Scrollup

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सत्ता के लालच में एक बेटी के बलात्कारी के साथ खड़ी है

क्या भारतीय जनता पार्टी बलात्कारियों की, भ्रष्टाचारियों की, दुराचारियों की गंगोत्री है, जो भी दुराचारी भाजपा में शामिल होते हैं वह पवित्र हो जाते हैं: संजय सिंह

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर 2019

पार्टी मुख्यालय में हुई प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि सरकार बनाने के लिए भाजपा आज हर प्रकार के अनैतिक कार्य कर रही है। चाहे किसी को करोड़ों रुपए देकर खरीदने की बात हो, किसी व्यक्ति को मंत्री का पद देने की बात हो या फिर किसी के पीछे जांच एजेंसी लगाकर उस पर दबाव बनाने की बात हो, भारतीय जनता पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी सभी अनैतिक कार्य करने के लिए तैयार हैं। किसी भी राज्य में सरकार बनाने के लिए जो भी अनैतिक कार्य हो सकते हैं, भारतीय जनता पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी वह करने के लिए तैयार हैं।

कल ऐसा ही एक उदाहरण देखने को मिला जिससे पूरे देश की जनता शर्मसार हुई होगी, जिससे पूरे हरियाणा की जनता शर्मसार हुई होगी और मीडिया के वह लोग जिन्होंने गीतिका शर्मा के केस में रिपोर्टिंग की होगी, उनकी आंखों में भी आंसू आए होंगे। एक ऐसा व्यक्ति गोपाल कांडा जिसने एक महिला का बलात्कार किया और जिसके चलते उस महिला ने खुदकुशी कर ली, पुलिस ने उस व्यक्ति को बचाने की कोशिश की, मजबूरन कोर्ट के द्वारा उस पर 376 का मुकदमा दायर करवाया गया और यही नहीं जब उस रेप पीड़िता की मां को न्याय नहीं मिला, तो 6 महीने बाद मजबूरी वश उस माँ ने भी खुदकुशी कर ली। इससे ज्यादा शर्मसार करने वाली निंदनीय और गणित घटना नहीं हो सकती।

संजय सिंह ने कहा इतना बड़ा अपराधी जिसने पूरे देश को शर्मसार करने वाला इतना घृणित अपराध किया आज भाजपा हरियाणा में सरकार बनाने के लिए उसे अपनी गोद में बैठाने के लिए आतुर है।

उन्होंने कहा की जिस राज्य हरियाणा में भाजपा ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दिया, जिस राज्य हरियाणा से इस मुहिम की शुरुआत भाजपा ने कि आज उसी राज्य में सरकार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी एक बेटी के बलात्कारी और हत्यारे के साथ खड़ी हुई है। क्या भाजपा यह सिद्ध करना चाहती है कि भारतीय जनता पार्टी बलात्कारियों की, भ्रष्टाचारियों की, दुराचारियों की गंगोत्री है, जो भी दुराचारी भाजपा में शामिल होते हैं वह पवित्र हो जाते हैं। आम आदमी पार्टी इसकी निंदा करती है। आज देश के लोगों को यह सोचना पड़ेगा कि क्या वह उस भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़े हैं जिसने बलात्कारियों का साथ देने का काम किया है, चाहे वह भाजपा के विधायक कुलदीप सेंगर का मामला हो, चाहे भाजपा के पूर्व सांसद चिन्मयानंद स्वामी का मामला हो या फिर हरियाणा के गोपाल कांडा का मामला हो।

गीतिका शर्मा मामले में भाजपा के दिल्ली इकाई के नेताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन की एक तस्वीर दिखाते हुए संजय सिंह ने कहा कि क्या भाजपा के इन नेताओं को चुल्लू भर पानी में डूब कर नहीं मर जाना चाहिए? यह भाजपा के वह नेतागण हैं जिन्होंने गीतिका शर्मा मामले में गोपाल कांडा का विरोध किया था और आज हरियाणा में सरकार बनाने के लिए वहीं भाजपा गोपाल कांडा के तलवे चाट रही है। अगर बलात्कारियों को और भ्रष्टाचारियों को भाजपा इसी तरह से अपनी पार्टी में शामिल करने का काम करती रही तो जल्द ही देश की जनता इनको सबक सिखाने का काम करेगी।

जिस गोपाल कांडा का दिल्ली भाजपा के नेता विरोध कर रहे थे, क्या आज उसी के साथ हरियाणा में सरकार बनाने को तैयार हैं भाजपा जवाब दें? : आतिशी

प्रेस वार्ता में मौजूद आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता आतिशी ने कहा कि गीतिका शर्मा का मामला एक ऐसी घटना है जिससे पूरे देश की जनता का दिल दहल गया था। जब गीतिका शर्मा की खुदकुशी का मामला सामने आया था, तो इसी भाजपा के नेताओ ने सड़कों पर उतरकर गोपाल कांडा का विरोध किया था।

मीडिया के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी से प्रश्न पूछते हुए आतिशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता बताएं कि क्या उनका विरोध केवल तभी तक था, जब गोपाल कांडा एक निर्दलीय विधायक थे और हरियाणा में कांग्रेस का समर्थन कर रहे थे? क्या आज उसी गोपाल कांडा के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने को तैयार है?

उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली की एक महिला होने के नाते खासकर दिल्ली के बीजेपी नेताओं से प्रश्न पूछना चाहती हूं कि क्या दिल्ली के भाजपा नेता जो कुछ साल पहले तक गोपाल कांडा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, उसके खिलाफ आवाज उठा रहे थे, क्या वह सब नेता आज हरियाणा के भाजपा नेताओं के खिलाफ़, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के खिलाफ आवाज़ उठाएंगे?

भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली इकाई के नेताओं द्वारा किए गए एक विरोध प्रदर्शन की तस्वीर दिखाते हुए आतिशी ने कहा कि इस तस्वीर में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि भाजपा के सांसद रमेश बिधूड़ी, सांसद प्रवेश वर्मा और विधायक विजेंद्र गुप्ता जी गोपाल कांडा के खिलाफ रैली निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दिल्ली की महिलाएं जानना चाहती हैं कि उस समय जिस अपराधी गोपाल कांडा के खिलाफ भाजपा के नेता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, आज उस गोपाल कांडा के बारे में इन भाजपा नेताओं की क्या राय है?

आतिशी ने कहा कि कुछ महीने बाद दिल्ली में भी चुनाव होने वाले हैं आज पूरी दिल्ली की महिलाएं भाजपा के इन नेताओं की तरफ देख रही है कि गोपाल कांडा के प्रति भाजपा के इन सभी नेताओं का क्या स्टैंड है। आज के गोपाल कांडा को लेकर भाजपा के नेताओं का क्या मानना है, यही तय करेगा कि दिल्ली की महिलाएं भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा कर सकती हैं या नहीं। मीडिया के माध्यम से आतिशी ने भाजपा के दिल्ली प्रदेश इकाई के नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह दिल्ली की महिलाओं को सुरक्षा देने का दावा करते हैं तो वह सामने आए और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का गोपाल कांडा के मामले में विरोध करें।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

sudhir