Scrollup

नई दिल्ली, 24 मार्च 2024

आम आदमी पार्टी ने सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली में जगह-जगह कैंडल मार्च निकालकर प्रधानमंत्री और भाजपा का पुतला दहन किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत ‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री आतिशी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र कालकाजी में पहले कैंडल मार्च निकाला और फिर पुतला दहन किया। इसी तरह, पूर्वी दिल्ली लोकसभा से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी एवं विधायक कुलदीप कुमार ने कोंडली के अंबेडकर पार्क और विधायक संजीव झा ने बुराड़ी विधानसभा में पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस ने ‘‘आप’’ नेताओं के साथ भारी तादात में मौजूद दिल्ली की जनता को रोकने का प्रयास किया, लेकिन लोगों के आक्रोश के आगे उनकी एक न चली। दिल्लीवालों ने कहा कि भाजपा ने अब अति कर दी है। एक मुख्यमंत्री को झूठे आरोप में गिरफ़्तार करना तानाशाही व लोकतंत्र की हत्या है और अब भाजपा की तानाशाही का अंत तय है। जनता ने कहा कि केजरीवाल ने अपने परिवार की तरह दिल्लीवालों की सुख-सुविधाओं का ख्याल रखा है। सीएम पर हो रहे इस अत्याचार को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

कालकाजी में कैंडल मार्च का नेतृत्व कर रहीं कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा कि देश के इतिहास में पहले ऐसा कभी नहीं हुआ कि एक राष्ट्रीय पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक को चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद गिरफ़्तार कर लिया जाता है। एक बड़े राष्ट्रीय पार्टी के बैंक अकाउंट को फ्रिज कर दिया गया हो। 2 दिनों से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय की तरफ़ जाने वाले रास्तों को बैरिकेड कर बंद कर दिया जाता है। ये सब देश में विपक्षी पार्टियों को चुनाव लड़ने से रोकने का प्रयास है। ये सीधे-सीधे देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि कथित शराब घोटाले में 2 साल की जाँच, सैकड़ों रेड और हज़ारों अफ़सरों को लगाने के बाद भी जांच एजेंसियों को आप के नेताओं से एक पैसे का भी भ्रष्टाचार नहीं मिला। बावजूद इसके सभी शीर्ष आप नेताओं को गिरफ़्तार कर लिया गया। जबकि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बयान बदलने वाले शराब कारोबारी से भाजपा को 60 करोड़ रुपए का चंदा मिला। अब भाजपा को इसका जबाव देना होगा। अगर ईडी स्वतंत्र जाँच एजेंसी है तो इस सबूत के आधार पर तुरंत भाजपा को आरोपी बनाए और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को गिरफ़्तार करें।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर मोदी जी ने बहुत बड़ी गलती की है। हर तानाशाह का अंत होता है और मोदी जी की ये गलती उनकी तानाशाही का अंत साबित होगा। दिल्ली वाले अपने मुख्यमंत्री से बहुत प्यार करते है और मोदी जी की इस अति का जबाव उन्हें दिल्ली और पूरा देगी। अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं एक प्रेरणा है। ये लोग अरविंद केजरीवाल जी को गिरफ़्तार कर सकते है लेकिन उनकी क्रांतिकारी सोच को कैसे गिरफ़्तार करेंगे। मोदी जी ने अरविंद केजरीवाल को जेल में बंद कर दिया लेकिन अब ’आप’ का हर नेता-कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल बनकर सड़कों पर उतरेगा, इन्हें इनकी तानाशाही का जबाव देगा और इनका सूपड़ा साफ़ करेगा।

भाजपा ‘‘आप’’ को खत्म करने की कितनी भी कोशिश कर ले, दिल्लीवाले अपने बेटे अरविंद केजरीवाल के लिए संघर्ष करेंगे- कुलदीप कुमार

इसी कड़ी में पूर्वी दिल्ली लोकसभा से इंडिया के प्रत्याशी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में हम सड़कों पर उतरे हैं। आज दिल्ली के लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर मुख्यमंत्री केजरीवाल को गिरफ्तार कर क्यों जेल में डाला गया है? आज देश की जनता पीएम मोदी से सवाल पूछ रही है कि दिल्ली के जिस तथाकथित शराब घोटाले में शरत चंद्र रेड्डी को आपकी ईडी ने सरकारी गवाह बनाया है, उसकी कंपनी से बीजेपी ने इतना मोटा चंदा क्यों लिया? आज हम लोग सड़कों पर इसलिए उतरे हैं कि देश के लोकप्रिय नेता अरविंद केजरीवाल को खत्म करने और आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए बीजेपी चाहे लाख कोशिश कर रही है। लेकिन उसके बाद भी दिल्ली के दिल में अरविंद केजरीवाल बसते हैं। दिल्ली के बेटे अरविंद केजरीवाल है तो आम आदमी पार्टी और दिल्ली के लोग अपने बेटे अरविंद केजरीवाल के लिए सड़कों पर संघर्ष करेंगे और लड़ाई लड़ने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आज बीजेपी डर और घबरा गई है। उसको पता चल गया कि चुनाव में हारने जा रही है। इसलिए अरविंद केजरीवाल को चुनाव प्रचार से रोकना चाहती है। यही वजह है कि अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करके इस तरह का षड्यंत्र रचने का काम किया है। देश देख रहा है कि बीजेपी पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और वह चंदा चोर बन गई है।

आम आदमी पार्टी अब तानाशाही के अंत के बाद ही होली मनाएगी- संजीव झा

वहीं, बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कैंडल मार्च और पुतला दहन कर कहा कि ऐसा लग रहा है कि अंग्रेजों का शासन है। हमें यह लोकतंत्र हमारे पूर्वजों के संघर्ष की वजह से मिला है। संविधान ने हमें प्रदर्शन करने और बोलने की आजादी दी है। पीएम मोदी देश के अंदर तानाशाही ला रहे हैं। चारों तरफ पुलिस तैनात है। उन्हें इतना खौफ किस बात का है? कुछ तो गड़बड़ है। आपके किए गए कुकर्मों का फल दिल्ली और देश की जनता देगी। आप पुलिस तैनात करके हमें रोकने की कोशिश कर रहे हैं। ये अंग्रेजों की पुलिस नहीं है, देश के लोगों की सुरक्षा देने के लिए है। आप इसे अंग्रेजों की पुलिस मत बनाओ, नहीं तो जो हाल अंग्रजों का हुआ था। यह देश मोदी का भी वहीं हाल करेगा। आप हमारे विरोध-प्रदर्शन को नहीं रोक सकते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पुलिस के सहारे गुंडागर्दी और लोकतंत्र को कुचलना बंद कर दें। पुलिसवाले जनता के अधिकारों को कुचलने के लिए वर्दी नहीं पहनी हैं। हमें जनता ने इसलिए चुना है, ताकि हम उनके दुख-सुख में साथ खड़े रहें और इस देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करें। आम आदमी पार्टी अब तानाशाही के अंत के बाद ही होली मनाएगी।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia