Scrollup

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र नई दिल्ली के वालेंटियर्स को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2024 में भाजपा को सत्ता से हटाना ही सबसे बड़ी देशभक्ति है। इनको 2014 और 2019 में देश की जनता ने ऐतिहासिक बहुमत दिया था। ये लोग चाहते तो देश को जबरदस्त तरक्की की राह पर लेकर जा सकते थे। लेकिन आज पूरे देश का माहौल बहुत खराब हो गया है। हर तरफ लड़ाई-झगड़े, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, लूटपाट है। मौजूदा नौकरियां लगातार कम होती जा रही हैं, जबकि आबादी बढ़ती जा रही है। आज देश के सामने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार तीन सबसे बड़ी समस्याएं हैं। इसलिए 2024 का चुनाव देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। पहले लोग कहते थे कि इनका कोई विकल्प नहीं है। लेकिन जब से इंडिया गठबंधन बना है, लोग कहने लगे हैं कि इंडिया गठबंधन टिक गया तो 2024 में इनकी सरकार नहीं बनने वाली है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली, छठ पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब भी मैं अपने विधानसभा क्षेत्र में कहीं जाता हूं तो वहां के लोग दिल्ली सरकार की तारीफ के साथ-साथ हमारे वालेटिंयर्स की भी बहुत तारीफ करते हैं। लोग कहते हैं कि हमारे वालेंटियर्स बहुत अच्छे हैं। हम लोग किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि से नहीं आते हैं। मेरे साथ मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, आतिशी, सौरभ भारद्वाज ये सभी बहुत समान्य लोग थे। हम आम लोगों ने मिलकर आम आदमी पार्टी बनाई। उसी तरह हमारे वालेंटियर्स भी समान्य पृष्ठभूमि से आते हैं। सीएम ने कहा कि दूसरी पार्टियों के लोग अक्सर अपने इलाके में गुंडागर्दी, गाली गलौंज करते हुए देखे जाते हैं। इसलिए लोग उनको पसंद नहीं करते हैं। हमारी पार्टी के वालेंटियर्स बहुत शरीफ लोग हैं। अगर कहीं शरीफ लोग दिख जाएं तो समझ जाओ कि वो आम आदमी पार्टी का है। यही पहचान है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2024 का चुनाव आ रहा है। इन लोगों को देश के लोगों ने 2014 और 2019 में बहुत भारी बहुमत देकर जिताया था। अदभुत बहुमत था। ये लोग चाहते तो देश को जबरदस्त तरक्की के रास्ते पर ले जा सकते थे, लेकिन आज देख रहे हैं कि देश में चारों तरफ माहौल बहुत खराब हो गया है। लोगों के बीच आपस में लड़ाई झगड़े होने लगे है। वाट्सएप ग्रुप को छोड़ों परिवारों के अंदर बाप-बेटे के बीच लड़ाई हो जा रही है। इससे पहले, समाज के अंदर इतना जबरदस्त ध्रुवीकरण कभी नहीं देखा गया था। इतने लड़ाई-झगड़े, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, लूटपाट कभी नहीं देखा गया। कहीं पर भी शांति नजर नहीं आती है। अगर शांति नहीं होती है तो देश तरक्की नहीं कर सकता। इस वक्त देश का कोई भी तबका इनसे खुश नहीं है। सभी दुखी है। इन्होंने देश की अर्थव्यवस्था समेत सभी चीजों का बेड़ा गर्क कर दिया है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2024 में इनको सत्ता हटाना ही सबसे बड़ी देशभक्ति है। देश तभी तरक्की करेगा। इन्होंने जो निर्णय लिए, किसी को कुछ समझ नहीं आता है कि क्यों ये निर्णय लिए। ये निर्णय लेते हैं या फिर इनकी जगह कोई और निर्णय लेता है। 2016 में ये लोग बोले कि भ्रष्टाचार दूर करने के लिए एक हजार के नोट खत्म कर रहे हैं। ये बोले कि बड़े नोटों में कालाधन रखने में सहूलियत होती है। इसलिए एक हजार के नोट बंद कर रहे हैं। लेकिन ये एक हजार का नोट बंद करके दो हजार का नोट ले आए। लेकिन नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ। इन्होंने बोला था कि इससे आतंकवाद खत्म हो जाएगा। लेकिन आतंकवाद भी खत्म नहीं हुआ।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब नोटबंदी हुई थी, तब कई सारी अफवाहें भी चली थीं कि बहुत ज्यादा भ्रष्टाचार हो रहा है। 30-30 फीसद कमीशन लेकर नोट बदले जा रहे हैं। आम जनता तो लाइनों में लगी है, लेकिन बड़े-बड़े लोगों के पिछले दरवाजे से नोट बदले जा रहे हैं। सात साल भी नहीं पूरे हुए और इन्होंने दो हजार रुपए के नोट भी बंद कर दिए। किसी को समझ नहीं आ रहा है कि ये दो हजार रुपए के नोट क्यों लाए थे? इस तरह की नोटबंदी पूरी दुनिया के किसी भी देश में नहीं देखी गई। दो हजार के नोट क्यों बंद कर दिया, ये बताते ही नहीं हैं? 2016 में हुई नोटबंदी से भारत की अर्थव्यवस्था कम से कम 10 साल पिछड़ गई है। लोगों के काम धंधे, फैक्ट्रियां, व्यापार बंद हो गए।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज पूरे देश का व्यापारी दुखी है और सभी कहते हैं कि पहले व्यापार ठीक चला करता था। अब तो व्यापार का भट्ठा बैठ गया है। इन्होंने पहले नोटबंदी की और फिर जीएसटी ले आए। जीएसटी बहुत ही जटिल है, किसी को समझ में नहीं आता है। सभी बड़े-बड़े उद्योगपतियों के पीछे ईडी-सीबीआई लगा रखे हैं। पिछले कुछ सालों में 12 लाख बड़े अमीर और व्यापारी भारत की नागरिकता छोड़कर विदेश जाकर वहां की नागरिकता ले ली है। यह बहुत ही गंभीर बात है। एक तरफ हम कहते हैं कि विदेशी निवेश चाहिए और हमारे देश का निवेश बाहर जा रहा है। अगर हमारे देश के उद्यमी विदेश चले जाएंगे तो भारत में इंडस्ट्री कौन लगाएगा, व्यापार कौन करेगा और हमारे युवाओं के लिए नौकरियां कैसे पैदा होंगी? इन्होंने एक साल में 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। लेकिन केंद्र सरकार के सर्वे ये दिखाते हैं कि मौजूदा नौकरियां भी दिनों-दिन कम होती जा रही हैं। जबकि जनसंख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में हमारे युवाओं को रोजगार कहां से मिलेगा?

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये लोग अपने लोगों के पीछे ईडी-सीबीआई नहीं लगाते हैं। एक किसी नेता को सबसे बड़ा भ्रष्टाचारी बताएंगे और अगले दिन उसको अपनी पार्टी में शामिल करके उसको डिप्टी सीएम या मंत्री बना देंगे। ये कहते हैं कि भ्रष्टाचार दूर कर रखे हैं, लेकिन इन्होंने भारत में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार किया है। ये कहते हैं कि वन नेशन-वन फ्रैंड। इनका एक ही दोस्त है, सबका एक ही दोस्त होना चाहिए। सबके पीछे जांच एजेंसी लगी है। मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन पर कई बार रेड हो चुकी है, इनको एक चवन्नी नहीं मिली। लेकिन इनके दोस्त के उपर एक भी रेड नहीं हुई, जबकि उनके उपर ढेरों आरोप लग चुके हैं। इसलिए यह मामला भ्रष्टाचार का नहीं है। चोर-उचक्के, महिलाओं खिलाड़ियों को छेड़ने वाले सब इनकी पार्टी में हैं। इनकी पार्टी चोर-उचक्कों, महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों को सुरक्षा देती है। कोई भी गलत काम करने वाला चोर-उचक्का, लफंगा इनकी पार्टी में शामिल हो जाए तो किसी भी जांच एजेंसी की उसे हाथ लगाने की हिम्मत नहीं है। इन्होंने तरक्की का एक भी काम नहीं किया है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश के सामने आज सबसे बड़ी महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार तीन सबसे बड़ी समस्याएं हैं। मेरी सभी दिल्लीवासियों से निवेदन है कि हमें खूब मेहनत करनी होगी। अभी तक लोग कहते थे कि विकल्प नहीं है। लेकिन अब इंडिया गठबंधन को सभी लोग एक विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। जब से इंडिया गठबंधन बना है, मेरे पास बहुत सारे लोगों के मैसेज आए हैं कि अगर इंडिया गठबंधन टिक गया, तो 2024 में इनकी सरकार नहीं बनने वाली है। मुझे पूरा यकीन है कि इंडिया गठबंधन टिकेगा। इसलिए हमारे सभी वालेंटियर्स को एक-एक घर जाकर अपने दोस्तों-रिश्तेदारों से बात करनी पड़ेगी कि इस बार इन्हें भगाओ। अगर तरक्की और परिवार का भला चाहते हो तो इस बार इन्हें भगाओ। मेरी ये भी सलाह है कि अंधभक्तों से मत उलझना, देशभक्तों से बात करना। जो देशभक्त है, वो आपकी बात सुनेगा और बात करेगा, लेकिन अंधभक्त को देश से कोई लेना-देना नहीं है। उसको सिर्फ एक आदमी से प्यार है। जो अंधभक्त है वो देशभक्त हो ही नहीं सकता और जो देशभक्त है वो अंधभक्त नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि 2024 का चुनाव देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अगर फिर पांच साल के लिए ये लोग आ गए तो देश को पूरी तरह से खत्म कर देंगे।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia