Scrollup

आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का मामला जब कोर्ट में जाएगा तो भाजपा एक रुपये के भ्रष्टाचार का प्रमाण कोर्ट के सामने नहीं रख पाएगी। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी किसी जांच से नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता से जुड़ी हुई है। भारतीय जनता पार्टी को सीएम अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया से डर लगता है। यही कारण है कि भाजपा अपनी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। वह कोई भी बहाना बनाकर उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर सकते हैं। लेकिन चुनौती है कि वह कोर्ट में प्रमाण रखकर साबित करके दिखाएं। सीबीआई ने शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया। जिन्होंने दिल्ली के 20 लाख गरीब बच्चों को एक अच्छा भविष्य दिया है। पीएम मोदी दुनिया का इतिहास याद रखें कि जब भी तानाशाह ने सच को दबाने की कोशिश की है। तब सत्य के लिए लड़ने वाले और ज़्यादा मज़बूत हुए हैं। भाजपा याद रखे कि मनीष सिसोदिया देश के शिक्षा मंत्री बनेंगे। भाजपा का काल आम आदमी पार्टी बनेगी और उनकी तानाशाही को खत्म करेगी। विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एक समय था जब एजेंसियां कानून के हिसाब से चलती थीं। लेकिन आज यह सभी एजेंसियां भारतीय जनता पार्टी की प्रकोष्ठ बनकर रह गई हैं। पहले आपको गिरफ्तारी के समय कानून की धाराओं का इस्तेमाल करना पड़ता था। लेकिन अब भाजपा अपने विरोधियों को किसी भी मुकदमे में जेल में डलवा देती है। भाजपा का नाश ‘आप’ के हाथों लिखा है। नरेंद्र मोदी का शासन समाप्त करने वाला आदमी अरविंद केजरीवाल बनेगा। भाजपा की आंखों में राहुल गांधी नहीं अरविंद केजरीवाल खटक रहे हैं। क्योंकि प्रधानमंत्री पद के लिए सर्वे में सबसे ऊपर अरविंद केजरीवाल का नाम होता है। विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि‌ मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी भारतीय जनता पार्टी के शासन के खात्मे की शुरुआत है। जैसे लाला लाजपत राय की हत्या अंग्रेजी शासन के ताबूत में आखिरी कील साबित हुई। उसी तरह भाजपा के तानाशाही शासन का अंत शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता जस्मिन शाह ने कहा कि देश में हालात इमरजेंसी से कम नहीं हैं। भाजपा ने बिना किसी प्रमाण के मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है। देश का हर बच्चा जानता है कि मनीष सिसोदिया ईमानदार शिक्षा मंत्री हैं। उनकी गिरफ्तारी का जवाब भाजपा को अब देश का हर व्यक्ति देगा।

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी, विधायक सौरभ भारद्वाज, विधायक दिलीप पांडे और वरिष्ठ नेता जस्मिन शाह ने देर रात पार्टी मुख्यालय में महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित किया। विधायक आतिशी ने कहा कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है। मनीष सिसोदिया आज सुबह जब सीबीआई मुख्यालय जा रहे थे तो खुद उन्होंने देश के सामने इस बात को रखा था कि आज उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। आखिर सवाल है कि मनीष सिसोदिया कौन हैं जिन्हें भाजपा की केंद्र सरकार की सीबीआई ने गिरफ्तार किया है? मनीष सिसोदिया वह शिक्षा मंत्री हैं जिन्होंने पिछले 8 साल में दिल्ली के सरकारी स्कूलों का कायापलट किया है और 20 लाख बच्चों को बेहतर भविष्य दिया है। जब पूरा देश मानता था कि सरकारी स्कूलों में अच्छी पढ़ाई नहीं हो सकती, गरीब बच्चों को अच्छा भविष्य नहीं मिल सकता है, उस दौर में मनीष सिसोदिया ने पूरे देश का आत्मविश्वास सरकारी स्कूलों में लौटाया है।

उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री सिसोदिया ने सैकड़ों गरीब बच्चों को आईआईटी और देश की बड़ी-बड़ी यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेजों में भेजा है। भारतीय जनता पार्टी कह रही है मनीष सिसोदिया ने 10 हजार करोड रुपए का घोटाला किया है। मैं भाजपा से पूछना चाहती हूं कि यह 10 हजार करोड रुपए कहां है? उनके घर, बैंक, रिश्तेदार और उनके गांव में क्या 10 हजार करोड रुपए मिले? एक साल की जांच के बाद भी सीबीआई-ईडी के 500 अधिकारी यह प्रमाण देश के सामने नहीं रख पाए कि मनीष सिसोदिया ने एक रुपए का भी भ्रष्टाचार किया है।

उन्होंने कहा कि यह मामला किसी भी जांच से जुड़ा हुआ नहीं है। लेकिन उनको कोई ना कोई बहाना गिरफ्तारी के लिए चाहिए था। ऐसे में सीबीआई ने बहाना बनाकर उनको गिरफ्तार किया है। उन्होंने गिरफ्तारी को लेकर क्या बहाना बनाया है, यह कल कोर्ट में मनीष सिसोदिया की पेशी के बाद पता चलेगा। मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी किसी सरकारी पॉलिसी या जांच से जुड़ी हुई नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता से जुड़ी हुई है। आम आदमी पार्टी के शिक्षा और स्वास्थ्य के दिल्ली मॉडल से जुड़ी हुई है। क्योंकि दिल्ली का डंका आज पूरे विश्व में बज रहा है। दिल्ली के बच्चे को अच्छा भविष्य देने का परिणाम मनीष सिसोदिया भुगत रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी को आम आदमी पार्टी, सीएम अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया से डर लगता है। यही कारण है कि भाजपा अपनी एजेंसियां का गलत इस्तेमाल कर रही है कि किसी तरह से आम आदमी पार्टी को खत्म कर दिया जाए।

विधायक आतिशी ने कहा कि पूरे देश के सामने दावा करती हूं कि जब यह मामला कोर्ट में जाएगा और ट्रायल होगा, तब भी भाजपा एक रुपये का भ्रष्टाचार का प्रमाण कोर्ट के सामने नहीं रख पाएगी। हम एक कट्टर ईमानदार पार्टी हैं और कट्टर इमानदारी से राजनीति कर सरकार चलाई है। लेकिन यह भाजपा की तानाशाही है। वह कोई भी बहाना बनाकर उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर सकते हैं। मैं उनको चुनौती देती हूं कि वह कोर्ट के सामने प्रमाण रखकर उन्हें साबित करके दिखाएं।

उन्होंने कहा कि मैं भाजपा को कहना चाहूंगी कि आप आम आदमी पार्टी पर कितने भी केस कर लीजिए और नेताओं को गिरफ्तार कर लीजिए। हम जेल, फांसी से डरने वाले नहीं हैं। आपने आज एक मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है, इससे हजारों मनीष सिसोदिया इस देश में पैदा होंगे। जो कि देश के बच्चों को अच्छा भविष्य देने और राजनीति को सुधारने के लिए काम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को याद दिलाना चाहती हूं कि देश-दुनिया का इतिहास देख लीजिए। जब-जब तानाशाही ने सत्य को दबाने की कोशिश की है, तब-तब सत्य के लिए लड़ने वाले और मजबूत हुए हैं। दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को आज आपने गिरफ्तार किया है पर आपकी इसी तानाशाही की वजह से सत्य और मजबूत होगा। भारतीय जनता पार्टी वालों याद रखना यही मनीष सिसोदिया आने वाले समय में देश के शिक्षा मंत्री बनेंगे। यही आम आदमी पार्टी भाजपा का काल बनेगी। आम आदमी पार्टी इस देश में भाजपा की तानाशाही को खत्म करेगी।

आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एक साल पहले देश को बताया था कि सत्येंद्र जैन गिरफ्तार होने वाले हैं। तब भाजपा ने कहा था कि आम आदमी पार्टी झूठ बोल रही है और सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रही है। लेकिन कुछ दिनों बाद सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद हमने बताया कि अब मनीष सिसोदिया उनका टारगेट हैं। तब कहा कि आम आदमी पार्टी बिना बात के झूठ बोलती है। ऐसा कुछ नहीं होने वाला है। भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार के आदेश पर आज मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसको लेकर बताया जा रहा है कि मनीष सिसोदिया ने 10 हजार करोड़ का घोटाला किया है। यह पूरा का पूरा नैरेटिव झूठा और हास्यास्पद है। सभी एजेंसियां भाजपा के मुख्यालय में लिखी हुई स्क्रिप्ट के अनुसार काम कर रही हैं। एक समय था जब एजेंसियां कानून के हिसाब से चलती थीं। लेकिन आज यह सभी एजेंसियां भारतीय जनता पार्टी की प्रकोष्ठ बनकर रह गई हैं। यह गिरफ्तारी किस तरह हुई है? किसी नेता को चार-पांच बार पूछताछ के लिए बुलाइए और फिर कहिए कि वह सहयोग नहीं कर रहे हैं। इस आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लीजिए। यह लोग सहयोग ना करने के आधार पर नेताओं को गिरफ्तार करते रहे हैं। कोर्ट में कल सीबीआई से पूछा जाएगा कि आपके पास उनके खिलाफ क्या सबूत है। तब सीबीआई कहेगी कि मनीष सिसोदिया हमें सहयोग नहीं कर रहे हैं इसलिए कस्टोडियल इंटेरोगेशन करनी है। सीबीआई कस्टडी मिलने के बाद अगली सुनवाई पर कहेगी कि हमें और भी सवाल पूछने हैं। इसके बाद कोर्ट से कुछ समय फिर से मिल जाएगा। जब कस्टोडियल इंटेरोगेशन पूरी हो जाएगी तो सीबीआई कहेगी कि यब इतने बड़े उप मुख्यमंत्री हैं। अगर हम इनको बाहर जाने देंगे तो गवाहों पर दबाव बना देंगे। ऐसे में इनको ज्यूडिशियल कस्टडी में रखा जाए। इनको तब तक तिहाड़ जेल में रखा जाए जब तक कि हम अपनी जांच पूरी ना कर लें।

उन्होंने कहा इस मामले में सीबीआई ने अपनी चार्जशीट दाखिल कर दी लेकिन मनीष सिसोदिया का नाम नहीं है। लेकिन सीबीआई कहेगी कि हम अभी और चार्जशीट लाएंगे। ऐसे में तब तक इन्हें जेल में रखा जाए। भारतीय जनता पार्टी का काम है कि अपने विपक्षी दुश्मन को किसी भी मुकदमे के अंदर जेल के अंदर डाल दें। एक समय ऐसा था जब आपको किसी की गिरफ्तारी से पहले कानून की धाराओं का इस्तेमाल करना पड़ता था। अदालत में साबित करना पड़ता था कि आपको उन्हें गिरफ्तार करने की क्या जरूरत है? दिल्ली का ऐसा उपमुख्यमंत्री जिसके पास 22 विभाग हैं और अगले सप्ताह बजट पास करना है। यह सरासर जुल्म है।

विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि रामधारी दिनकर ने कहा है कि जब नाश मनुष्य पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है। भारतीय जनता पार्टी का नाश आम आदमी पार्टी के हाथों लिखा है। हिंदुस्तान के अंदर भारतीय जनता पार्टी की सरकार को समाप्त करने वाली आम आदमी पार्टी बनेगी। नरेंद्र मोदी का शासन समाप्त करने वाला आदमी अरविंद केजरीवाल बनेगा। इस बात को सबसे ज्यादा भारतीय जनता पार्टी जानती है और समझती है। इसलिए यह लोग अरविंद केजरीवाल के पीछे पड़े हुए हैं। इनको राहुल गांधी से कोई फर्क नहीं पड़ता है लेकिन अरविंद केजरीवाल इनकी आंखों में खटक रहे हैं। क्योंकि जब भी प्रधानमंत्री पद के लिए सर्वे होते हैं तो सबसे ऊपर अरविंद केजरीवाल का नाम होता है। आज जो हुआ है वह कानून संविधान हत्या हुई है। इतिहास में हमेशा इस बात को याद रखा जाएगा। हम हर राज्य में मजबूती से चुनाव लड़ेंगे।

विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी भारतीय जनता पार्टी के अहंकार का प्रचंड प्रदर्शन है। मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी भारतीय जनता पार्टी के शासन के खात्मे की शुरुआत है। जैसे अंग्रेजों ने लाला लाजपत राय के ऊपर लाठी से प्रहार करके उनकी हत्या की थी। तब लाला लाजपत राय ने कहा था कि मेरे खून का एक एक कतरा अंग्रेजी शासन के ताबूत में एक-एक कील साबित होगा। दिल्ली के अंदर भी बिल्कुल वही हो रहा है। उसी इतिहास को दोहराया जा रहा है। उस वक्त अंग्रेज अहंकार में थे आज वही अहंकार भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को है। भारतीय जनता पार्टी ने आज सिर्फ दिल्ली नहीं बल्कि देश के करोड़ों लोगों के दिलों के दिए को बुझा दिया है। पूरा देश भाजपा को कोश रहा है और तैयार बैठा हुआ है आने वाले वक्त में भाजपा के इस अहंकार का जवाब देने के लिए। कांग्रेस जब अहंकार में आई तो देश की जनता ने आसमान से उठाकर जमीन पर बैठा दिया। आज कांग्रेस का कोई नाम लेने वाला नहीं है तो नरेंद्र मोदी किस अहंकार में डूबकर यह सोच रहे हैं कि वह हमेशा के लिए यहां पर हैं। मनीष सिसोदिया का यह मामला कोर्ट में आएगा तो बिल्कुल नहीं ठहरेगा। क्योंकि पूरी तरह से बेबुनियाद है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता जस्मिन शाह ने कहा कि हम देखकर रहे हैं कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स की क्या दुर्गति कर रखी है। आज इनके आदेश भाजपा के कार्यालय से आते हैं। देश में आज हालात इमरजेंसी से कम नहीं है। भाजपा ने आज बिना किसी प्रमाण के मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है। इसका जवाब आम आदमी पार्टी नहीं बल्कि देश का हर व्यक्ति देगा। देश का हर बच्चा जानता है कि मनीष सिसोदिया ईमानदार और सबसे बेहतर शिक्षा मंत्री हैं।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia