Scrollup

पंजाब के जालंधर संसदीय सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रत्याशी सुशील रिंकू के समर्थन में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि इस बार जालंधर के लोग आम आदमी पार्टी को जीता कर इतिहास बनाएंगे और राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद जालंधर से ‘‘आप’’ का पहला सांसद लोकसभा में जाएगा। पंजाब की जनता ने एक साल पहले ‘‘आप’’ की सरकार बनाई थी और हमने एक साल में बहुत सारे काम किए। आगे भी हम अच्छे काम जारी रखेंगे। हमें विश्वास है कि एक साल बाद होने वाले चुनाव में पंजाब की जनता सभी 13 सीटों पर ‘‘आप’’ को जीता कर लोकसभा में भेजेगी। उन्होंने कहा कि आपने कांग्रेस को 60 साल दिए लेकिन क्या मिला? इसलिए हम मात्र 11 महीने मांग रहे हैं। अगर हमारा काम पसंद न आए तो अगली बार वोट मत देना। सीएम भगवंत मान ने भी रोड शो को संबोधित कर ‘‘आप’’ प्रत्याशी को रिकॉर्ड मतों से जिताने की अपील की।

पंजाब के जालंधर सेंट्रल में रोड शो को संबोधित करते हुए ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोग भी मानने लगे हैं कि ‘‘आप’’ की सरकार ने पिछले एक साल में बहुत काम किया है। आज सभी लोगों के बिजली के बिल जीरो आने लगे हैं। एक साल पहले जब हम पंजाब में घूम-घूम कर बिजली का बिल जीरो करने की बात कहते थे तो बहुत से लोगों को विश्वास नहीं होता था। फिर भी लोगों ने हमें मौका दिया। पंजाब में सरकार बनाने के बाद जब हम बिजली का बिल जीरो करने जा रहे थे, तब कई लोगों ने समझाया कि अभी मत करो, जब चुनाव नजदीक आएंगे, तक करना। लेकिन हमने किसी की बात नहीं सुनी और तत्काल बिजली फ्री कर दी। क्योंकि हम राजनीति करने नहीं, लोगों के काम करने के लिए आए हैं। पंजाब में अब युवाओं को नौकरियां मिलने लगी हैं, कच्चे कर्मचारी पक्के किए जा रहे हैं, बिजली के बिल जीरो हो गए, शहीदों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि दी जा रही है। अब हर किसी के काम हो रहे हैं। ‘‘आप’’ की सरकार से पहले पंजाब के लोगों ने किसी दूसरी पार्टी की सरकार को ऐसे काम करते हुए कभी नहीं देखा था।

जालंधर की जनता से अपील करते हुए कहा कि हम सिर्फ 11 महीने मांग रहे हैं। हमें सिर्फ 11 महीने देकर देखिए, काम पसंद नहीं आए तो अगली बार मौका मत देना। जनता के प्यार और आशीर्वाद की वजह से मात्र 10 साल में आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बनी है। अब लोकसभा में जाने का समय आ गया है। जब आम आदमी पार्टी की केंद्र में सरकार बनेगी तो पूछा जाएगा कि पहला सांसद कौन था? तब कहा जाएगा कि सरदार भगवंत मान थे। लेकिन जब ये पूछा जाएगा कि राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद ‘‘आप’’ का पहला सांसद कौन था, तब कहा जाएगा कि जालंधर से ‘‘आप’’ का पहला सांसद लोकसभा में गया था। इस बार जालंधर से ‘‘आप’’ का पहला एमपी लोकसभा में जाएगा। हम आगे भी इतना अच्छा काम करेंगे कि एक साल बाद पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर ‘‘आप’’ का प्रत्याशी चुनाव जीत कर लोकसभा में जाएगा।

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जालंधर के लोगों ने कांग्रेस को 60 साल दिए हैं। फिर भी कांग्रेस का कोई बड़ा नेता अभी तक वोट मांगने नहीं आया है, क्योंकि उसको जालंधर वालों के वोट की जरूरत ही नहीं है। अगर कोई वोट मांगने ही नहीं आ रहा है तो उसको वोट क्यों दे रहे हैं? कांग्रेस को लगता है कि जालंधर वाले ऐसे ही वोट दे देंगे। अब ऐसे ही वोट नहीं मिलता है, मांगना पड़ता है। हम दोनों ( अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ) आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े नेता हैं और दोनों मुख्यमंत्री हैं। आज हम दोनों ही अपनी झोली फैलाकर आपसे वोट मांगने आए हैं। उन्होंने कहा कि सरदार भगवंत मान ने संगरूर से लोकसभा का चुनाव लड़ने के दौरान एक नया रिकॉर्ड बनाया था। हमें पूरी उम्मीद हैं कि जालंधर के लोग संगरूर का रिकॉर्ड तोड़ेंगे और रिकॉर्ड मतों से ‘‘आप’’ के प्रत्याशी सुशील रिंकू को जिताएंगे।

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जालंधर के पश्चिम, नॉर्थ और कैंट क्षेत्र में प्रत्याशी सुशील रिंकू के समर्थन में रोड शो कर कहा कि एक साल पहले आपने अपने बेटे भगवंत मान को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया था। सीएम भगवंत मान ने एक साल में पंजाब के अंदर बहुत सारे काम किए। पंजाब के लोग मुझे बताते हैं कि पहले कभी इतने काम नहीं हुए, जितना पिछले एक साल में हुए हैं। आज पंजाब के अंदर युवा, किसान और महिलाएं सभी खुश हैं। अभी हमें और भी बहुत सारे काम करने हैं। 10 मई को जालंधर संसदीय सीट के लिए उपचुनाव है। आप पिछले 60 साल से जालंधर सीट पर कांग्रेस को वोट देते आए हैं लेकिन कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। इसलिए आपसे अपील है कि इस बार आम आदमी पार्टी को मौका दें। हम सिर्फ 11 महीने मांग रहे हैं। हमारी सरकार ने एक साल में ही बहुत सारे काम कर दिए। लोगों को यकीन नहीं होता है कि सरकार इतनी अच्छी भी होती है। पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक बन रहे हैं। सरकारी अस्पताल ठीक हो रहे हैं और नए-नए स्कूल बन रहे हैं।

विपक्ष के लोग आपस में लड़ते हैं और हम पंजाब के विकास के लिए लड़ते हैं- भगवंत मान

वही, पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि विपक्षी दल वाले कुर्सी के लिए आपस में लड़ते हैं। लेकिन हम आपस में नहीं लड़ते हैं, हम लोगों के लिए और पंजाब के विकास के लिए लड़ते हैं। हम काम करने में विश्वास करते हैं। हमने पिछले एक साल में बहुत काम किया है। हमने जितने काम एक साल में किया है, उतना दूसरी सरकारों ने 10 साल में भी नहीं किया था। ये लोग मुख्यमंत्री बनकर अपने यहां आम आदमी का प्रवेश बंद कर देते थे, लेकिन हम आम आदमी के बीच में रहने वाले लोग हैं और आप की तरह ही आम आदमी हैं। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के लोगों के घरों में बिजली का बिल जीरो आने लगा है, युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलने लगी हैं, कच्चे कर्मचारियों को पक्का कर रहे हैं। हम सबके साथ मिलकर पंजाब को रंगला पंजाब बनाएंगे। हम सबको मिलकर पंजाब को नशा मुक्त बनाना है। हमारे प्रत्याशी सुशील रिंकू आपका बच्चा है। इनको जालंधर की गली-गली की जानकारी है और आपके मुद्दों की जानकारी है। ये आपके हर मुद्दे सुलझाएंगे।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia