Scrollup

*भाजपा और कांग्रेस के बीच हो गया है अघोषित गठबंधन*

*कांग्रेस अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है: गोपाल राय*

*10 मार्च से पूर्ण राज्य के आंदोलन को लेकर आम आदमी पार्टी की 1000 टीम दिल्ली में उतरेंगी।*

 

नई दिल्ली, 5 मार्च 2019, मंगलवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री एवं दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि देश की भावनाएं कुछ और है और कांग्रेस की भावनाएं कुछ और है।

कांग्रेस के दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ किसी भी प्रकार का गठबंधन न करने की बात और इसी प्रकार से उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में अपने प्रत्याशी उतारने का ऐलान से कांग्रेस की मंशा पर एक प्रश्नचिन्ह लगाता है, कि कहीं कांग्रेस का भाजपा के साथ अघोषित गठबंधन तो नहीं हो गया है।

पिछले 4 साल से जिस तरह से दिल्ली में लगातार कांग्रेस वही भाषा बोल रही है जो भाजपा बोलती है, और भाजपा की पिछले 5 साल की तानाशाही को देखते हुए देश की जनता में जो एक लोकतंत्र को बचाने की भावना जगी, जनता ने चाहा कि देश का पूरा विपक्ष एकजुट होकर मोदी और शाह की इस तानाशाही से देश को बचाए, कांग्रेस ने देश के करोड़ों लोगों की उस मंशा का गला घोटने का काम किया है।

कांग्रेस जिस तरह से पूरे देश में विपक्षी पार्टियों के खिलाफ अपने प्रत्याशी चुनाव में उतार रही है, उसको देखकर यही प्रतीत होता है कि कांग्रेस अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा की मदद करने का काम कर रही है।

ऐसा लगता है कि जिस प्रकार से पंजाब में भाजपा ने आम आदमी पार्टी को हराने के लिए अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस को जिताने में उनका साथ दिया, उसी एहसान का बदला चुकाने के लिए कांग्रेस दिल्ली में आम आदमी पार्टी को हराने के लिए अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा की मदद कर रही है।

गोपाल राय ने कहा कि जिस प्रकार से 2015 के इलेक्शन में आम आदमी पार्टी ने जनता के साथ मिलकर दिल्ली का चुनाव लड़ा और कांग्रेस एवं भाजपा के अघोषित गठबंधन की जमानत जप्त कराने का काम किया था, उसी तर्ज पर एक बार फिर आम आदमी पार्टी पूरे दमखम के साथ दिल्ली के लोकसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी को उतारेगी और भाजपा और कांग्रेस के इस अघोषित गठबंधन का कड़ा जवाब देगी।

कांग्रेस का राष्ट्रीय संगठन अभी तक यह दलील दे रहा था कि राज्य का संगठन गठबंधन के लिए राजी नहीं है। परंतु आज राष्ट्रीय संगठन एवं राज्य संगठन की बैठक के बाद कांग्रेस का गठबंधन ना करने का जो बयान आया वह इस बात को दर्शाता है कि कांग्रेस के लिए पार्टी देश से बड़ी है।

भाजपा को घेरते हुए गोपाल राय ने कहा कि भाजपा देश की सेना को चुनावी मुखौटा बनाकर जनता को बहकाने का काम कर रही है। पिछले 5 साल में भाजपा ने केवल और केवल देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने और देश को आगे बढ़ाने की बजाय पीछे ले जाने का काम किया है।

भाजपा को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि अगर सचमुच भाजपा ने जनता के हित में कोई काम किए हैं, तो सेना के नाम का सहारा लेना छोड़ कर, अपने कामों के आधार पर जनता से वोट मांगे, जनता तुम्हें इसका जवाब दे देगी।

मोदी जी ने देश और दिल्ली की जनता से झूठ बोला। भाजपा के 2014 के घोषणापत्र में साफ तौर पर उन्होंने दिल्ली की जनता से वादा किया था, कि अगर दिल्ली की सातों सीटों पर भाजपा के सांसद जीत कर आते हैं तो दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे। परंतु जीत के बाद एक भी इन सांसदो ने संसद के अंदर दिल्ली को पूर्ण राज्य दिलाने की चर्चा तक नहीं की।

दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने अनशन की बात कही थी। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के कारण देश में जो परिस्थितियां बनी उसको देखते हुए अनशन को रद्द कर दिया गया। परंतु आम आदमी पार्टी का दिल्ली को पूर्ण राज्य दिलाने का जो एजेंडा है वह बरकरार है। आम आदमी पार्टी अपनी 1000 टीमें बनाकर दिल्ली में उतारेगी। ये टीमें दिल्ली के कोने कोने में जाकर जनता को भाजपा और कांग्रेस की असली सूरत से रूबरू कराने का काम करेगी।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

sudhir