मोमबत्तियां जली थीं और आंदोलन को एक नई आवाज मिली थी। उसी तरह का परिवर्तन इस देश में आज दिखाई दे रही है। इस देश के छात्रों, नौजवानों, किसानों, मजदूरों, आदिवासियों, गरीबों की आवाज अरविंद केजरीवाल को मोदी सरकार ने तिहाड़ जेल पहुंचा दिया है। लेकिन इस बात का गर्व है कि जिस समय आप जंतर-मंतर पर बैठे हो। देश के हर राज्यों के साथ विदेशों में भी लोग उपवास कर रहे हैं। आज पूरा भारत अरविंद केजरीवाल की लड़ाई में साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब विदेश जाते हैं तो इवेंट मैनेजमेंट कंपनी लोगों को इकट्ठा करती है और मोदी-मोदी के नारे लगवाती है। उनकी वीडियो बनाकर हर जगह फैलाई जाती है। लेकिन अरविंद केजरीवाल को किसी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की जरूरत नहीं है। अरविंद केजरीवाल आज तिहाड़ जेल के अंदर है और अमेरिका से लेकर कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी समेत तमाम देशों में लोग उपवास कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल जंतर-मंतर और रामलीला मैदान के आंदोलन से पैदा हुआ है। उस शख्स ने दिल्ली में अपने पहले चुनाव में 70 में से 67 सीट जीतकर दुनिया में इतिहास रच दिया था।

जेल की सलाखें अरविंद केजरीवाल की आवाज, हौंसले और ताकत को तोड़ नहीं सकती है- गोपाल राय

‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि जब-जब इस देश में संकट आता है। मां भारती उसका समाधान देने के लिए अपनी कोख से बेटे-बेटियों को पैदा करके भेजती है। इसलिए जंतर-मंतर से लेकर पूरे देश और दुनिया में लोग अरविंद केजरीवाल के लिए भूखे बैठे हैं। आज यह संकट केवल दिल्ली में नहीं आया है। पूरा देश आज संकट के दौर से गुजर रहा है। देश के लोगों के दिलों में एक तिलमिलाहट और डर है कि अगर बोलेंगे तो फिर घर वालों को परेशान किया जाएगा, गिरफ्तार किया जाएगा। लेकिन आज अरविंद केजरीवाल पूरे भारत का नायक बनकर जेल के अंदर खड़ा है। पूरे देश के लोगों के लिए एक उम्मीद का किरण बनकर खड़ा हुआ है। बीजेपी सोचती थी कि जेल में डालेंगे तो अरविंद केजरीवाल ठीक हो जाएंगे। लेकिन कोर्ट में उन्होंने कह दिया कि ईडी को जितनी कस्टडी चाहिए, मैं तैयार हूं। इससे साबित होता है कि जेल की सलाखें हमारी आवाज, हौंसले और ताकत को तोड़ नहीं सकती है। बीजेपी के नेता चारों तरफ घूमकर कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा देना चाहिए। भाजपाइयों से पूछना चाहता हूं कि क्या तुमने अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाया है। जो तुम्हारे कहने से अरविंद केजरीवाल इस्तीफा दे देंगे। अरविंद केजरीवाल चाहे जेल से बाहर रहें या फिर अंदर, सरकार वहीं से चलेगी। भाजपाई हमारे हाईकमान नहीं है। हमारे हाईकमान देश के प्रधानमंत्री नहीं है। हमारी हाईकमान दिल्ली की दो करोड़ जनता है, जिनके मोहब्बत, प्यार और आशीर्वाद से अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने हैं। तुम सपने में भी अरविंद केजरीवाल को काम करने से रोक नहीं पाओगे। उनको ईडी, सीबीआई, देश के गृह मंत्री, प्रधानमंत्री काम करने से रोक नहीं पाए तो बीजेपी की हैसियत ही क्या है।

भाजपा में हिम्मत है तो दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाकर देख ले, दिल्ली से उसका नाम मिट जाएगा- गोपाल राय

उन्होंने कहा कि बीजेपी को अरविंद केजरीवाल की चिट्ठी से भी दर्द है। लेकिन सुकेश चंद्रशेखर की रोजाना चिट्ठी पार्सल करने में मजा आता है। ये लोग दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाने की बात कहते घूम रहे हैं। भाजपा में हिम्मत है तो एक बार दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाकर देख लो, दिल्ली से भाजपा का नाम मिट जाएगा। भाजपा वाले कहते हैं कि सौरभ भारद्वाज, आतिशी, दुर्गेश पाठक और राघव चड्ढा को गिरफ्तार करा लेंगे। उस लिस्ट में मेरे साथ दिल्ली के सारे मंत्रियों, विधायकों, पार्षदों का नाम लिख लो, हम जेल जाने को तैयार हैं। तुम्हारी जेलें छोटी पड़ जाएगी, लेकिन अरविंद केजरीवाल के सिपाहियों का सीना गिरफ्तारी के लिए कम नहीं पड़ेगा। अरविंद केजरीवाल इस देश के लोगों के दिलों में रहता है। वह पूरे देश के लोगों के दिलों का राजा है। इसलिए जब अरविंद केजरीवाल जेल से कोर्ट में आए तो एक बात कही कि उनकी जिंदगी देश के लिए पहले भी समर्पित थी और आज भी समर्पित है। अगले दो महीनों में इस बात का फैसला होना है कि देश में तानाशाही की सरकार रहेगी या फिर लोकतंत्र और संविधान की सरकार रहेगी। बीजेपी वालों का लगता है कि अरविंद केजरीवाल जेल में है तो प्रचार कौन करेगा। उनको पता नहीं है कि दिल्ली का हर बच्चा केजरीवाल है। इसलिए हमें सड़क पर लड़ाई लड़नी है। दिल्ली में 25 मई को चुनाव है। ईवीएम पर झाड़ू के निशान पर इतने बटन दबाओ कि रिकॉर्ड टूट जाए। आम आदमी पार्टी पूरे देश में इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। इसलिए दिल्ली में आम आदमी पार्टी और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरी ताकत लगा देें। चुनाव क्षेत्र में किसी कैंडिडेट को मत देखना, बस यह देखना कि केवल एक व्यक्ति चुनाव लड़ रहा है और उसका नाम अरविंद केजरीवाल है।

‘‘आप’’ के सभी नेताओं के परिवारों को सलाम करती हूं, जिन्होंने इतनी मुश्किलों के बावजूद हिम्मत और जज्बा दिखाया है- आतिशी

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता व कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा कि आज यह दौर है कि ईडी- सीबीआई का नाम सुनते ही बाकी पार्टियों के नेता झुक जाते हैं, टूट जाते हैं, भाजपा में शामिल हो जाते है, लेकिन आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन इतनी मुश्किल के बाद भी न झुके, न टूटे और भाजपा में शामिल नहीं हुए। अरविंद केजरीवाल को जेल में देखकर दुख होता है। मनीष सिसोदिया के बारे में सोचकर आंखों में आंसू आते हैं, सत्येंद्र जैन के स्वास्थ्य के बारे में सोचकर बुरा लगता है। लेकिन हम दुखी और परेशान नहीं होंगे। बल्कि अपने इन नेताओं पर गर्व करेंगे कि ये ऐसे नेता है, जो इस तानाशाही के खिलाफ लड़ते रहे और लड़ते रहेंगे।

आतिशी ने कहा कि मनीष सिसोदिया की पत्नी सीमा सिसोदिया पिछले 20 सालों से गंभीर बीमारी से पीड़ित है। उनसे कोई मिलने आया और बोला कि मनीष जी भाजपा में शामिल हो जाएंगे तो वो उनको छोड़ देंगे। इतनी बीमार होने के बाद भी सीमा सिसोदिया ने कहा कि अगर मनीष जी ने अरविंद भइया का साथ छोड़ दिया, आम आदमी पार्टी का साथ छोड़ दिया तो मैं भी उन्हें छोड़ दूंगी। ये है उनका संकल्प। उन्होंने आगे कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के सभी नेताओं के परिवारों को सलाम करती हूं, जिन्होंने इतनी मुश्किलों के बावजूद हिम्मत और जज्बा दिखाया है। आतिशी ने कहा कि, मैं आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को सलाम करती हूँ कि, इतनी विकट परिस्थति में झुके नहीं, टूटे नहीं। आज देश में पहली बार ऐसा हुआ होगा कि एक पार्टी के सभी बड़े नेता जेल में थे फिर भी उसके कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान में लाखों लोगों की रैली आयोजित कर दी। भाजपा के नेताओं की नींद उड़ा दी, ये आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का जज्बा है।

‘‘आप’’ नेता आतिशी ने कहा कि जिस दिन अरविंद केजरीवाल गिरफ़्तार हुए। पूरी दिल्ली को छावनी बना दिया गया था। विरोध करने वाले हर कार्यकर्ता को डीटेन किया जा रहा था। लेकिन हमारा एक भी कार्यकर्ता दबा नहीं। इसलिए मैं ‘‘आप’’ के सभी कार्यकर्ताओं को सलाम करती हूं। ‘‘आप’’ के कार्यकर्ताओं की हिम्मत ही है कि तानाशाही की नींद उड़ी हुई है। उन्हें पता है कि आखिरकार सच्चाई जीतेगी, संघर्ष जीतेगा और अरविंद केजरीवाल की, आम आदमी पार्टी की, इस देश के जनता की जीत होगी। ये संघर्ष अभी शुरू हुआ है और हमें पूरी हिम्मत से इस संघर्ष में आगे बढ़ना है।

सड़क पर आकर लड़ाई लड़ने से आम आदमी पार्टी को सबसे ज्यादा शक्ति मिलती है- सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि संजय सिंह दिन-रात काम करते हैं। मैं मोदी जी का धन्यवाद करता हूं, जिनकी वजह से संजय सिंह को 6 महीने के लिए स्वास्थ्य लाभ लेने का समय मिला। संजय सिंह जब से जेल से बाहर आएं हैं, वापस से काम में लग गए हैं। पहली रात आते ही पार्टी ऑफिस में लंबा-चौड़ा भाषण दिए। दूसरे दिन विभिन्न मीडिया चैनल पर बाइट्स दी। तीसरे दिन और चौथे दिन मीडिया को इंटरव्यू दिया और सामूहिक उपवास में शामिल हुए हैं। आज जो माहौल जंतर-मंतर पर बना है। उसे देखकर 2011-12 के माहौल की याद आ गई। मुझे लगता है कि इसी चीज से हमारी पार्टी को सबसे ज्यादा शक्ति मिलती है। जब हम सड़क पर आकर लड़ाई लड़ते हैं।

कुर्सी किसी के पास हमेशा के लिए नहीं रहती है, जनता इस तानाशाही का जवाब देगी- डॉ. शैली ओबेरॉय

दिल्ली नगर निगम की मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने कहा कि जिस तरह रावण को अपनी शक्तियों का अहंकार था, उसी तरह केंद्र में बैठी बीजेपी को भी ये समझना होगा कि कुर्सी किसी के पास हमेशा के लिए नहीं रहती है। जनता इस तानाशाही का जवाब देगी। अब बीजेपी को भी यकीन हो गया है कि उसे केवल अरविंद केजरीवाल ही टक्कर दे सकते हैं। सारे कार्यकर्ता हमारी ताकत हैं। पहले दिल्ली में हमारी तीन बार सरकार बनी, फिर पंजाब में हमारी सरकार बनी और जब 15 साल बाद बीजेपी के हाथ से नगर निगम छूटा तो बीजेपी के अंदर बौखलाहट आ गई। बीजेपी को लगा कि कैसे सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करके इस पार्टी को खत्म किया जाए। जैसे-जैसे हमारी पार्टी बड़ी होती गई, बीजेपी को डर लगने लगा कि कैसे इस पार्टी को खत्म किया जाए। हम इस उपवास के आशीर्वाद के माध्यम से ये प्रार्थना कर रहे हैं कि सीएम अरविंद केजरीवाल जल्द ही जेल से बाहर आएंगे। अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य देना गुनाह नहीं है। अच्छी सफाई व्यवस्था रखना, महिलाओं और बुजुर्गों का खयाल रखना गुनाह नहीं है। बीजेपी ऐसे षड़यंत्र रच रही है कि सभी विपक्षी नेताओं के चुनावी मैदान से बाहर कर दे। बीजेपी को ये समझना होगा कि वो अकेले चुनाव नहीं लड़ सकती। इंडिया अलायंस की रैली में लाखों की संख्या में आए लोगों मे बता दिया कि पूरे देश की जनता और सभी नेता अरविंद केजरीवाल के साथ हैं।

बीजेपी को गलतफहमी है कि केजरीवाल को गिरफ्तार करने से ‘‘आप’’ खत्म हो जाएगी- कुलदीप कुमार

इंडिया गठबंधन के पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने कहा कि बीजेपी शासित केंद्र सरकार ने जिस तथाकथित घोटाले में दिल्ली के बेटे अरविंद केजरीवाल को जेल में डालने का काम किया है, वह पूरी तरह से फर्जी था। बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए एक सुनियोजित साजिश रची थी। इसके तहत पहले सत्येंद्र जैन, फिर मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने का काम किया। बीजेपी को गलतफहमी है कि केजरीवाल को गिरफ्तार करने से आम आदमी पार्टी खत्म हो जाएगी। लेकिन अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। हम लोग सोचते थे कि 2029 में अरविंद केजरीवाल देश के बड़े नेता होंगे। लेकिन मोदी जी की हरकत ने 2024 में ही अरविंद केजरीवाल को एक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नेता बना दिया है। एक दिन अरविंद केजरीवाल देश के प्रधानमंत्री बनेंगे और उस दिन बीजेपी, ईडी और सीबीआई का भी हिसाब होगा।

अभी संजय सिंह बाहर आए हैं, कल अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन भी आएंगे- सोमनाथ भारती

इस दौरान इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सोमनाथ भारती ने कहा कि इनको लगा था कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी टूट जाएगी। लेकिन इन्होंने जिस दिन ये सोचा उसी दिन भगवान बजरंग बली का आशीर्वाद आ गया। मंगलवार को ऐसी घटना घटी जिससे सबको यकीन हो गया कि आम आदमी पार्टी को भगवान श्री राम और भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त है। जब कोर्ट ने ईडी से पूछा कि क्या कोई मनी ट्रेल निकला, या कोई रिकवरी हुई, तो वो सोच में पड़ गई। अगर तुम जमानत का विरोध करोगे तो फिर मैं पूरे केस के मैरिट के आधार पर फैसला दे दूंगा, और कुछ ऐसा फैसला दे दूंगा कि फिर तुम पछताते और हाथ मलते रह जाओगे। इसका सीधा मतलब ये था कि भगवान हनुमान सीधा जज साहब के मुख से बोल रहे थे कि तुमसे बड़ी भारी गलती हो गई है। जहां एक भी घोटाला नहीं हुआ, वहां तुमने आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में बंद कर रखा है। आज संजय सिंह बाहर आए हैं, कल अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन आएंगे। फिर इन्हें मालूम चलेगा कि हमसे कितनी भारी गलती हो गई है। अब पूरे देश में ‘मैं भी केजरीवाल’ का नारा चल पड़ा है। अब सबको गिरफ्तार करके देखो। तुम्हारे पास जेलों में जगह कम है और यहां केजरीवाल के नाम पर मर मिटने वाले लोग करोड़ों की संख्या में हैं।

गजब के उत्साह के साथ उपवास में शामिल हुए कार्यकर्ता

आम आदमी पार्टी के आह्वान पर रविवार को जंतर-मंतर पर कार्यकर्ता गजब के उत्साह के साथ सामूहिक उपवास में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने सीएम अरविंद केजरीवाल के समर्थन में जोरदार नारे लगाए और भाजपा की तानाशाही को अपने नारों के जरिए ललकारा। इस दौरान संजय सिंह ने नारे लगाकर कार्यकर्ताओं के उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया।

आसमान में उड़ने वाले धरती को पहचान, किसी का रहा नहीं अभिमान

इस दौरान भजन का भी आयोजन किया गया। भजन गायकों ने कई गीतों के जरिए सत्ता के अभियान में चूर भाजपा को संदेश दिया कि यह अभिमान स्थाई नहीं है। ‘‘ आसमान में उड़ने वाले धरती को पहचान, किसी का रहा नहीं अभिमान’’ गीत के जरिए केंद्र की सत्ता को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई और उम्मीद की गई है कि वो अपनी जमीन को पहचानें और जन कल्याण के लिए काम करें।

कार्यकर्ताओं ने ‘‘भाजपा चोर है’’ के लगाए नारे

संजय सिंह ने जब भाषण के दौरान सरथ रेड्डी द्वारा भाजपा को कई किश्तों में 60 करोड़ रुपए की रिश्वत देने की बात बताई तब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कार्यकर्ताओं ने संजय सिंह के भाषण के बीच ‘‘भाजपा चोर है’’ के नारे लगाने लगे। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए खड़े होगा और तालियां बजाकर जोर-जोर से भाजपा चोर है के नारे लगाने लगे। इस पर संजय सिंह ने उनको बैठने का अनुरोध किया, जिसके बाद वो शांत हुए।

नरेंद्र मोदी को विदा करो-विदा करो

संजय सिंह ने जब कहा कि 2024 का चुनाव मोदी जी हार रहे हैं और वापस गुजरात जा रहे हैं, तब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जोश से भर गए। कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे कि नरेंद्र मोदी को वापस करो-वापस करो। इस पर संजय सिंह भी उनका साथ दिया और नारे लगाए कि मोदी साहब को विदा करो-विदा करो। महंगाई को विदा करो, बेरोजगारी को विदा करो, भ्रष्टाचार को विदा करो, तानाशाही को विदा करो। अत्याचार को विदा करो। लूटखोरी को विदा करो। हिटलरशाही को विदा करो, हम लड़ेंगे, जीतेंगे। इनको इस बार देश से विदा करना है।

रूके न जो, झुके न जो, हम वो इन्कलाब हैं

इस दौरान संजय सिंह ने ‘‘रूके न जो, झुके न जो, हम वो इन्कलाब हैं’’ गीत गाकर समर्थकों में जोश भर दिया। उपवास में शामिल समर्थकों ने उनके गीत को दोहराया और खूब आनंद लिया। इसके बाद संजय सिंह ने ‘‘आपन भारत बसेला भैया, माटी वाले गांव में’’ भोजपुरी गीत भी सुनाया।

संजय सिंह ने कहा कि अमित शाह दो साल गुजरात के बाहर रहे, कार्यकर्ताओं ने कहा, तड़ीपार रहे

जंतर-मंतर पर सामूहिक उपवास के दौरान कार्यकर्ताओं और नेताओं में गजब का तालमेल भी देखने को मिला। भाषण के दौरान जब संजय सिंह ने कहा कि अमित शाह तीन महीने जेल में रहे और दो साल तक गुजरात के बाहर रहे, तब कार्यकर्ताओं ने जोर देकर कहा कि अमित शाह गुजरात से तड़ीपार रहे। उनको दो साल के लिए गुजरात से तड़ीपार किया गया था।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia