Scrollup

मनोज तिवारी चुनावों के चलते दिल्ली की अनधिकृत कालोनियों में रहने वाले लोगों के साथ हमदर्दी का ढोंग कर रहे हैं : सौरभ भारद्वाज

भाजपा की मंशा ही नहीं है दिल्ली की अनाधिकृत कालोनियों को पक्का करने की : सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली, 22 सितम्बर 2019

आप मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक बयान जारी करते हुए भाजपा द्वारा दिल्ली में अनाधिकृत कॉलोनियों को लेकर आज चलाए गए अभियान पर पलटवार करते हुए कहा कि अनाधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने का जो भाजपा ढिंढोरा पीट रही है, वह मात्र ढकोसला है, भाजपा की नियत ही नहीं है दिल्ली की अनाधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने और कॉलोनी में रहने वाले लोगों को उनका मालिकाना हक देने की।

अगर भाजपा सचमुच दिल्ली की अनाधिकृत कॉलोनियों को पक्का करना चाहती है तो हरदीप पुरी जी के 1 महीने का वादा करने के बाद अब 6 महीने का समय क्यों मांग रही है? उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक दिल्ली की जनता के मन में एक असमंजस था कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार की है या केंद्र सरकार की है। उन्होंने कहा दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने में दोनों ही सरकार की भागीदारी है। कोर्ट के आदेश अनुसार किसी भी अनधिकृत कॉलोनी को पक्का करने के लिए उसमें पांच मूलभूत सुविधाओं नालियां, सड़कें, सीवर, बिजली और पानी का होना बेहद जरूरी है। यह काम दिल्ली सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है।

दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने अपने हिस्से का काम पूरा किया। उन्होंने बताया कि लगभग 5000 करोड़ रुपए की लागत से दिल्ली सरकार ने दिल्ली की लगभग सभी अनाधिकृत कालोनियों में नालियां, सड़कें, सीवर, बिजली और पानी की व्यवस्था कर दी है। तत्पश्चात दिल्ली सरकार ने अनधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज कर अपनी जिम्मेदारी पूरी की थी। परंतु भाजपा शासित केंद्र सरकार एक लंबे समय तक उस प्रस्ताव को दबा कर बैठी रही। अब जब दिल्ली के चुनाव नजदीक आ गए हैं तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी जी अनाधिकृत कालोनियों की जनता के साथ हमदर्दी दिखाने का ढोंग रच रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी जी द्वारा जुलाई में की गई प्रेस वार्ता का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने न केवल दिल्ली को बल्कि पूरे देश को यह बताया था कि दिल्ली सरकार की ओर से सारी जिम्मेदारी पूरी हो चुकी है। अब केंद्र सरकार की जिम्मेदारी बाकी है। उन्होंने कहा कि जब हरदीप पूरी जी ने 1 महीने के अंदर दिल्ली की सभी अनाधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने का वादा किया था, तो मनोज तिवारी जी अब किस आधार पर 6 महीने का समय दिल्ली की जनता से मांग रहे हैं। उनके द्वारा 6 महीने का समय मांगे जाने से यह बात साफ हो गई है कि भाजपा की मंशा ही नहीं है दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने की। उन्होंने यह भी कहा कि हरदीप पुरी जी के ऐलान के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी ने दिल्ली की जनता से वादा किया था कि जिस दिन केंद्र सरकार दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को पक्का कर देगी, अगले ही दिन से दिल्ली में रजिस्ट्रीयां खोल दी जाएंगी, और दिल्ली की अनधिकृत कालोनियों में रहने वाले लोगों को उनके घर का मालिकाना हक देना शुरू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी ने इस बाबत सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी जारी कर दिए थे।

सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी जी द्वारा दिए गए बयान कि 6 महीने के भीतर दिल्ली की सभी कालोनियों को पक्का कर दिया जाएगा, पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि भाजपा जनता के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे भाजपा की एक चाल है। 4 महीने बाद दिल्ली में चुनाव है और भाजपा भी कांग्रेस की तरह चुनाव के समय आकर कह रही है कि इस बार हमें जिता दो और चुनाव के बाद हम कॉलोनियों को पक्का कर देंगे। कांग्रेस भी यही बात बोलकर दशकों तक दिल्ली की जनता को बेवकूफ बनाती रही है।

सौरभ भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी की मंशा पर प्रश्न उठाते हुए मनोज तिवारी जी को चुनौती दी कि यदि वह सचमुच चाहते हैं कि दिल्ली की अनाधिकृत कालोनियां पक्की हो जाएं, तो केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी जी के बयान को सच करें और 1 महीने के भीतर दिल्ली की सभी अधिकृत कॉलोनियों को पक्का करें।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

sudhir