Scrollup

‘‘आप’’ की 11वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बोले अरविंद केजरीवाल, ‘‘मेरा “आप” को लेकर नहीं, देश को लेकर विज़न है, देश के उस विज़न को पाने के लिए “आप” एक ज़रिया है- अरविंद केजरीवाल

हम ऐसा देश चाहते हैं जहां कोई भूखा न सोए, गरीब को भी अच्छी शिक्षा-स्वास्थ्य मिले व अमीर बने और भारत शिक्षा का हब बने- अरविंद केजरीवाल

-जाति-धर्म के नाम पर हिंसा न हो, जिस देश के लोग इकट्ठा होकर काम नहीं करेंगे, वो देश आगे बढ़ ही नहीं सकता- अरविंद केजरीवाल

जो भी पार्टी या संस्था इस देश को टुकड़े-टुकड़े करने की कोशिश करती है, वो देश की तरक्की करना नहीं चाहती, बल्कि देश को 19वीं सदी में ले जाना चाहती है- अरविंद केजरीवाल

हमारे देश के जवान चीन की सीमा पर डटकर सामना कर रहे हैं, लेकिन इधर भाजपा की केंद्र सरकार की क्या मज़बूरी है कि वो चीन से व्यापार बढ़ाती जा रही है?- अरविंद केजरीवाल

ये भारतीयों को भगा रहे हैं और चीन वालों को गले लगा रहे हैं, चीन से आने वाला 90 फीसद माल भारत में बन सकता है- अरविंद केजरीवाल

मैं देश के लोगों से चीन के सामान का बॉयकॉट करने की अपील करता हूं और हम भारत में ही बना समान ख़रीद लेंगे- अरविंद केजरीवाल

पिछले 5-7 साल में 12.5 लाख लोग देश छोड़कर चले गए, ये उद्योगपतियों के पीछे ईडी-सीबीआई छोड़ते हैं और चोर-उचक्कों को पार्टी में लेते हैं- अरविंद केजरीवाल

लोग महंगाई से बहुत परेशान हैं, देश में महंगाई की दर 7 फीसद है, सबसे ज्यादा महंगाई दर भाजपा शासित गुजरात, मध्यप्रदेश और यूपी में है, जहां महंगाई दर 8 फीसद है- अरविंद केजरीवाल

दिल्ली में महंगाई दर सिर्फ 4 फीसद है, देश में सबसे सस्ता शहर दिल्ली है, क्योंकि यहां सरकार जनता के लिए काम करती है- अरविंद केजरीवाल

यह साल हमारे लिए बहुत अच्छा रहा, हम पंजाब व एमसीडी जीते, गोवा में दो एमएलए हैं, ‘‘आप’’ राष्ट्रीय पार्टी बनी और पहली बार में गुजरात में 14 फीसद वोट शेयर के साथ हमारे 5 विधायक हैं- अरविंद केजरीवाल

दिल्ली ने हमें सरकार दी, पंजाब ने लोकसभा में सांसद दिए, गोवा ने साउथ में खाता खोला और गुजरात वालों ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बना दिया- भगवंत मान

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में दिल्ली में आम आदमी पार्टी की 11वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की हुई बैठक

बैठक में ‘‘आप’’ की उपलब्धियां गिनाई गई और देश में बढ़ती महंगाई-बेरोजगारी और चीन की आक्रमकता के खिलाफ लिया गया संकल्प

नई दिल्ली, 18 दिसंबर 2022

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में दिल्ली में आज आम आदमी पार्टी की 11वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस बैठक में ‘‘आप’’ की उपलब्धियां गिनाई गई और देश में बढ़ती महंगाई-बेरोजगारी और चीन की आक्रमकता के खिलाफ संकल्प लिया गया। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘मेरा आम आदमी पार्टी को लेकर नहीं, देश को लेकर विज़न है। देश के उस विज़न को पाने के लिए “आप” एक ज़रिया है। हम ऐसा देश चाहते हैं जहां कोई भूखा न सोए। गरीब को भी अच्छी शिक्षा-स्वास्थ्य मिले व अमीर बने और भारत शिक्षा का हब बने। जाति-धर्म के नाम पर हिंसा न हो। जिस देश के लोग इकट्ठा होकर काम नहीं करेंगे, वो देश आगे बढ़ ही नहीं सकता। उन्होंने आगे कहा कि हमारे देश के जवान चीन की सीमा पर डटकर सामना कर रहे हैं, लेकिन इधर भाजपा की केंद्र सरकार की क्या मज़बूरी है कि वो चीन से व्यापार बढ़ाती जा रही है? ये भारतीयों को भगा रहे हैं और चीन वालों को गले लगा रहे हैं। चीन से आने वाला 90 फीसद माल भारत में बन सकता है। मैं देश के लोगों से चीन के सामान का बॉयकॉट करने की अपील करता हूं। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोग महंगाई से बहुत परेशान हैं। देश में महंगाई की दर 7 फीसद है। सबसे ज्यादा महंगाई दर भाजपा शासित गुजरात, मध्यप्रदेश और यूपी में है, जहां महंगाई दर 8 फीसद है। वहीं, दिल्ली में महंगाई दर सिर्फ 4 फीसद है। देश में सबसे सस्ता शहर दिल्ली है, क्योंकि यहां सरकार जनता के लिए काम करती है।

दिल्ली में आज सुबह आम आदमी पार्टी की 11वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की। बैठक में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, पंजाब के सीएम भगवंत मान, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, ‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय समेत 32 कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत सभी सदस्यों की एक-दूसरे से परिचय के साथ हुई। बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक के अंत में देश भर में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी और चीन की आक्रमकता के खिलाफ संकल्प लाया गया।

देश में शायद ‘‘आप’’ इकलौती ही पार्टी है, जिसकी एक साल में दिल्ली में सरकार बन गई, फिर 10 साल के अंदर पंजाब में सरकार बनी और अब राष्ट्रीय पार्टी बन गई- अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय परिषद बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह साल आम आदमी पार्टी के लिए बहुत अच्छा रहा। पिछले एक साल में हम पंजाब का चुनाव जीते, गोवा में हमारे दो विधायक बने और अभी गुजरात के चुनाव में हम लोगों को शानदार सफलता मिली। गुजरात के सिलसिले में एक व्यक्ति ने मुझे कहा कि गुजरात में तो आप बैल से दूध निकाल कर ले आए हैं। गाय से दूध तो सारे निकालते हैं, हम बैल से दूध निकाल कर ले आए हैं। गुजरात में हम लोग पहली बार चुनाव लड़े और पहली बार में ही हमें करीब 14 फीसद वोट मिला और 5 एमएलए बने। कई मीडिया के लोग पूछते हैं कि गुजरात में आप की सरकार नहीं बनी! आज तक भारत के इतिहास में कभी नहीं हुआ होगा कि पहली बार कोई पार्टी चुनाव लड़ी और उसकी सरकार बन जाए। लेकिन हमारे से उनको आदत पड़ गई है कि ये चुनाव लड़ रहे हैं तो सरकार बनेगी ही। 2027 में गुजरात में हमारी सरकार जरूर बनेगी। हम लोग एमसीडी का चुनाव जीते, इसके लिए सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई। पिछले 15 साल से इन लोगों का एलसीडी पर कब्जा था। इसके साथ ही हमारी 10 साल की आम आदमी पार्टी अब राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बहुत बधाई। यह भी बड़ी बात है कि इतने कम समय के अंदर आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। देश में शायद आम आदमी पार्टी इकलौती ही पार्टी है कि पार्टी बनते ही एक साल के अंदर दिल्ली में हमारी सरकार बन गई। उसके बाद 10 साल के अंदर दूसरे राज्य पंजाबी सरकार बन गई और 10 साल के अंदर आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई। इसका सबसे बड़ा कारण हमारी विचारधारा और हमारा काम है। हम जनता और देश की बातें कर रहे हैं। देश की राजनीति में एक तरफ से ताजी हवा का झौंका आया है। लोग इन पार्टियों से तंग आ गए थे।

हम देश की और असल मुद्दों की बात करते हैं और राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में आम आदमी पार्टी के कामों और ईमानदार राजनीति की चर्चा हो रही है- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब चुनाव होते हैं, तो ये लोग एक-दूसरे को गाली देते हैं, कोई जनता की बात नहीं करता है। जनता बिचारी टीवी पर देखती रहती है कि क्या चल रहा है? हमारे बारे में तो कोई बात ही नहीं कर रहा है। पहली बार एक पार्टी आई है, जो चुनाव में जाकर कहती है कि हम तुम्हारे बच्चों के लिए स्कूल बनाएंगे, हम तुम्हारे परिवार वालों का इलाज कराएंगे, हम तुम्हारी महंगाई दूर करेंगे, तुम्हारे बच्चों को रोजगार देंगे, हमें वोट दे दो। हम आम आदमी की बात कर रहे हैं। हम देश की और असल मुद्दों की बात कर रहे हैं। आज राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य के अंदर आम आदमी पार्टी के कामों और ईमानदार राजनीति की चर्चा हो रही है। मोटे तौर पर देश में तीन ही राष्ट्रीय पार्टियां हैं। एक दो पार्टियां और हैं, जो लीगल तरीके से राष्ट्रीय पार्टी कही जा सकती हैं, लेकिन जन सामान्य में देखा जाए तो कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी ही देश की जनता के दिमाग में है और इन तीनों के अंदर आम आदमी पार्टी बिल्कुल अलग खड़ी होती है।

आम आदमी पार्टी की तीन विचारधारा कट्टर देशभक्ति, कट्टर ईमानदारी और इंसानियत है- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी की विचारधारा को बताते हुए कहा कि हमारी विचारधारा के तीन स्तंभ हैं। पहला कट्टर देशभक्ति। हम कट्टर देशभक्त लोग हैं। हम मर जाएंगे, मिट जाएंगे लेकिन देश के लिए सर्वस्व न्यौछावर है। देश पहले है, परिवार बाद में है और मैं और भी बाद में हूं। देश के लिए सिर भी कटाना पड़े, देश के लिए सर्वस्व और परिवार भी अगर न्यौछावर करना पड़े, तो हम लोगों को मंजूर है। दूसरा कट्टर ईमानदारी हम बेईमानी करने नहीं आए हैं, हमारी उत्पत्ति रामलीला मैदान से भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से हुई थी। रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के खिलाफ देश का सबसे बड़ा आंदोलन हुआ था। जिसमें से आम आदमी पार्टी निकली थी। हम ईमानदारी से काम करने और देश की सेवा करने के लिए आए हैं। हम अपना घर भरने नहीं आए हैं। यह तो ये लोग पिछले 70 साल से कर ही रहे थे। अगर बेईमानी करनी होती तो आम आदमी पार्टी बनाने की क्या जरूरत थी? बीजेपी और कांग्रेस में चले जाते। वही विधायक वगैरह बन जाते और पैसा कमा लेते। हम यह करने नहीं आए थे। हमारी अकेली पार्टी है, जो अपने मंत्री के बारे में भी जरा सा पता चलने पर उसको जेल भेज देती है। भारत के इतिहास में और कोई पार्टी नहीं है जो अपने खुद के मंत्री को जेल भेज दे। हमारी तीसरी विचारधारा इंसानियत है। इंसान का इंसान से हो भाईचारा, यही है पैगाम हमारा। धर्म और जातियों के बीच में ये जो लड़ाई झगड़ा करवाते हैं, हमें यह नहीं करना है। सब इंसान बराबर हैं। चाहे जो किसी भी जाति- धर्म का हो। चाहे वो अमीर हो या गरीब हो। सब बराबर हैं और हर इंसान का दूसरे इंसान की सेवा करना फर्ज है। यही आम आदमी पार्टी के तीन स्तंभ है।

भाजपा की विचारधारा गुंडागर्दी है, जबकि कांग्रेस की विचारधारा भ्रष्टाचार है, इसलिए जनता को हमारी विचारधारा पसंद आ रही है- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दूसरी पार्टियों की विचारधारा पर बात करते हुए कहा कि इनमें से एक पार्टी की विचारधारा है गुंडागर्दी। इन्होंने पूरे देश के अंदर बहुत गुंडागर्दी मचा रखी है। इनको गुंडागर्दी, लफंगई, गाली-गलौज और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करना है। देश के जितने भी लुच्चे-लफंगे हैं, वो सभी संरक्षण लेने के लिए इनकी पार्टी में चले जाते हैं। ये लोग इन गंदे लोगों को माला पहनाकर अपनी पार्टी में शामिल कराते हैं। वहीं, दूसरी पार्टी की विचारधारा भ्रष्टाचार है। इन्होंने इतने भ्रष्टाचार किए हैं। एक तरह से देखा जाए जो जनता को इसलिए हमारी विचारधारा पसंद आ रही है। साथ ही, हमने दिल्ली में गवर्नेंस के जो काम किए हैं, आज तक ऐसे काम कभी नहीं हुए हैं। वहीं, सारे काम अब पंजाब में भी होने चालू हो गए हैं। जनता को विश्वास होने लगा है कि आम आदमी पार्टी अच्छी पार्टी है और शरीफों की पार्टी है।

एक तरफ हमारे सैनिक चीन बॉर्डर अपनी जान दे रहे हैं और दूसरी तरफ भारत सरकार चीन से और माल खरीद रही है, क्या हमारे सैनिकों के जान की कोई कीमत नहीं है?- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक अहम मुद्दा है, जो देश के हर आदमी को पीड़ा दे रहा है। जिस तरह से पिछले कुछ सालों में चीन हम लोगों को आंखें दिखा रहा है। जिस तरह से चीन हमारे उपर छोटे-बड़े हमले कर दे रहा है। बॉर्डर पर हमारे देश के जवान डट कर मुकाबला कर रहे हैं। अपनी जान तक दे दे रहे हैं। इसके बावजूद सुनने में आता है कि चीन कहीं पर इतने किलोमीटर अंदर घुस आया। वहीं, भारत सरकार कहती है कि सब ठीक है। सोशल मीडिया में आता है कि सरकार ठीक नहीं बोल रही है। अब एक तरफ चीन हमें आंखें दिखा रहा है और हमारा सैनिक चीन का डट कर मुकाबला कर रहा है। अपनी जान तक दे रहा है। कई सैनिकों की जान चली गई है। वहीं, दूसरी तरफ मैं देख रहा था कि चीन को हम इसका इनाम देते जा रहे हैं। भाजपा की केंद्र सरकार को पता नहीं क्या हो गया है कि चीन को सजा देने और उनकी आंख में आंख डाल कर जवाब देने के बजाय हम चीन से और सामान खरीद रहे हैं। 2020-21 में हमने 65 बिलियन डॉलर का चीन से माल खरीदा है। मोटे तौर करीब 5.25 लाख करोड़ रुपए का सामान भारत ने चीन से खरीदा। चीन ने और आंख दिखाई, तो भाजपा की केंद्र सरकार ने अगले 95 बिलियन डॉलर (करीब 7.50 लाख करोड़ रुपए) का चीन से सामान खरीदा। केंद्र सरकार को तो यह कहना चाहिए था कि ठीक से रहो, नही ंतो हम सामान खरीदना बंद कर देंगे। हमें तो उनको सजा देनी चाहिए थी। चीन से और माल खरीदने की भाजपा की और केंद्र सरकार की क्या मजबूरी है? एक तरफ हमारे सैनिक चीन बॉर्डर अपनी जान दे रहे हैं और दूसरी तरफ भारत सरकार चीन से और माल खरीद रही है। क्यों? क्या हमारे सैनिकों की जान की कोई कीमत नहीं है? चीन से कपड़े, चप्पलें, खिलौने, चश्में आयात किए जा रहे हैं। यह सारा सामान तो भारत भी बना सकता है। भारत के अंदर इसको बनाने की बजाय सारा सामान चीन से खरीद रहे हैं। इन लोगों की कुछ तो मजबूरी है। इनको हमारे सैनिकों की जान की भी परवाह नहीं है। ये कहते हैं कि चीन से माल सस्ता आता है। हमें इनका सस्ता माल नहीं चाहिए। हम भारत का माल खरीद लेंगे, चाहे कितने में भी बनें। हमारे भारत के लोग कट्टर देशभक्त हैं। हमारे लिए अपने सैनिकों की जान की कीमत है। हमें चीन का सस्ता माल नहीं चाहिए। अगर दोगुनी कीमत में भी हमारे देश में माल बनेगा, तो हम अपने देश से दोगुनी कीमत पर माल खरीद लेंगे लेकिन चीन से माल खरीदना बंद करो।

जिस दिन हमने चीन को आंख दिखानी शुरू कर दी और आयात करना बंद कर दिया, उस दिन चीन को अपनी औकात पता चल जाएगी- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं भारत के लोगों से अपील करता हूं कि चीन के माल का बॉयकाट करना शुरू कर दो। मैं भारत सरकार से भी अपील करता हूं कि थोड़ा सा दम दिखाओ। अपने देश के सैनिकों की थोड़ी सी इज्जत करना सीखो। भाजपा से भी अपील करता हूं कि इस से अपने आपको गिरवी मत रखो और चीन के सामने अपना सिर मत झुकाओ। पूरे देश को एक साथ लो और देश का एक-एक आदमी चीन के सामान का बॉयकाट करेगा। यह 21वीं सदी है। ऐसा नहीं है कि एक देश दूसरे देश की जमीन पर कब्जा कर लेता है। यह सारा इकोनॉमी और व्यापार का खेल होता है। जिस दिन हमने चीन को आंख दिखानी शुरू कर दी और यह जो 95 बिलियन डॉलर हम आयात कर रहे हैं, यह आयात करना हमने बंद कर दिया, उस दिन चीन को अपनी औकात पता चल जाएगी। 95 बिलियन डॉलर यानी 7.50 लाख करोड़ रुपए कम नहीं होता है। हम अपने देश में यह माल क्यों नहीं बना रहे हैं? हम चप्पलें, खिलौने, कपड़े और चश्में बना सकते हैं। अखबारों में खबर छपी है कि हम चीन से जो माल मंगवा रहे हैं, उसमें से 90 फीसद माल भारत में बन सकता है। इन्होंने हमारे देश के लोगों की हालत इतनी पतली कर दी है कि अब बड़े-बड़े उद्योगपति देश छोड़ कर जा रहे हैं। पिछले पांच-साल साल के अंदर करीब 12.50 लाख लोग भारत छोड़कर चले गए। किसी के पीछे ईडी, किसी के पीछे सीबीआई छोड़ देते हैं। ये किसी को काम ही नहीं करने देते हैं। जिनके पास पैसा है, उद्योगपति हैं, बड़े-बड़े व्यापारी हैं, सब लोग देश छोड़-छोड़कर जा रहे हैं। लोग दुखी हैं। इन्होंने लोगों को फर्जी केस करके दुखी कर दिया है। जितने चोर-उचक्के हैं, उनको ये नहीं पकड़ेंगे। चोर उचक्कों को अपनी पार्टी में शामिल कर लेंगे और उनको सरक्षण देंगे। वहीं, जो इस देश के अंदर ईमानदारी से काम करना चाहता है, उद्योग चलाना चाहता है, व्यापार करना चाहता है, उसके पीछे ईडी और सीबीआई छोड़ देंगे। वो हाथ जोड़कर देश छोड़कर चला गया। इधर ये चीन से हाथ मिलाते हैं, लेकिन जो लोग हमारे देश के अंदर उद्योग लगा सकते हैं, व्यापार कर सकते हैं, मैनुफैक्चरिंग कर सकते हैं, देश के बच्चों को रोजगार दे सकते हैं, उनके पीछे ईडी छोड़ दी और वो देश छोड़कर जा रहे हैं। ऐसे देश कैसे आगे बढ़ेगा? भारत के जितने लोग पूरी दुनिया के अंदर हैं, उन सभी को भारत में लाओ और उनको निवेश करने के लिए बोलो और कहो कि हम आपको सारी सुविधाएं व जमीन देंगे और भारत में आकर मैनुफैक्चरिंग करो। मैं गारंटी देता हूं कि हम चीन को निर्यात करना चालू कर देंगे। ये भारतीयों को भगा रहे हैं और चीन वालों को गले लगा रहे हैं। चीन वालों को बुलाकर झूला झूलाते हैं। थोड़ी तो शर्म होनी चाहिए।

भाजपा शासित सारे राज्यों में सबसे ज्यादा महंगाई है और दिल्ली में सबसे कम है, महंगाई तो कम हो सकती है, लेकिन ‘‘आप’’ जैसी एक ईमानदार सरकार होनी चाहिए- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस देश में महंगाई खूब हो गई है। एक आम आदमी महंगाई से बहुत ज्यादा परेशान है। घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो गया है। दिल्ली के अंदर जनता ने हमारे उपर तीसरी बार भरोसा किया और दिल्ली के अंदर हमें भारी बहुमत दिया। अब जनता ने हम लोगों को एमसीडी के चुनाव भी जीता दिए। पहले कभी नहीं हुआ था। पहले दिल्ली सरकार में एक पार्टी की सरकार बनती थी। वो इतने उल्टे-सीधे काम करते थे कि जनता दुखी होकर एमसीडी में दूसरी पार्टी की सरकार बना देती थी। पहली बार ऐसा हुआ कि दिल्ली में हमारी लगातार तीसरी बार सरकार बनी और एमसीडी में भी हमारी सरकार है। दिल्ली में हमने जनता को खूब सारी फ्री की सुविधाएं दी है। हमने जनता के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य फ्री कर दी। किसी के घर में कोई बीमार हो जाए, तो उसका सारा इलाज फ्री कर दिया। हमने बिजली, पानी और महिलाओं की बस में यात्रा फ्री कर दी। लोगों को तीर्थ यात्रा पर लेकर जाते हैं। केंद्र सरकार की एक रिपोर्ट आई है। उस रिपोर्ट के मुताबिक पूरे देश में महंगाई की दर 7 फीसद है और दिल्ली में महंगाई दर केवल 4 फीसद है। पूरे देश में सबसे कम महंगाई दिल्ली में है। यह केंद्र सरकार की रिपोर्ट कह रही है। इसके पीछे कारण यही है कि दिल्ली में इतनी सारी चीजें फ्री है। शहरों में प्रकृतिक तौर पर महंगाई होती है। इस हिसाब से दिल्ली में चीजें सबसे ज्यादा महंगी होनी चाहिए थी। क्योंकि दिल्ली तो देश की राजधानी है और देश का सबसे बड़ा शहर है। लेकिन पूरे देश में सबसे सस्ती दिल्ली है। यह भी दुनिया के लिए अपने आप में एक मॉडल है। सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात में 8 फीसद महंगाई है। भाजपा शासित सारे राज्यों में सबसे ज्यादा महंगाई है और दिल्ली में सबसे कम महंगाई है। महंगाई तो कम हो सकती है, लेकिन शर्त यह है कि आम आदमी पार्टी जैसी एक ईमानदार सरकार होनी चाहिए।

अब दिल्ली ने यह दिखा दिया है कि महंगाई और बेरोजगारी का समाधान हो सकता है, लेकिन अच्छी नीयत वाली सरकार होनी चाहिए- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बेरोजगारी से भी पूरा देश बहुत दुखी है। हमारे बच्चे डिग्रियां लेकर सड़कों पर घूम रहे हैं। उनको नौकरी नहीं मिल रही है। इसमें कई सारे प्रयोग हमारे डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया जी भी कर रहे हैं। स्कूली बच्चों को बिजनेस करना सीखा रहे हैं कि जब बच्चे डिग्री लेकर बाहर निकलें, तो वो नौकरी लेने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें। उसमें समय लगेगा। लेकिन हमारी सरकार ने पिछले 5-7 साल के अंदर दिल्ली में 12 लाख बच्चों के लिए रोजगार तैयार किया है। अब पंजाब के अंदर पिछले 7-8 महीने में सीएम भगवंत मान ने कई सारी नई सरकारी नौकरियों की भर्ती निकाली है। इन्होंने 21 हजार युवाओं के हाथ में नियुक्ति पत्र दे दिया। नौकरियां मिल तो सकती हैं। रोजगार मिल तो सकता है, नीयत चाहिए। इनकी नीयत खराब है। अब दिल्ली ने यह दिखा दिया है कि महंगाई का भी समाधान हो सकता है, बेरोजगारी का भी समाधान हो सकता है, लेकिन अच्छी नीयत वाली सरकार होनी चाहिए। कुछ लोग पूछते हैं कि आम आदमी पार्टी का विजन क्या है? आने वाले समय में आम आदमी पार्टी को कहां देखते हैं? आम आदमी पार्टी को लेकर मेरा कोई विजन नहीं है, देश को लेकर विजन है कि आज से 5-10 साल के बाद देश को कहां देखते हैं। आम आदमी पार्टी देश के विजन को पूरा करने का काम करेगी। हम ऐसा देश चाहते हैं, जहां सभी जाति-धर्म के लोगों के बीच प्यार-मोहब्बत हो। जाति-धर्म के नाम पर कोई हिंसा, मारपीट, गाली-गलौंज और लफंगई नहीं होनी चाहिए। अगर किसी देश के अंदर सभी लोग इकट्टे होकर होकर एक साथ काम नहीं करेंगे, तो वो देश कभी तरक्की कर ही नहीं सकता। पहले तो हमें अपने देश को इकट्ठा करना पड़ेगा। हमारा देश 130 करोड़ लोगों का परिवार है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस परिवार में चार भाई है और वो चारों भाई आपस में लड़ रहे हैं, तो वो परिवार तरक्की नहीं कर सकता है। जो बाप जमीन-जायदाद छोड़कर जाता है, उसको भी वो लोग चार टुकड़ें कर लेंगे। वहीं, अगर वो चारों भाई एक साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो वो बाप जितनी जमीन छोड़कर जाता है, चारों मिलकर उससे भी सौ गुनी जमीन कर लेता है। जब एक साथ परिवार रहता है। ये जितने जाति-धर्म और संस्कृति-भाषाएं हमारे देश के अंदर हैं, वो 130 करोड़ लोगों का परिवार है। अगर हम एक साथ मिलकर नहीं रहेंगे, तो देश तरक्की कर रही नहीं सकता है। जो भी पार्टी या संस्था हमारे देश को टुकड़े-टुकड़े करने की कोशिश करती है, वो इस देश की तरक्की करना नहीं चाहती है। वो इस देश को 19वीं सदी में ले जाना चाहती है। हम एक ऐसा देश चाहते हैं, जहां कोई भूखा न सोए। सबको भरपेट रोटी मिले। केवल अपने लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि भारत दुनिया को भी रोटी देने के लिए सक्षम बने। हम खुद तो अपना पेट भरें साथ ही हम दुनिया के गरीब देशों का भी पेट भरने के लिए समर्थ हों।

भगवान ने भारत को ठीक करने के लिए आम आदमी पार्टी को जरिया बनाया है, भगवान से प्रार्थना है कि हम लोगों ने भारत का जो विजन देखा है, वो जल्द हासिल हो- अरविंद केजरीवाल

उन्होंने कहा कि हम ऐसे भारत की परिकल्पना करते हैं कि हमारे देश के अंदर पैदा होने वाले हर बच्चे को अच्छी से अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। चाहे वो गरीब हो या अमीर हो। जैसा एक अमीर घर के बच्चों को स्कूल मिलता है, वैसा ही गरीब से गरीब के बच्चे को भी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी की सुविधाएं मिले और हमारा देश पूरी दुनिया का शिक्षा का हब बने। एक जमाना ऐसा था, जब हमारे देश में नालंदा यूनिवर्सिटी थी और पूरी दुनिया के बच्चे हमारे देश के अंदर पढ़ने आते थे। आज हमारे बच्चे मेडिकल पढ़ने के लिए यूक्रेन जाते हैं। यह शर्म की बात है। हम ऐसे देश की परिकल्पना करते हैं जहां पर पूरी दुनिया के टॉप के 10 की 10 यूनिवर्सिटी भारत की होंगी और पूरी दुनिया के बच्चे भारत में पढ़ने के लिए आएंगे। आज दुनिया की टॉप की 10 यूनिवर्सिटी में एक भी यूनिवर्सिटी भारत की नहीं है। हम ऐसे भारत की परिकल्पना करते हैं कि अगर हमारे देश के अंदर कोई बीमार होगा, तो उसको अच्छे से अच्छा इलाज मिलना चाहिए। आज सरकारी अस्पतालों की जैसी हालत है, उसको सुधारना है। हमने दिल्ली के अंदर सुधार कर दिखाया है। भगवंत मान अब पंजाब में सरकारी अस्पतालों की हालत सुधारने में लगे हुए हैं। पूरे देश में अब सरकारी अस्पताल और सरकारी सुविधाएं ठीक करनी है। चाहे कोई कितना भी गरीब क्यों न हो, उसका अच्छे से अच्छा इलाज होना चाहिए और पूरी दुनिया के लोग भारत के अंदर अपना इलाज कराने के लिए आएं, इस देश के अंदर हम ऐसे अस्पताल तैयार करेंगे। साइंस और टेक्नोलॉजी के अंदर भारत दुनिया का नंबर वन देश बन सकता है। अमेरिका बड़ी-बड़ी यूनिवर्सिटी में भारत के लोग भरे पड़े हैं। उनको देश के बाहर क्यों जाना पड़ता है। वो अपने देश के अंदर ही रिसर्च कर सकते हैं। हमारे देश के अंदर इतनी गंदी राजनीति है कि अगर कोई रिसर्च में आगे बढ़ता है, तो सारे उसकी टांग खींचकर नीचे ले आते हैं। हम अपने देश के अंदर बेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट और साइंस व टेक्नोलॉजी के सेंटर खोलना चाहते हैं, जो भारत को ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को एक दिशा देंगे। मैं इस देश से केवल गरीबी ही दूर नहीं करना चाहता हूं, मैं इस देश के हर आदमी को अमीर बनाना चाहता हूं। हम ऐसे भारत की कल्पना करते हैं और ऐसे भारत के विजन को हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी एक जरिया है। इस वाहन के जरिए हम भारत की परिकल्पना को हासिल करेंगे। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं। भगवान की हमारे उपर हमेशा असीम कृपा रही है। जिस तरह से हमने अपनी पार्टी में जो भी उपलब्धि हासिल की है, वो किसी जादू से कम नहीं है। एक एमएलए बनने में लोगों की जिंदगी बीत जाती है, चप्पलें-जूते घिस जाते हैं। भगवान ने एक साल में दिल्ली में हमारी सरकार बना दी और 10 साल के अंदर दूसरा राज्य पंजाब दे दिया। उपरवाला कुछ तो हम पर कृपा कर रहा है और कुछ तो हमसे करवाना चाह रहा है। मैं भगवान का बहुत-बहुत शुक्रिया यदा करता हूं कि उन्होंने भारत को ठीक करने के लिए आम आदमी पार्टी को जरिया बनाया है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि हम लोगों ने भारत का जो विजन देखा है, वो जल्द हासिल हो और हम इसी तरह तन-मन-धन से देश और समाज की सेवा करते रहें।

पंजाब में हम अरविंद केजरीवाल जी की गारंटी पूरी करने के साथ-साथ वो गारंटी भी पूरी कर रहे हैं जो हमने दी भी नहीं थी- भगवंत मान

वहीं, पंजाब के सीएम भगवंत मान ने गुजरात की टीम को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली ने हमें सरकार दी। पंजाब ने लोकसभा के सासंद दिए। गोवा वालों ने पहली बार साउथ में खाता खोला। गुजरात वालों ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनाया। जब भी इतिहास में पढ़ा जाएगा कि आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी कब बनी थी, तो उसका सही जवाब होगा कि गुजरात चुनाव के बाद बनी। हम किसी को कुछ नहीं कहते हैं और न ही कोई पॉवर यूज करते हैं। हम सीधा कहते हैं कि स्कूल ठीक कर देंगे, सड़के बनाएंगे। हमने दो राज्यों में बिजली मुफ्त करके दिखाया है। आपको इन्फ्रास्ट्रक्चर और रोजगार देंगे। यह पहले कोई भी पार्टियां नहीं करती थी। जो हेलीकाप्टर से वोट मांगकर जीत जाते थे, अब वो गलियों में पर्चे बांट रहे हैं। अरविंद केजरीवाल जी उन्हें धरती पर ले आए। अरविंद केजरीवाल जी ने कहा था कि हम राजनीति करने नहीं, सिखाने आए हैं। अब सीख गए हैं। स्कूलों में जाना भी शुरू कर दिया और अब अस्पतालों की बातें भी करनी पड़ रही है। हमें पंजाब में केवल 8 महीने हुए हैं और वो काम कर दिए हैं, जो सरकारें जाते-जाते भी नहीं करती हैं। आमतौर पर आखिरी 6 महीनों में काम करते हैं कि शायद लोगों को यह 6 माह याद रह जाए। अभी आसपास कोई चुनाव नहीं है, लेकिन हमने पंजाब में टीम के साथ मिलकर इतना अच्छा काम किया और अब पंजाब के लोग बोलने लग गए है कि फर्क तो दिखा है। जो कहते थे, वो कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल जी की गारंटी तो पूरी करनी ही करनी है, लेकिन हम वो भी गारंटी पूरी कर रहे है जो दी भी नहीं थी। झारखंड में पंजाब की कोयले की माइन थी, जो 2015 से बंद पड़ी थी। हमने सब एनओसी व लोकल दिक्कतें पूरी करके कल कोयले की माइन चलाई। उसमें से हम 70 लाख मीट्रिक टन कोयला निकालेंगे। हमने कोयले के मामाले में आत्मनिर्भर की गारंटी नहीं दी थी। ये कहते थे कि पैसा कहां से आएगा। इससे 1500 करोड़ रूप्ए सालाना बिजली बोर्ड को फायदा होगा। उसी 1500 करोड़ रूपये से लोगों को मुफ्त की सुविधाएं देंगे। हमने पंजाब में ओल्ड पेंशन स्किम लागू की।

दिल्ली और पंजाब में किए अपने काम को हम पूरे देश में लेकर जाएंगे- भगवंत मान

सीएम भगवंत मान ने कहा कि निवेश के लिए पंजाब पूरी तरह से तैयार है। कल (सोमवार) चेन्नई में इंडस्ट्रीयलिस्ट के साथ बैठक है और परसो (मंगवार) हैदराबाद में है। बहुत से इंडस्ट्रीयलिस्ट पंजाब में निवेश करने को तैयार हैं। हमने उसका लोगो ‘इन्वेस्ट इन द बेस्ट’ रखा है। हमारे लाखों एनआरआई के लिए पंजाब मायके की तरह है। जब यहां से कुछ अच्छी खबर जाती है, तो उनका हौसला बढ़ता है कि हमारे देश में कुछ तो अच्छा हो रहा है। उन्होने कहा कि पंजाब में हम बहुत अच्छे सरकारी स्कूल बनाएंगे। पजांब में सरकारी व प्राइवेट मिलाकर कुल 32 यूनिवर्सिटीज हैं। मैंने सभी वीसी के साथ बैठक कर कहा कि बेशक मंहगी फीस है लेकिन वहां से जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब प्रोवाइडर दो। अगर आप एक स्किल्ड पर्सन पैदा करोगे, तो वो स्टार्टअप शुरू करके कई लोगों को नौकरियां देगा। मैं आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता बनकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यही वो पार्टी है जो 26-27 -28 साल के लड़के -लड़कियों को विधानसभा, लोकसभा व राज्यसभा और मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचा देती है। वरना हिमाचल में हालात देख रहे हैं। वहां सरकार तो बन गई लेकिन मंत्रीमंडल नहीं बना। गोवा में हमारे एमएल को खरीदने की कोशिश की गई लेकिन जो मार्केट में ही नहीं है वो कैसे बिकेगा? दिल्लीवालों ने पंजाब को बताया कि ऐसा हो सकता है। अब पंजाब को गेट-वे ऑफ इंडिया के लिए तैयार करेंगे। पंजाब और दिल्ली के काम हम पूरे देश में लेकर जाएंगे।

हमने जैसे दिल्ली-पंजाब में बेरोज़गारी को ख़त्म करने और महंगाई को कम करने की दिशा में काम किया है, उसे देश के कोने-कोने में लेकर जाएंगे- मनीष सिसोदिया

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हम अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी में है। आम आदमी पार्टी ने सिर्फ़ 10 सालों में अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व में शानदार सफ़र तय किया है और देश हित के लिए काम किया। यह हमारा सौभाग्य है कि अरविंद केजरीवाल जी हमारे लीडर हैं। उन्होंने कहा कि आज देशभर में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक किसी भी हिस्से में चले जाओ और केजरीवाल जी की बात करो तो वहां लोग एक बात ज़रूर बोलते हैं कि केजरीवाल जी अच्छे इंसान हैं। आम आदमी पार्टी अच्छा काम कर रही है और उन्हें हमारे राज्य में भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि देश के सामान्य लोगों के दिलों में आम आदमी पार्टी से यह उम्मीद है कि हम उनकी बेहतरी के लिए काम करेंगे। हम हर आम आदमी की इन उम्मीदों पर खड़ा उतरेंगे। आम आदमी पार्टी की 11वीं नेशनल काउंसिल की बैठक में काउंसिल द्वारा पारित प्रस्तावों पर उन्होंने कहा कि हमने जैसे दिल्ली और अब पंजाब में बेरोज़गारी को ख़त्म करने की दिशा में काम किया है, जिस प्रकार महंगाई कम की है, उसे देश के कोने-कोने में लेकर जाएंगे।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia