Scrollup

शनिवार को आए उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के परिणामों से आम आदमी पार्टी बेहद उत्साहित है। पूरे प्रदेश में झाड़ू ने अपना असर दिखाया है। “आप” के यूपी प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने रविवार को कहा कि जनता ने निकाय चुनाव से उत्तर प्रदेश के अंदर बदलाव का श्रीगणेश किया है। पूरे प्रदेश में “आप” को जनता का उत्साहजनक समर्थन मिला है। पार्टी ने 4 नगर पालिका अध्यक्ष व 7 नगर पंचायत चेयरमैन के पदों पर और 100 से ज्यादा वार्डों में जीत दर्ज की है। साथ ही, “आप” को कांग्रेस से भी ज्यादा वोट मिले हैं। “आप” के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जल्द ही यूपी का दौरा करेंगे और पार्टी को समर्थन देने के लिए जनता का धनबाद करेंगे।

दिल्ली स्थित “आप” मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर यूपी प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि “आप” के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी का कारवां पूरे देश में बढ़ रहा है। हिंदुस्तान का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश में जब भी आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ती थी, तो जनता का बहुत ज्यादा समर्थन नहीं मिलता था। लेकिन इस बार नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की बहुत ही उत्साहजनक और शानदार एंट्री हुई है। इस चुनाव में लोगों ने बदलाव की राजनीति को वोट देने का श्रीगणेश किया है। निकाय चुनाव में पूरी यूपी में लोगों ने झाड़ू चलाई है।

उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव में हमने काम की बात की। दिल्ली के मॉडल की चर्चा की। अरविंद केजरीवाल के शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, तीर्थ यात्रा समेत काम के मुद्दों पर चर्चा की। पंजाब के सीएम भगवंत मान की सरकार ने पंजाब में जो काम किया है, उसकी चर्चा की। कोई सांप्रदायिकता, नफरत, जाति धर्म की राजनीति नहीं की, सिर्फ काम की राजनीति की। नगर पालिका को हम कैसे बेहतर कर सकते हैं, उसके बारे में हमने बातचीत की। उत्तरप्रदेश में नगर पालिकाओं की क्या ताकत होती है, सभी जानते हैं। वहां पार्षद या सभासदों के जरिए नगर पालिका के चेयरमैन नहीं चुने जाते हैं। नगरपालिका का चेयरमैन सीधे जनता द्वारा चुना जाता है। इसलिए यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण होता है।

यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि रामपुर नगर पालिका परिषद में लगभग 4 लाख की आबादी है, वहां आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी सना मामून 12000 वोटों से चुनाव जीती हैं। उसी रामपुर में कैमरी की सीट से रफत जहां 6000 वोटों से जीती हैं। यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के क्षेत्र में कौशांबी सराय अकील आता है, वहां पर “आप” के अनूप सिंह पटेल चुनाव जीते हैं। अलीगढ़ में 2,000 अधिक वोटों से संजय शर्मा जीते हैं। मथुरा के बरसाना से विजय सिंह जीती हैं। बिजनौर के स्योहारा नगर पालिका परिषद से फैसल वारसी जीते हैं। मुजफ्फरनगर के शाहपुर की सीट से हाजी अकरम कुरैशी चुनाव जीते हैं। अमरोहा की जोया नगर पंचायत से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जुबैर अहमद जीते हैं। मुरादाबाद जनपद की पाकबडा नगर पंचायत से मोहम्मद याकूब जीते हैं। मुगलसराय में “आप” समर्थित सोनू किन्नर चुनाव जीती हैं। इसके अलावा भी कई नगर पंचायतों में “आप” समर्थित उम्मीदवार जीते हैं।

उन्होंने कहा कि हमने सभासदों और पार्षदों के चुनाव में 100 का आंकड़ा छुआ है। उत्तर प्रदेश में इतनी बड़ी संख्या में झाड़ू के चिन्ह पर चेयरमैन और सभासद के चुनाव जीतना इस बात को दर्शाता है कि अरविंद केजरीवाल की नीतियों, कार्यक्रमों, वादे और गारंटी पर उत्तर प्रदेश की जनता ने मोहर लगाने की शुरुआत कर दी है। अब आम आदमी पार्टी और मजबूती के साथ अपने संगठन का विस्तार करेगी। कई पार्टियों को इस चुनाव में हमने पीछे छोड़ा है। 125 साल पुरानी राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस से ज्यादा वोट मिले। उत्तर प्रदेश में इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि अब सिर्फ जाति और धर्म, बांटने और नफरत की राजनीति नहीं, बल्कि काम की राजनीति होगी।

यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश की जनता को इस बदलाव की शुरुआत के लिए अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता की ओर से हृदय से बधाई देता हूं। हमसे एक ही सवाल पूछा जाता था कि आप उत्तर प्रदेश में चुनाव क्यों लड़ते हैं, आपको लोग वोट तो देते नहीं हैं। यहां अपनी उर्जा मत लगाइए। यहां केजरीवाल मॉडल की बात कोई नहीं सुनेगा। यहां सिर्फ जाति- धर्म के नाम पर वोट पड़ेगा। लोग मजाक भी उड़ाते थे। बहुत बुरा लगता था कि यहां पर सिर्फ जाति धर्म के नाम पर वोट पड़ता है, लेकिन जनता ने जाति धर्म की बातों को गलत साबित किया।

उन्होंने कहा कि यह जो नगर पालिका के चुनाव हमारे उम्मीदवार जीते हैं, इनको हम एक बेहतरीन नगरपालिका और पंचायत बनाने का प्रयास करेंगे। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व को बधाई देता हूं कि उनके मार्गदर्शन में आम आदमी पार्टी तेजी से उत्तर प्रदेश में विस्तार कर रही है। जल्द ही समय तय हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें अब रुकना नहीं है, मेहनत करना है। जनता के लिए काम करना है। काम की राजनीति को सच करके दिखाना है कि काम की राजनीति भी हो सकती है। उत्तर प्रदेश में हमारी जो सभी इकाइयां हैं, उनको आने वाले दिनों में सक्रिय करना है। चुनाव परिणाम को लेकर “आप” के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सेचर्चा हुई। जनता का आभार जताने और धन्यवाद देने के लिए “आप” के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जल्द ही उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। जैसे ही इसका समय निर्धारित होगा।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia