Scrollup

आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनने पर देश भर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है। मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने वालेंटियर्स को संबोधित कर इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए सभी समर्थकों, शुभ चिंतकों और आलोचकों का धन्यवाद किया। उन्होंने इस उपलब्धि को अद्भुत, चमत्कार और अकल्पनीय करार देते हुए कहा कि जब ‘‘आप’’ बनी तो किसी ने सोचा भी नहीं था कि हमारा एक विधायक भी बन पाएगा, लेकिन महज 10 साल बाद ही ‘‘आप’’ राष्ट्रीय पार्टी बन गई। मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को याद करते हुए कहा कि आज अगर वो होते तो हमारी खुशी में चार चांद लग जाते, लेकिन राष्ट्र विरोधी ताकतों ने उनको जेल में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि ‘‘आप’’ पर देश के करोड़ों लोगों की उम्मीद अब विश्वास बन चुकी है। हम सबका सपना है कि भारत दुनिया का नंबर-1 देश बने। मैं देशवासियों का आह्वान करता हूं कि भारत को नंबर-1 बनाने के लिए 9871010101 नंबर पर मिस्ड कॉल कर आम आदमी पार्टी से जुड़ें। इस दौरान राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, राघव चड्ढा, राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता, ‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय समेत अन्य वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय पार्टी बनना अद्भुत, चमत्कार और अकल्पनीय है- अरविंद केजरीवाल

पार्टी मुख्यालय में देश भर के वालेंटियर्स को संबोधित करते हुए ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करना गजब ही हो गया। यह अद्भुत, चमत्कार और अकल्पनीय है। दस-साढ़े दस साल पहले 26 नवंबर 2012 को आम आदमी पार्टी बनी। तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि आम आदमी पार्टी का एक विधायक भी बन पाएगा और आज महज दस-साढ़े दस साल के अंदर आम आदमी पार्टी देश की राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। पूरे देश में 1300 से ज्यादा राजनीतिक दल हैं। इनमें केवल 6 राजनीतिक दल ही राष्ट्रीय पार्टियां हैं। इन 6 राजनीतिक दलों में से केवल तीन दल ही हैं, जिनकी एक या एक से अधिक राज्यों में सरकारें हैं। इन तीन राजनीतिक दलों में आम आदमी पार्टी आती है। आम आदमी पार्टी के अलावा दो अन्य राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस हैं। इस उपलब्धि के लिए पूरे देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों, शुभ चिंतकों, वोटर्स और हमारी आलोचना करने वालों को बधाई देता हूं।

उपर वाला हमसे देश के लिए कुछ तो कराना चाह रहा है- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी का गठन हुआ, तब हमारे पास न पैसे थे और न आदमी थी। दस साल बाद अब हमारे पास आदमी बहुत हैं, लेकिन पैसे आज भी नहीं हैं, लेकिन भगवान हमारे साथ है। आज सुबह मैं यही सोच रहा था कि कहां से कहां आ गए। इसका मतलब उपर वाला हमसे कुछ अच्छा कराना चाह रहा है। हमारी तो कुछ औकात ही नहीं थी। भगवान ने जीरो से यहां तक पहुंचा दिया। इसका मतलब है कि उपर वाले के दिमाग में कुछ तो चल रहा है। उपर वाला हमसे देश के लिए कुछ तो कराना चाह रहा है।

मनीष सिसोदिया ने गरीबों के बच्चों के सपनों को पंख दिए तो राष्ट्र विरोधी ताकतों ने उनको जेल में डाल दिया- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज इस खुशी के मौके पर मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की बहुत याद आ रही है। अगर वे भी यहां होते तो हमारी खुशी में और चार चांद लग जाते। वो देश और हम सब के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस वक्त देश की सारी राष्ट्र विरोधी ताकतें, जो इस देश का भला और तरक्की नहीं चाहती हैं, वो सारी ताकतें मिल कर आम आदमी पार्टी का विरोध कर रही हैं। मनीष सिसोदिया का क्या कसूर है? मैं ईस्ट विनोद नगर में एक सरकारी स्कूल का उद्घाटन करने गया था। उसमें फ्रैंच, जर्मन, स्पैनिश और जैपनीज पढ़ाई जाती है। मेरी पढ़ाई हिसार के सबसे बड़े प्राइवेट स्कूल में हुई थी। हमारे स्कूल में भी इतनी भाषाएं नहीं पढ़ाई जाती थीं। बड़े-बड़े प्राइवेट स्कूलों में भी इतनी भाषाएं नहीं पढ़ाई जाती हैं, लेकिन आज दिल्ली के सरकारी स्कूलों के अंदर कई विदेशी भाषाएं पढ़ाई जाती हैं। मनीष सिसोदिया ने गरीबों के बच्चों को सपने देखने सिखाए और उनको पूरा करने का जज्बा दिया। यही उनका कसूर है। सरकारी स्कूलों में अच्छी शिक्षा नहीं मिलने के कारण 75 साल से गरीब का बच्चा गरीब रह जा रहा था। मनीष सिसोदिया ने उन बच्चों के सपनों को पर दिए और सारी राष्ट्र विरोधी ताकतों ने मिलकर उनको जेल में डाल दिया।

सबको को अच्छा इलाज देने का सपना देखने वाले सत्येंद्र जैन को राष्ट्र विरोधी ताकतों ने जेल में डाल दिया- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सत्येंद्र जैन का कसूर था कि इस देश के अंदर पैदा होने वाले हर तबके के व्यक्ति को अच्छा मिलना चाहिए। गरीब आदमी होने का मतलब यह नहीं है कि वो अस्पताल के कॉरिडोर में पड़ा रहेगा, उसको अच्छा इलाज और दवा नहीं मिलेगी। सभी का सरकार अच्छा इलाज कराएगी। यही सत्येंद्र जैन का कसूर था। उन्होंने देश के सभी लोगों को अच्छा इलाज देने का सपना देखा था। लेकिन सारी राष्ट्र विरोधी ताकतों ने मिलकर उनको जेल में डाल दिया। सत्येंद्र जैन भगत सिंह के चेले हैं। सारी राष्ट्र विरोधी ताकतें आम आदमी पार्टी को रोकना चाहती हैं, लेकिन उपर वाला हमारे साथ है।

‘‘आप’’ के इस सफर में बहुत सारे लोगों ने अपनी कुर्बानियां दीं और संघर्ष किए- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस पूरे सफर में बहुत सारे लोग हैं, जिन्होंने बहुत कुर्बानियां दी और संघर्ष किए। हमारे बहुत सारे साथियों ने खूब पुलिस के डंडे खाए और जेल गए। हमारे साथियों में से संतोष कोली शहीद हो गईं। हमने अपने साथी मीरा सान्याल को खोया। पंजाब में एक विपिन लड़का था, जिसका प्रचार के दौरान हार्ट अटैक हो गया। ऐसे कई लोग हैं, जिनको हम इस यात्रा के दौरान खोया है। आज इस मौके पर हम उनको याद करते हैं और भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उन सबकी आत्मा को शांति दे और अपने श्रीचरणों में स्थान दे। बहुत सारे लोग ऐसे भी हैं, जो अच्छी-अच्छी नौकरियां छोड़कर आ गए। सबने सपना देखा था कि एक दिन ऐसा आएगा, जब देश के अंदर सबको अच्छी शिक्षा मिलेगी। आज वो सभी लोग बहुत खुश हैं कि दिल्ली और पंजाब के अंदर जिस तरह से गवर्नेंस का मॉडल बनाया जा रहा है, उनके सपने पूरे हो रहे हैं।

हमें अपनी विचारधारा कट्टर ईमानदारी, कट्टर देशभक्ति और इंसानियत को याद रखने की जरूरत है- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज हमें अपनी विचारधारा को याद करने का समय है। आम आदमी पार्टी की विचारधारा के तीन स्तम्भ हैं। पहला, कट्टर ईमानदारी- हम मर जाएंगे, लेकिन देश के साथ गद्दारी व बेइमानी नहीं करेंगे। भले ही एक टाइम रोटी कम खा लेंगे। दूसरा, कट्टर देशभक्ति- देश के लिए जान हाजिर है। जरूरत पड़ी तो फांसी पर चढ़ जाएंगे। तीसरा, इंसानियत- इंसान को इंसान समझना है। इन लोगों की तरह गुंडागर्दी नहीं करनी है। हमारी विचारधारा गुंडागर्दी की नहीं है, उनकी हो सकती है।

हमने साबित किया कि सफल सरकार बेइमानी से नहीं, ईमानदारी से ही चलाई जा सकती है- अरविंद केजरीवाल

उन्होंने कहा कि पहले कहते थे कि चुनाव लड़ने के लिए ढेर सारा पैसा चाहिए, बेइमानी तो करनी पड़ती है। लेकिन पहली बार हमने यह दिखा दिया कि ईमानदारी से चुनाव लड़े भी जा सकते हैं और जीते भी जा सकते हैं। हमने दिखा दिया कि ईमानदारी से सरकार चलाई भी जा सकती है और सफल सरकार चलाई जा सकती है। हमने साबित कर दिया कि सफल सरकार तो ईमानदारी से ही चलाई जा सकती है, बेइमानी से नहीं। हम सभी का सपना है कि भारत दुनिया का नंबर-1 देश बने। भारत में दुनिया का नंबर-1 देश बनने की क्षमता है। शायद भगवान भारत को दुनिया का नंबर-1 देश बनाने का काम आम आदमी पार्टी के हाथों ही करवाना चाहता है।

हमने फ्री बिजली देने की बात सबसे कहलवा दिया है, एक दिन सबसे करवा भी लेंगे- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने देश को एक नई दिशा दी है। अभी तक जब भी ये लोग चुनाव में आते थे तो केवल गुंडागर्दी और गाली-गलौंज करते थे। बस यही राजनीति चलती थी। पहली बार हम लोगों ने देश के सबसे बड़े नेता को एक फर्जी स्कूल में ले जाकर बैठा दिया। पता नहीं वो असली स्कूल में गए या नहीं गए, लेकिन जिंदगी में एक दिन उनको असली स्कूल में भी भेजेंगे। पहली बार देश की राजनीति में स्कूलों की बात होने लगी है। जहां हम चुनाव लड़ने जाते हैं, वहीं राजनीतिक पार्टियां स्कूलों-अस्पतालों, मोहल्ला क्लीनिक की बात करने लगती हैं। यह सुनकर अच्छा लगता है। असली राजनीति तो यही है कि स्कूल-अस्पताल, बिजली- पानी की बात हो। अब सारी पार्टियां कहती हैं कि फ्री बिजली देंगे, देती नहीं हैं। लेकिन हमने फ्री बिजली देने की बात सबसे कहलवा तो दिया। अमित शाह जी ने पश्चिम बंगाल में बोला था कि हमारी सरकार बनी तो कुछ यूनिट बिजली फ्री देंगे। हमने फ्री बिजली देने की बात सबसे कहलवा दिया और धीरे-धीरे सबसे करवा भी लेंगे।

राष्ट्र विरोधी ताकतें ‘‘आप’’ के खिलाफ इकट्ठी हो गई हैं, सबको जेल जाने के लिए तैयार रहना होगा- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम लोग आम आदमी पार्टी में देश के लिए मरने-मिटने के लिए आए हैं। अगर किसी के मन में कभी पद, पैसे, प्रतिष्ठा की आए तो यह इच्छा निकाल देना या फिर आम आदमी पार्टी छोड़ देना। अब सारी राष्ट्र विरोधी ताकतें आम आदमी पार्टी के खिलाफ इकट्ठी हो गई हैं। वो नहीं चाहती हैं कि देश की तरक्की हो, देश में सरकारी स्कूल और अस्पताल बनें। ये सारी ताकतें देश की तरक्की रोकना चाहती हैं। इसलिए वो अब आपको जेल में डाल सकती हैं। एक-एक कर सबका नंबर आएगा। सभी को कम से कम 8-10 महीने के लिए जेल जाने को तैयार रहना पड़ेगा। अगर किसी के मन में डर है तो आम आदमी पार्टी छोड़ दे।

देश में पहली बार आम आदमी पार्टी ने पॉजिटिव राजनीति दी है- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश के अंदर दो तरह की राजनीति चल रही है। एक आम आदमी पार्टी की सकारात्मक राजनीति चल रही है। हमने दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ा, लेकिन हमने कभी किसी को गाली नहीं दी। मैंने दिल्ली विधानसभा चुनाव के पहले बोल दिया था कि मैंने पांच साल में काम किया है और मेरे काम अच्छे लगे हैं तो मुझे वोट देना, नहीं तो वोट मत देना। हमने अपने काम पर वोट मांगा। पंजाब में हमने अपनी गारंटियों पर वोट मांगे। गोवा और गुजरात में अपनी गारंटियों और काम पर वोट मांगे। यह पॉजिटिव राजनीति है। लेकिन ये लोग गुंडागर्दी, मारकाट, लड़ाई-झगड़े, गाली-गलौंज करते हैं। यह निगेटिव (नकारात्मक) राजनीति है। इस देश को पहली बार हम लोगों ने एक पॉजिटिव राजनीति दी है।

अगर इस देश की सेवा में मेरी जान चली जाए तो अपने आप को सौभाग्यशाली समझूंगा- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देशवासियों का आह्वान करना चाहता हूं कि भारत को नंबर-1 बनाने के लिए आम आदमी पार्टी के साथ जुड़िए। आम आदमी पार्टी से जुड़ने के लिए 9871010101 नंबर पर मिस्ड कॉल करें। भगवान से प्रार्थना करता हूं कि अगर इस देश की सेवा के लिए यह जान चली जाए तो अपने आप को बहुत सौभाग्यशाली समझूंगा। इस शरीर का कतरा-कतरा इस देश के लिए शहीद हो जाए तो अपने आपको सौभाग्यशाली समझूंगा। मेरा देश के लिए उन करोड़ों लोगों को सलाम है, जिन्होंने आम आदमी पार्टी पर इतना विश्वास किया और यह जिम्मेदारी दी। राष्ट्रीय पार्टी बनने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। भगवान से प्रार्थना करता हूं कि यह जिम्मेदारी पूरी ईमानदार व निष्ठा के साथ पूरी कर पाएं, ऐसा हमें ताकत और सद्बुद्धि दें।

अरविंद केजरीवाल के कुशल नेतृत्व में महज 10 साल में ‘‘आप’’ राष्ट्रीय पार्टी बन गई- संजय सिंह

इस दौरान आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं व समर्थकों को बधाई देते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल जी के कुशल नेतृत्व में महज 10 साल के अंदर आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। आज यह एक सपने के सच होने के बराबर है। भाजपा व कांग्रेस समेत दूसरी पार्टियां हमारा मजाक उड़ाते थे कि जल्द ही ऊंट पहाड़ के नीचे आएगा, लेकिन कम संसाधनों के बावजूद अरविंद केजरीवाल जी के कुशल नेतृत्व और एक-एक कार्तकर्ता की मेहनत की बदौलत 10 साल में यह सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने जनता से किया गया अपना वादा पूरा करके दिखाया है। केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत क्षेत्रों में काम किया है। अरविंद केजरीवाल ने अमीर-गरीब सभी को एक समान शिक्षा दिलाने का डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपने को सच करके दिखाया है। दिल्ली के काम और उपलब्धियों की बदौलत पंजाब में भी आम आदमी पार्टी का परचम लहरा रहा है। इस 10 साल के सफर में आम आदमी पार्टी को हिंदुस्तान के सुदूर राज्य गोवा में 6.5 फीसद वोट और 2 विधानसभा की सीटें मिली। मोदी जी के गढ़ गुजरात में आम आदमी पार्टी को करीब 14 फीसद वोट और 5 विधानसभा की सीटें मिलीं। 10 साल में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में तीन बार ‘‘आप’’ की सरकार बनी। चुनाव आयोग से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलना आम आदमी पार्टी के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।

जोश से भरे कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे, ‘देश का पीएम कैसा हो- केजरीवाल जैसा हो’

आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने पर राउस एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने वालेंटियर्स को संबोधित किया। इस दौरान भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के बड़े नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था। जोश से भरे कार्यकर्ताओं ने जमकर आम आदमी पार्टी जिंदाबाद, अरविंद केजरीवाल जिंदबाद, देश का पीएम कैसा हो- केजरीवाल जैसा हो, 2024 में पीएम केजरीवाल समेत कई नारे लगाए। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं से कनेक्ट रहे। उन्होंने जैसे ही कार्यकर्ताओं के संघर्षों और कुर्बानियों को याद किया, वहां मौजूद कार्यकर्ता भी अपने संघर्ष बताने शुरू कर दिए। एक कार्यकर्ता ने बताया कि पुलिस ने उसे लाठी-डंडों से मारा और उसके पैर में फैक्चर आ गया। इसके बाद वो एक महीने तक विस्तर पर पड़ा रहा। इसी तरह अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपनी आप बीती बताई और अरविंद केजरीवाल ने उनका मनोबल बढ़ाया।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia