Scrollup

राजनीतिक पार्टियों और सामाजिक संस्थानों से जुड़े लोगों के साथ-साथ भारतीय सेना के जवानों को भी आम आदमी पार्टी से उम्मीद।

पूर्व मेजर विक्रांत खरे आम आदमी पार्टी में शामिल हुए

नई दिल्ली, 11 नवंबर 2019

मेजर विक्रांत खरे जी, चंद्र सिंह राबता जी (भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, एससी मोर्चा दिल्ली प्रदेश), डॉ रूप सिंह (बहुजन समाज पार्टी जिला अध्यक्ष), दुष्यंत कुमार (भारतीय जनता युवा मोर्चा, मंडल अध्यक्ष), सतबीर सिंह (ब्लॉक कांग्रेस कमिटी महासचिव नंगली), मनीष (ब्लॉक कांग्रेस कमिटी सचिव), रमेश कुमार (जिला अध्यक्ष, प्रजापत विकास संगठन, नजफगढ़) एवं अन्य कई सम्मानित व्यक्ति आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।

पार्टी मुख्यालय में हुई एक प्रेस वार्ता के दौरान आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह की मौजूदगी में यह सभी लोगों आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। संजय सिंह ने सभी लोगों को पार्टी की टोपी एवं पटका पहनाकर सभी का पार्टी में स्वागत किया।

शामिल हुए लोगों का परिचय देते हुए संजय सिंह ने बताया कि मेजर विक्रांत खरे जी ने कई सालों तक भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा की। देश की सेवा करते हुए हादसे में घायल होने के पश्चात उन्होंने सेना से सेवानिवृत्ति ली। तत्पश्चात लखनऊ आईआईएम से मैनेजमेंट का कोर्स किया। कई बड़ी कंपनियों में ऊंचे पदों पर आसीन रहे और वर्तमान में अपनी खुद की एक सॉफ्टवेयर कंपनी चला रहे हैं। चंद्र सिंह जी के बारे में बताते हुए संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने सन 2000 में दिल्ली में निर्दलीय निगम का चुनाव लड़ा था। बतौर भाजपा एससी मोर्चा कार्यकारिणी के सदस्य रहते हुए नजफगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लगातार जनहित के काम करते रहे।

संजय सिंह ने कहा कि यह सभी लोग अपने अपने क्षेत्र में प्रतिष्ठा रखने वाले लोग हैं। समाज में इनका अपना एक मुकाम है। ऐसे प्रतिष्ठित लोगों के पार्टी में आने से पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी। संजय सिंह ने कहा कि हम सभी लोग साथ मिलकर जनता के हित में जो भी संभव कार्य हैं करेंगे।

मेजर विक्रांत खरे जी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी देश की पहली ऐसी पार्टी है जिसने सेना के लोगों के बारे में, पुलिस के लोगों के बारे में और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों के बारे में, उनके परिवार के बारे में सोचा। आज से पहले जब कभी सेना का कोई जवान या पुलिस का कोई जवान अपनी ड्यूटी करते हुए शहीद हो जाता था, तो उसके परिवार को सहानुभूति के नाम पर एक शॉल, ताम्रपत्र, मेडल या सिलाई मशीन आदि देकर सम्मानित किया जाता था। परंतु परिवार को चलाने के लिए और बच्चों की पढ़ाई के लिए यह सम्मान काफ़ी नहीं है। आम आदमी पार्टी पहली ऐसी पार्टी है जिसने ड्यूटी पर शहीद होने वाले जवान के परिवार को 1 करोड रुपए की सहयोग राशि देने की शुरुआत की। देश के अन्य राज्यों की सरकारों और साथ ही साथ केंद्र सरकार को भी आम आदमी पार्टी दिल्ली सरकार से सीख लेनी चाहिए।

चंद्र सिंह राबता जी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के इतिहास में पहली बार कोई ऐसी पार्टी आई जिसने ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली जनता के बारे में सोचा, जिसने किसानों को सबसे ज्यादा मुआवजा ₹50000 प्रति हेक्टेयर के हिसाब से दिया। आज पूरे देश में जहां किसानों की हालत इतनी बुरी है, वहीं दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार किसानों की हर तरह से और हर संभव मदद कर रही है। उन्होंने कहा केजरीवाल जी ने दलित एवं पिछड़े वर्ग के बच्चों को भी उच्च शिक्षा मिल सके, इसके लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था का प्रावधान किया। किसी अन्य राज्य की सरकार ने आज तक इस तरह के महत्वपूर्ण कदम देश के दबे कुचले और पिछड़े वर्ग के हित में नहीं उठाए हैं। यही सब कार्य हैं जिनसे प्रभावित होकर हमने आम आदमी पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

sudhir