Scrollup

 

*कांंग्रेस और भाजपा के बीच मिलीभगत, दोनों ने जनता को बरसों तक लूटा : आलोक अग्रवाल*

*सत्ता नहीं व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई है, आम आदमी की जीत होगी निश्चित : सुशील गुप्ता*

*आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद ने विधानसभा प्रत्याशियों के समर्थन में किया रोड शो*

*भाजपा और कांग्रेस पर किया कड़ा प्रहार, कहा- दोनों ही पार्टियां जनता को बांटती है, विकास का दावा है खोखला*

 

*कटनी, 24 सितंबर।* आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी आलोक अग्रवाल ने कटनी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश की 230 सीटों पर पूरी मजबूती से विधानसभा चुनाव लड़ेगी और लूट और भ्रष्टाचार की सरकार को उखाड़कर आम आदमी का राज स्थापित करेगी। भाजपा और कांग्रेस के बीच मिलीभगत है, ये दोनों ही पार्टियां अब तक जनता को कभी झूठे वादे करके तो कभी धर्म जाति के नाम पर लड़ाकर ठगती रही हैं। इससे पहले श्री अग्रवाल और राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्र के विधानसभा प्रत्याशियों के समर्थन में आम आदमी पार्टी ने रोड शो का आयोजन किया। इस रोड शो में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित भटनागर भी मौजूद थे। कटनी की विभिन्न सड़कों से गुजरा यह रोड शो शहर के बीच चर्चा का विषय बना रहा और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साह के साथ इसमें हिस्सेदारी की।

इसके बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 14 सालों में प्रदेश को लूट और भ्रष्टाचार दिया है। लोग भाजपा सरकार से नाराज हैं और कांग्रेस को भी विकल्प के रूप में नहीं देखना चाहते हैं, इसलिए प्रदेश में स्वच्छ और ईमानदार सरकार देना आम आदमी पार्टी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा है। कर्ज के कारण मध्य प्रदेश में 5 किसान रोज आत्महत्या कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में अतिरिक्त उत्पादन होने के बावजूद बिजली देश में सबसे महंगी है और यही नहीं 43 लाख घरों में आज भी बिजली नहीं पहुंची है। प्रदेश में शिक्षा का हाल भी बदहाल है। 50 प्रतिशत से ज्यादा बच्चे फेल हो रहे हैं। 25 हजार से ज्यादा सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। 90 प्रतिशत स्कूलों में बिजली नहीं है। आठवीं कक्षा के बच्चे 1-9 तक के अंकों को नहीं पहचान पाते हैं। 40 लाख घरों की महिलाओं को एक किमी दूर से पानी लाना होता है। प्रदेश में जितनी जरूरत है, उसके आधे ही अस्पताल हैं, और जो हैं उनमें भी 50 प्रतिशत में डॉक्टर नहीं हैं। 92 बच्चे रोज कुपोषण के कारण मौत के मुंह में समा जाते हैं। प्रदेश में 70 प्रतिशत बच्चों में खून की कमी है। 45 प्रतिशत बच्चे कुपोषित हैं। प्रदेश में नौकरियों की कमी के कारण हर रोज औसतन दो युवा आत्महत्या कर रहे हैं। प्रदेश के बुजुर्गों को महज 300 रुपए पेंशन दी जाती है, जो अन्य प्रदेशों की तुलना में बेहद कम है। इस लूट और भ्रष्टाचार की सरकार को उखाड़कर प्रदेश में आम आदमी का राज स्थापित करना है।

*आम आदमी की जरूरतें आप सरकार की प्राथमिकता में होंगी: सुशील गुप्ता*
इस दौरान प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी व्यवस्था की परिवर्तन के लिए चुनाव मैदान में आई है। आम आदमी पार्टी को सत्ता का मोह नहीं है। व्यवस्था परिवर्तन के लिए जरूरी है कि आम आदमी की रोजी, रोटी, शिक्षा स्वास्थ्य, बिजली, आदि की व्यवस्था की जाए। आम आदमी पार्टी के प्राथमिक लक्ष्यों में यह शामिल है। हम यह मानते हैं कि जब मानव संसाधन का विकास होगा, तो देश का भी विकास होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शिक्षा का बजट 24 प्रतिशत है। दिल्ली सरकार अगर एक रुपए कमाती है, तो उसमें से 24 पैसे शिक्षा के लिए खर्च करती है। हम चाहते हैं कि यह व्यवस्था देश के हर हिस्से में हो। इसके विपरीत मध्य प्रदेश की बात करें, तो हिंदुस्तान के सभी राज्यों में मध्य प्रदेश 28वें स्थान पर है। शिवराज सरकार ने 25 हजार स्कूल बंद कर दिए। यह शर्म की बात है कि मध्य प्रदेश में 46 प्रतिशत बच्चे कुपोषित हैं। दिल्ली सरकार स्वास्थ्य पर 12 प्रतिशत खर्च करती है। दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक को दुनिया देख रही है।

*सरकारों के बीच के फर्क को बताएंगे और जनता कह रही है अब बस*
आम आदमी पार्टी की चुनावी तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए श्री अग्रवाल ने बताया कि पार्टी ने *सरकार-सरकार में फर्क होता है* और *अब बस* कैंपेन जारी किए हैं। यह दोनों कैंपेन सोशल मीडिया के साथ-साथ जमीन पर *डोर-टू-डोर कैंपेन* के दौरान जनता तक ले जाए जाएंगे। भाजपा मध्य प्रदेश में बता रही है कि सरकार-सरकार में फर्क होता है, और इसके लिए वह 2003 की कांग्रेस सरकार से अपने 15 साल के कामकाज की तुलना कर रही है। हम भी मानते हैं कि सरकार-सरकार में फर्क होता है, लेकिन असली फर्क क्या होता है, यह हम इस कैंपेन के जरिये बताएंगे और दिल्ली सरकार के महज तीन साल के कामकाज की तुलना शिवराज सरकार के 15 साल से करेंगे। दिलचस्प यह है कि दिल्ली में महज 3 साल में जो काम हुए हैं, वह भाजपा की 15 साल की सरकार पर भारी हैं।

*जनता को जोड़ा जाएगा अब बस कैंपेन से*
इस मौके पर अब बस कैंपेन के बारे में बताया कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने 15 साल में कोई ऐसा काम नहीं किया है जिससे जनता को असल में कोई लाभ हुआ हो। ऐसे में प्रदेश में चारों ओर बदहाली और भ्रष्टाचार और लूट का राज है। इस स्थिति से मध्य प्रदेश की जनता अब निजात चाहती है। इसी भावना को *अब बस कैंपेन* में बल दिया गया है कि अब ये सब कुछ नहीं चलेगा। इसके लिए आम जनता को अब बस का लोगो लगाकर जो भी गलत काम प्रदेश में हो रहा है, जैसे टूटी सड़कें, परेशान किसान, फसल की बर्बादी, बेरोजगारी, कुपोषण, स्वास्थ्य शिक्षा की बदहाली इनकी तस्वीरें खींचकर इन *अब बस* के लोगो लगाकर अपने फेसबुक, ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट करना है और हमें भेजना है। यह लोगो तीन कलर में आम आदमी पार्टी की वेबसाइट http://ab-bas.aamaadmiparty.org पर उपलब्ध हैं।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष अमित भटनागर के अलावा मुडवारा (कटनी) के विधानसभा प्रत्याशी सुनील मिश्रा, बोहरीबंद के प्रत्याशी अनिल सेंगर, विजय राधोगढ़ के रमाकांत पटेल के साथ अफरोज अहमद, महिला शक्ति की जिला अध्यक्ष गीता मसीह, महिला शक्ति की जिला उपाध्यक्ष अलका गौड़, देवेंद्र गुप्ता, आफत यादव, अजय मेघानी समेत सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

*मीडिया सेल*
*आम आदमी पार्टी, कटनी*

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

sudhir